अराजक तत्वों ने बाइक फूंक डाली बाइक
शहर में पुलिस अराजक तत्वों पर अंकुश लगाने में नाकाम साबित हो रही है। आम लोग तो दूर पुलिस शहर के खास लोगों को भी पर्याप्त सुरक्षा नहीं दे पा रही है। खजांची मोहल्ले निवासी और भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी एकता बिष्ट के भाई विनीत बिष्ट की बाइक में मंगलवार को अराजक तत्वों ने आग लगा दी। आग की लपटें उठने पर मोहल्लेवासी जागे और बमुश्किल आग बुझाई।
अन्यथा पास के लकड़ी के मकान में आग लगने से बढ़ा हादसा हो सकता था। विनीत ने थाने में प्राथमिकी दर्ज करा दी है। सुबह एसपी केएस नगन्याल और डीएसपी अव्वल सिंह रावत ने मौका मुआयना कर लोगों से घटना की जानकारी ली।
खजांची मोहल्ला निवासी विनीत बिष्ट ने मोहल्ले की जयराम साह गली में अपनी बाइक (यूके 01ए 5807) खड़ी की थी। रात करीब 11:35 बजे किसी अराजक तत्व ने बाइक में आग लगा दी और फरार हो गया।
बाइक में करीब आठ लीटर पेट्रोल था। बाइक जलने से आग की लपटें उठने लगी। पढ़ाई कर रही मोहल्ले की हाईस्कूल की छात्रा ने बाहर आग की लपटें उठते देखी और परिजनों को बताया। छात्रा के परिजनों का शोर सुनकर अन्य मोहल्ले वाले भी जाग गए और मौके पर पहुंचे।
मोहल्ले में रहने वाले पुलिस विभाग के त्रिलोक सिंह रौतेला और व्यापारी रोहित साह आदि ने पानी डालकर बाइक में लगी आग बुझाई।
अन्यथा आग पास के लकड़ी से बने मकान में लग सकती थी। आग की लपटों से पास के मकान के दरवाजों को भी नुकसान पहुंचा है। रात में ही घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सुबह एसपी केएस नगन्याल, डीएसपी अव्वल सिंह रावत आदि ने घटना स्थल का मौका मुआयना किया। व्यापारियों और लोगों ने अधिकारियों के सम्मुख नाराजगी जताई कि रात में बीट पुलिस गश्त पर नहीं रहती है।
नगर व्यापार मंडल उपाध्यक्ष दीपक वर्मा, भाजपा नेता अजय वर्मा आदि ने शहर में रात्रि में पुलिस गश्त लगाकर अराजक तत्वों पर अंकुश लगाने की मांग की है।