Uttarakhand: अल्मोड़ा में गहराया जल संकट, पेयजल लाइन फटने से कई इलाकों में सूखे नल
अल्मोड़ा नगर के कैंट स्थित कंकरकोठी टैंक को जलापूर्ति करने वाली फटी पेयजल लाइन के मरम्मत कार्य के चलते टैंक से जुड़े कई क्षेत्रों में जलापूर्ति बाधित रही।
विस्तार
अल्मोड़ा नगर के कैंट स्थित कंकरकोठी टैंक को जलापूर्ति करने वाली फटी पेयजल लाइन के मरम्मत कार्य के चलते टैंक से जुड़े कई क्षेत्रों में जलापूर्ति बाधित रही। पानी नहीं आने से 10 हजार से अधिक की आबादी को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
कंकरकोठी टैंक को जलापूर्ति करने वाली पेयजल लाइन बावन सीढ़ी के पास फट गई थी। मंगलवार को फटी पेयजल लाइन का सुधारीकरण किया गया। इस कारण कंकरकोठी जलाशय से लाभान्वित खत्याड़ी, पहल, विवेकानंदपुरी, न्यू इंदिरा काॅलोनी, गरगूंठ, लोअर माल रोड आदि क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति ठप रही। पानी न आने से लोगों को परेशानियों से जूझना पड़ा। कई लोगों का स्टोर किया गया पानी भी खत्म हो गया। इससे उन्हें अधिक दिक्कतें झेलनी पड़ी। इधर नगर के ढूंगाधारा, हीराडुंगरी, चीनाखान आदि इलाकों में पानी का प्रेशर धीमा होने के कारण लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पाया जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
लोग बोले
पानी नहीं आने से काफी दिक्कतें हुईं। जल संस्थान पूरा बिल वसूल करता है लेकिन आए दिन पेयजल किल्लत से जूझना पड़ता है। नियमित जलापूर्ति बहाल की जाए। -मदन मोहन सिंह, लोअर माल रोड
कभी लाइन फट जाती है तो भी पंप ठप होने से पानी वितरण व्यवस्था चरमरा जाती है। इससे उपभोक्ताओं को परेशानी होती है। पानी न आने से काफी दिक्कतें झेलनी पड़ी। -अशोक सिंह, विवेकानंदपुरी वार्ड
कंकरकोठी टैंक को जलापूर्ति करने वाली पेयजल लाइन बावन सीढ़ी के पास फट गई थी। मंगलवार को उसकी मरम्मत की गई। इससे जलापूर्ति बाधित रही। बुधवार से सभी क्षेत्रों में पानी देने का प्रयास रहेगा।
-अंशु बिष्ट, कनिष्ठ अभियंता जल संस्थान अल्मोड़ा
सिमलखेत में पेयजल संकट पर ग्राम प्रधान ने जताया रोष
रामपुर-भनोटिया पेयजल योजना से ग्राम पंचायत सिमलखेत को नियमित पेयजल आपूर्ति नहीं होने पर ग्राम प्रधान आस्था नेगी ने नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि पंचायत के पेयजल टैंक में समय पर पानी नहीं पहुंच रहा है जिससे क्षेत्र के कई तोकों के लोगों को पांच से छह दिन बाद पानी मिल पा रहा है। ग्राम प्रधान ने बताया कि अनियमित जलापूर्ति के कारण ग्रामीणों को पेयजल के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने जल संस्थान से पेयजल आपूर्ति को नियमित करने और सिमलखेत के सभी तोकों तक समय पर पानी उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीणों के साथ आंदोलन करने को बाध्य होंगे।