अल्मोड़ा/रानीखेत/द्वाराहाट। आशाओं और भोजन माताओं ने शुक्रवार को चौघानपाटा स्थित गांधी पार्क में प्रदर्शन किया। उन्होंने सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।
संयुक्त रुप से धरने पर बैठी आशाओं और भोजन माताओं ने कहा कि पिछले माह वह लगातार हड़ताल और आंदोलन पर थी। मुख्यमंत्री आवास में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने आशाओं की मांगों पर आश्वासन दिया। लेकिन अब तक शासनादेश जारी न हुआ। उन्होंने सरकारी कर्मचारी घोषित करने, 21 हजार रुपये वेतनमान देने समेत तमाम मांगें उठाई। वहीं, भोजन माताओं ने भी मांग पूरी न होने पर नाराजगी जताई। वहां पर ममता भट्ट, आनंदी मेहरा, चंपा पांडे, भगवती, पूजा बगड़वाल, शोभा जोशी, नरगिस खान, आशा कनवाल आदि थीं। इधर, उत्तराखंड आशा हेल्थ वर्कर्स यूनियन आह्वान पर आशाओं ने रानीखेत और द्वाराहाट में धरना दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ज्ञापन भेज एक समान वेतन, सुरक्षा उपकरण आदि की मांग उठाई। रानीखेत में उपाध्यक्षा मीना आर्या, कमला जोशी, भावना बिष्ट, जया जोशी, शोभा पंत, कुसुमलता जोशी, प्रेमा सुयाल, लीला बेलवाल आदि थीं। द्वाराहाट में हुए प्रदर्शन में शाखा अध्यक्ष ललिता मठपाल, कोषाध्यक्ष आशा कांडपाल आदि थीं।