प्रशासन ने चिलियानौला पालिका की सफाई की जिम्मेदारी ली
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
घोषित नगर पालिका चिलियानौला क्षेत्र की सफाई का जिम्मा प्रशासन ने उठाया है, नगर पालिका क्षेत्र में व्यवस्था बहाल होने पर प्रशासन नियमित रूप से क्षेत्र में सफाई अभियान चलाएगा। इसकी शुरुआत एसडीएम रजा अब्बास ने की। छावनी परिषद और राजस्व विभाग की टीम ने दो वार्डों में अभियान चलाकर लोगों को सफाई के लिए जागरूक किया। चिलियानौला क्षेत्र में कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था नहीं है। जहां तहां बिखरा कूड़े का साम्राज्य संक्रामक रोगों को दावत दे रहा है। पूर्व में यहां बीडीसी मद से छह बड़े कूड़ेदान स्थापित किए गए, लेकिन निस्तारण के अभाव में कूड़ेदान भरे रहते हैं, रही सही कसर बंदर पूरी कर देते हैं।
कस्बे की नालियां कूड़े से चोक पड़ी रहती हैं। तीव्र दुर्गंध के चलते लोगों का जीना दूभर हो गया है। दो साल पूर्व चिलियानौला को नगरपालिका बना दिया गया, लेकिन अभी पालिका पूरी तरह से अस्तित्व में नहीं आई है। इसके लिए प्रशासन स्तर पर प्रयास निरंतर जारी हैं। कार्यालय का चयन कर लिया गया है। सात वार्ड बना दिए गए हैं। सफाई व्यवस्था का जिम्मा फिलहाल प्रशासन ने अपने हाथों में ले लिया है। सुबह एसडीएम रजा अब्बास के नेतृत्व में तहसीलदार नितेश डांगर और अन्य राजस्व कर्मियों ने चिलियानौला मुख्य बाजार तथा जालली-मासी मुख्य मोटर मार्ग सहित दो वार्डों में सफाई अभियान चलाया।
इस दौरान एसडीएम ने स्थानीय नागरिकों को कूड़े के दुष्परिणाम बताए। कहा कि लोगों को कूड़ा इधर, उधर नहीं बिखेरना चाहिए। जब तक पालिका में कर्मचारियों की व्यवस्था नहीं होती तब तक सफाई का जिम्मा प्रशासन के ऊपर रहेगा। एसडीएम ने बताया कि तीन दिन बाद अन्य वार्डों में अभियान चलेगा। इस दौरान वहां छावनी परिषद के कर्मचारी भी मौजूद थे।