अल्मोड़ा। कुमाऊं मंडल के अपर शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) रघुनाथ लाल आर्य ने शुक्रवार को मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय सभागार में शिक्षा विभाग के अधिकारियों और प्रधानाचार्यों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा जिले में भी 22 अटल उत्कृष्ट स्कूल चयनित किए गए हैं। इन स्कूलों में नए शिक्षा सत्र से सीबीएसई के अंतर्गत अंग्रेजी माध्यम से कक्षाएं प्रारंभ की जाएंगी।
उन्होंने प्रधानाचार्यों को सीबीएसई की वेबसाइट पर अटल उत्कृष्ट स्कूलों का तत्काल पंजीकरण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह सरकार
की महत्वाकांक्षी योजना है। इन स्कूलों के संचालन के लिए जिले में एक प्रकोेष्ठ भी गठित होगा। जो अटल उत्कृष्ट स्कूलों के प्रधानाचार्यों की समस्याओं का निदान भी करेगा। बैठक में मुख्य शिक्षा अधिकारी एचबी चंद, डीईओ (बेसिक) हरीश रौतेला, बीईओ पीएस जंगपांगी, डीएल आर्या, सुरेश आर्या, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी जगमोहन रौतेला, पुष्कर भैसोड़ा, कमल फुलारा, राम सिंह गैड़ा, बलवीर भाकुनी आदि थे। संचालन धीरेंद्र पाठक ने किया। बैठक के बाद अपर शिक्षा निदेशक ने जीआईसी लोधिया और अल्मोड़ा इंटर कॉलेज का औचक निरीक्षण भी किया। उन्होंने कहा कि जिन स्कूलों में मानक से अधिक शिक्षक और असंगत शिक्षक कार्यरत हैं उनका ब्योरा दिया जाए।