UPPSC : पीसीएस मेंस-2022 के लिए आवेदन शुरू, 25 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने पीसीएस के 384 पदों पर भर्ती के लिए प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम 27 जुलाई को जारी किया था, जिसमें 5964 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किया गया था।
विस्तार
सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (पीसीएस)-2022 की मुख्य परीक्षा के लिए बृहस्पतिवार से ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई। ऑनलाइन आवेदन भरने की अंतिम तिथि 25 अगस्त और आवेदन की हार्ड कॉपी जमा करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त निर्धारित की गई है।
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने पीसीएस के 384 पदों पर भर्ती के लिए प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम 27 जुलाई को जारी किया था, जिसमें 5964 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किया गया था। पीसीएस के जिन पदों पर भर्ती होनी है, उनमें प्रमुख रूप से एसडीएम के 39, डिप्टी एसपी के 93, बीडीओ 36, नायब तहसीलदार 34 और बीएसए के 13 पद शामिल हैं।
प्रारंभिक परीक्षा में सफल घोषित किए गए अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन में एक वैकल्पिक विषय के साथ परीक्षा केंद्र के रूप में प्रयागराज, लखनऊ एवं गाजियाबाद में से किसी एक जिले का चयन करना है। परीक्षा केंद्र और वैकल्पिक विषय में कोई परिवर्तन अनुमन्य नहीं है। इसके अलावा यदि ऑनलाइन आवेदन में कोई त्रुटि प्रकाश में आती है तो एक बार संशोधन का मौका मिलेगा। आवेदन पत्र 25 अगस्त तक भरना होगा।
ऑनलाइन आवेदन पत्र को मुद्रित कर सभी आवश्यक संलग्नकों (प्रत्येक वर्ष की अंक तालिका, उपाधियां और अन्य सभी दावों से संबंधित प्रमाणपत्रों की स्वप्रमाणित प्रतियां) सहित एक लिफाफे में भरकर उस पर मुद्रित पता पर्ची चस्पा कर 31 अगस्त को शाम पांच बजे तक या उससे पूर्व पंजीकृत डाक के माध्यम से या व्यक्तिगत रूप से प्रयागराज स्थित आयोग कार्यालय के गेट नंबर-तीन पर स्थित डाक अनुभाग के काउंटर पर जमा करना होगा।