काम की बात: व्हाट्सएप पर आए फर्जी मैसेज को ऐसे पहचानें, ये हैं 10 तरीके

व्हाट्सएप आज दुनिया का सबसे बड़ा इंस्टैंट मैसेजिंग प्लेटफॉर्म है। केवल भारत में ही इसके करीब 55 करोड़ यूजर्स हैं। व्हाट्सएप पर हम और आप हर रोज, घर घंटे तमाम तरह के मैसेज और जानकारियों को शेयर करते हैं। कई बार हम अनजानें में फर्जी खबरें और अफवाह फैलाने वाले मैसेज को भी शेयर कर देते हैं। सोशल मीडिया पर दिनभर तमाम तरह की खबरें शेयर होती हैं और कई दावे किए जाते हैं जिनमें अधिकतर फर्जी होते हैं। कोरोना काल में इसमें काफी इजाफा हुआ है। हर कोई कोरोना का जानकार हो गया है और कही से भी आए मैसेज को बिना सोचे-समझे और देखे फॉरवर्ड कर रहा है, हालांकि आप थोड़ी समझदारी से व्हाट्सएप पर आए किसी भी मैसेज, किसी दावे या किसी खबर की जांच कर सकते हैं कि वह फर्जी है या सही। आइए आपको व्हाट्सएप के फर्जी मैसेज को चेक करने के 10 तरीके बताते हैं।

फॉरवर्ड मैसेज को पहचानें
व्हाट्सएप ने 2018 में ही फॉरवर्ड मैसेज का फीचर जारी किया है जिससे आप पता लगा सकते हैं कि वह मैसेज फॉरवर्ड किया हुआ है या किसी ने सीधे तौर पर आपको भेजा है। जब भी आपको फॉरवर्ड मैसेज प्राप्त होता है तो आप उसके तथ्यों की जांच करें। उस मैसेज या दावे को गूगल पर सर्च करके किसी भरोसेमंद सोर्स से उसकी जांच करें या फिर PIB के फैक्ट चेक के ट्विटर हैंडल पर भी एक बार चेक करें। फॉरवर्ड किए गए मैसेज को किसी को फॉरवर्ड करने से बचें।

मैसेज पर सवाल उठाएं
अगर आपको व्हाट्सएप पर ऐसा कोई मैसेज प्राप्त होता है जिससे आपको गुस्सा आता है या डर लगता है उस मैसेज के बारे में पड़ताल कीजिए और पता लगाइए कि कहीं वह मैसेज आपकी भावनाओं को भड़काने के उद्देश्य से तो नहीं भेजा गया है। मैसेज पर यकीन होने के बाद ही उसे आगे किसी को भेजें नहीं तो तुरंत डिलीट कर दें। यदि कोई सेहत संबंधी मैसेज भेजता है तो उससे पूछिए कि इस जानकारी या दावे का स्रोत क्या है?