चीन का बहिष्कार बेअसर, भारत में 76% मोबाइल बाजार पर चीनी कंपनियों का कब्जा
शाओमी ने तिमाही में बेचे 1.3 करोड़ फोन
छह दिन की सेल में पोको के 10 लाख फोन बिके

विस्तार
कुछ दिन पहले तक भारत में चीन समेत चाइनीज कंपनियों के प्रोडक्ट के भी बहिष्कार की बात हो रही थी। कई लोगों ने सीमा विवाद के बाद चाइनीज कंपनियों के टीवी को तोड़कर विरोध दर्ज किया है, लेकिन तीसरी तिमाही के आंकड़े बता रहे हैं कि भारत में चीन का बहिष्कार पूरी तरह से बेअसर रहा है। मार्केट रिसर्च फर्म Canalys की रिपोर्ट के मुताबिक कोरोना और बहिष्कार के बावजूद स्मार्टफोन की बिक्री पिछले साल के मुकाबले इस साल आठ फीसदी ज्यादा रही है। सितंबर 2020 में खत्म हुई तिमाही तक करीब पांच करोड़ स्मार्टफोन की बिक्री हुई है। साथ ही यह अपने आप में एक रिकॉर्ड है, क्योंकि इससे पहले किसी भी तिमाही में इतने फोन की बिक्री नहीं हुई थी।
Xiaomi नंबर-1
रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय बाजार में शाओमी का दबदबा कायम है और इस तिमाही में 1.3 करोड़ फोन की बिक्री के साथ शाओमी बाजार हिस्सेदारी में पहले नंबर पर है। वहीं शाओमी के फोन की बिक्री में साल-दर-साल 9 फीसदी की वृद्धि हो रही है। वहीं सैमसंग 1.2 करोड़ फोन की बिक्री के साथ दूसरे नंबर और 88 लाख मोबाइल के साथ वीवो तीसरे नंबर पर काबिज है, हालांकि BBK इलेक्ट्रॉनिक की बाजार में हिस्सेदारी 19 फीसदी तक है। बता दें कि बीबीके इलेक्ट्रॉनिक के तहत ही Oppo, Vivo, OnePlus, Realme और iQOO के स्मार्टफोन बनते और बेचे जाते हैं। भारत में बिकने वाले 76 फीसदी स्मार्टफोन शाओमी और BBK इलेक्ट्रॉनिक के होते हैं। शाओमी ने अपनी दिवाली सेल में 50 लाख फोन बेचे हैं।
POCO ने छह दिन में बेचे 10 लाख स्मार्टफोन
POCO इंडिया ने फ्लिपकार्ट बिग बिलियन डेज सेल में 10 लाख फोन बेचे हैं। बता दें कि फ्लिपकार्ट की इस सेल में पोको के कई स्मार्टफोन पर छूट मिल रही थी। इस सेल में POCO C3, POCO M2, POCO M2 Pro, POCO X2 और POCO X3 जैसे स्मार्टफोन 500 रुपये से लेकर 1,000 रुपये तक की फ्लैट छूट के साथ और एसबीआई कार्ड के साथ 10 फीसदी कैशबैक के साथ बेचे गए।
Vivo ने तोड़ा रिकॉर्ड
इसी फेस्टिव सेल के बीच वीवो के नए स्मार्टफोन Vivo V20 ने बुकिंग का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। वीवो के मुताबिक V20 के लांच के सिर्फ छह दिनों में यानी 18 अक्टूबर, 2020 तक इस स्मार्टफोन के लिए कंपनी को 1,00,000 से अधिक प्री-बुकिंग प्राप्त हो चुकी है। बता दें कि V20 को भारत का सबसे पतला स्मार्टफोन भी कहा जा रहा है। V20 भारत में लॉन्च होने वाला पहला ऐसा फोन है जिसमें 44 मेगापिक्सल का सेल्फी कैमरा दिया गया है। वीवो V20 स्मार्टफोन की बिक्री 20 अक्टूबर, 2020 से वीवो इंडिया ई-स्टोर, और फ्लिपकार्ट के साथ रिटेल स्टोर से हो रही है। Vivo V20 के 8 जीबी रैम और 128 जीबी स्टोरेज वेरियंट की कीमत 24,990 रुपये और 8 जीबी रैम के साथ 256 जीबी स्टोरेज वेरियंट की कीमत 27,990 रुपये है।
सैमसंग बना पसंदीदा ब्रांड
भारत-चीन सीमा विवाद का सबसे बड़ा फायदा सैमसंग को हुआ है। सीमा विवाद के बाद देश में चाइनीज कंपनियों का जोर-शोर से विरोध होने लगा। CMR की रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि इस सीमा विवाद का सैमसंग को बड़ा फायदा हुआ है। सैमसंग भारतीय बाजार में पसंदीदा मोबाइल ब्रांड बन गया है। सर्वे में शामिल 93 फीसदी लोगों ने सैमसंग को, 90 फीसदी लोगों ने ओप्पो को, 86 फीसदी ने वीवो को और 83 फीसदी लोगों ने लावा को पसंद किया है यानी ये चारों ब्रांड सबसे भरोसेमंद हैं।
अमित शर्मा, विश्लेषक -इंडस्ट्री इंटेलिजेंस ग्रुप, सीएमआर के मुताबिक, '2020 की दूसरी तिमाही में भारतीय मोबाइल बाजार में चाइनीज कंपनियों की हिस्सेदारी 73 फीसदी तक कम हुई है। इसका मुख्य कारण सप्लाई में कमी और चीन विरोधी माहौल रहा है। प्रत्येक चार में से एक रिटेलर को चीन विरोधी अभियान का सामना करना पड़ा है। वहीं प्रत्येक पांच में से एक रिटेलर को ग्राहकों को चाइनीज फोन खरीदने के लिए समझाना पड़ा है।