Telefunken के स्मार्ट टीवी की बिक्री अमेजन से शुरू, ग्रीन और ऑरेंज जोन में होगी डिलीवरी

जर्मन कंज्यूमर ड्यूरेबल्स ब्रांड टेलीफंकन (वीडियोटेक्स ग्रुप के ब्राण्ड लाइसेंसी पार्टनर) ने ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म अमेजन पर अपने स्मार्ट टीवी की बिक्री शुरू कर दी है, जिसकी डिलीवरी फिलहाल ग्नीन और ऑरेंज जोन में ही हो रही है। बता दें कि यह ब्राण्ड एचडी नॉन-स्मार्ट, एचडी स्मार्ट, फुल एचडी स्मार्ट और 4के स्मार्ट टीवीज की बिक्री करता है।
कंपनी का दावा है कि डिलीवरी और इंस्टालेशन, दोनों के दौरान साफ-सफाई और सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पूरा पालन करेगी। कंपनी अपने स्मार्ट और नॉन-स्मार्ट टीवी, दोनों ही 32 इंच से लेकर 65 इंच के टीवी पर नो कॉस्ट ईएमआई ऑप्शन भी मिल रहा है।
बिक्री और डिलीवरी शुरू करने को लेकर वीडियोटेक्स ग्रुप के निदेशक अर्जुन बजाज ने कहा, 'यह कदम निश्चित तौर पर कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र की कई कंपनियों के लिये एक बड़ी राहत है। ऑफलाइन बिजनेस की रिकवरी में कुछ समय लगेगा, तब तक ग्रीन और ऑरेंज जोन में ऑनलाइन कामकाज से उद्योग को कुछ शहरों में परिचालन शुरू करने में मदद मिल सकती है। हम उत्पादों की डिलीवरी और इंस्टालेशन करते समय अनिवार्य नियमों, सोशल डिस्टेंसिंग, और पूरी साफ-सफाई का पालन करेंगे।'
उन्होंने आगे कहा कि अभी ऑरेंज और ग्रीन जोन की टीवी बाजार में केवल 20 प्रतिशत हिस्सेदारी है, जबकि बड़े बाजार रेड जोन में मौजूद हैं। इसे देखते हुए, इंडस्ट्री में अचानक कोई बढ़ोतरी नहीं होगी।
बता दें कि इससे पहले कंपनी ने कहा था कि वह ग्राहकों को मोबाइल एप के जरिए 24 घंटे सेवाएं कस्टमर केयर सुविधा दे रही है। इसके अलावा कस्टमर सर्विस के लिए जल्द ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस चैट बॉट का भी इस्तेमाल होगा।
कंपनी का दावा है कि फोन और चैटिंग के जरिए वह करीब 60 फीसदी समस्याएं दूर कर सकती है जिनमें सॉफ्टवेयर से लेकर टेक्निकल सपोर्ट तक शामिल हैं। कंपनी ने वीडियोज और पीपीटी की एक डिपॉजिटरी भी बनाई है, जो डीआईवाय फॉर्मेट में भी ग्राहकों की कुछ समस्याओं का समाधान करने में मदद करती है।