IRCTC Ticket Booking: टिकट की बुकिंग शुरू लेकिन हो रही परेशानी, पढ़िए कब क्या हुआ

लॉकडाउन के बीच सरकार ने यात्री ट्रेनों को चलाने का फैसला किया था और कहा था कि 11 मई 2020 को शाम चार बजे इंडियन रेलवे केटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (आईआरसीटीसी) की वेबसाइट और रेल कनेक्ट एप से टिकटों की बुकिंग होगी, लेकिन तय वक्त पर टिकटों की बुकिंग शुरू नहीं हो पाई। इसके बाद रेलवे की तरफ से कहा गया कि सिस्टम में 12 मई से चलने वाली ट्रेनों की जानकारी अपलोड नहीं हुई थी, इसलिए अब शाम छह बजे से बुकिंग की जाएगी।
इसके बाद IRCTC की वेबसाइट और रेल कनेक्ट एप पर लोगों को छह बजे से बुकिंग का नोटिफिकेशन मिलने लगा। छह बजे बुकिंग शुरू तो हुई लेकिन कई लोगों को तब भी एरर मिल रहा था।आईआरसीटीसी की वेबसाइट और एप पर लॉगिन करने पर मैसेज मिल रहा है कि कोरोना के कारण अगले आदेश तक बुकिंग बंद है।
इसके बाद रेलवे की तरफ से एक बयान आया कि महज 10 मिनट के अंदर हावड़ा जाने वाली ट्रेन के सभी टिकट बुक हो गए, हालांकि अभी भी कई लोग वेबसाइट के क्रैश होने की शिकायत कर रहे हैं। रेलवे ने सभी रूट में चलने वाली ट्रेनों का टाइम टेबल भी जारी किया है।
बता दें कि इस बुकिंग के बाद 12 मई से 15 ट्रेनों चलेंगी जो नई दिल्ली से डिब्रूगढ़, अगरतला, हावड़ा, पटना, बिलासपुर, रांची, भुवनेश्वर, सिकंदराबाद, बंगलूरू, चेन्नई, तिरुवनंतपुरम, मडगांव, मुंबई सेंट्रल, अहमदाबाद और जम्मू तवी तक जाएंगी। वापसी के लिए भी टिकटों की बुकिंग हो रही है और इसके अलावा आप अगले सात दिनों तक का टिकट अभी बुक कर सकते हैं।