दिल्ली में चल रहे मोबाइल नेटवर्क बूस्टर का भंडाफोड़, दूरसंचार विभाग ने 16 जगहों पर मारे छापे

आप में से कई लोग होंगे जो अपने घरों और ऑफिस में बेहतर नेटवर्क के लिए नेटवर्क बूस्टर डिवाइस का इस्तेमाल कर रहे होंगे, लेकिन यदि आप ऐसा करते हैं तो आपको बता दें कि यह गैर-कानूनी है और इसके लिए आपके खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। देश की राजधानी नई दिल्ली में वायरलेस मॉनिटरिंग ऑर्गेनाइजेशन, दूरसंचार विभाग (डीओटी) की टीमों ने मोबाइल ऑपरेटर्स के सहयोग से दिल्ली में 16 जगहों पर छापे मारे, ताकि लोगों द्वारा लगाए गए गैरकानूनी मोबाइल सिग्नल रिपीटर्स के खिलाफ कदम उठाए जा सके।
नोएडा गुरुग्राम में भी हुई छापेमारी
दिल्ली के लक्ष्मी नगर, पहाड़गंज, ग्रेटर कैलाश, इंद्रपुरी, आदर्श नगर, मॉडल टाउन, पटेल नगर, साउथ एक्सटेंशन, चांदनी चैक, रोहिणी, संत नगर, लाजपत नगर, रजौरी गार्डेन, सिविल लाइन्स, अशोक विहार, राजेंद्र नगर के आवासीय और वाणिज्यिक दोनों ही प्रतिष्ठानों में छापा पड़ा। करोलबाग में भी छापे मारे गए, जहां इस तरह के गैरकानूनी उपकरण बेचे जा रहे हैं। इस अभियान में 32 गैरकानूनी रिपीटर्स हटाए गए और 46 चिन्हित रिपीटर्स को तत्काल हटाने के लिए नोटिस दिए गए। कई परिसरों के मालिकों पर भारी जुर्माना लगाया जा सकता है।
आम लोगों को नहीं मिल रहा था सिग्नल
ये गैरकानूनी मोबाइल सिग्नल रिपीटर्स एक बड़ी समस्या हो गई है और ग्राहकों द्वारा कॉल ड्रॉप्स एवं कम डेटा स्पीड जैसी नेटवर्क समस्याओं का सामना करने वाले ग्राहकों के लिए यह एक सबसे बड़ा कारण है। ये गैरकानूनी रिपीटर्स मोबाइल सिग्नल्स को बूस्ट करने के लिए लोगों/संस्थाओं द्वारा घरों/कार्यालयों/पीजी/गेस्ट हाउस में लगाए गए हैं। ये गैरकानूनी उपकरण मोबाइल नेटवर्क में दखल करते हैं, सिग्नल की गुणवत्ता को प्रभावित करते हैं और पूरे क्षेत्र में नेटवर्क का खराब अनुभव प्रदान करते हैं।
स्पेक्ट्रम खरीदने में रिकॉर्ड निवेश करने वाले और नेटवर्क उपकरण रोल आउट करने वाले मोबाइल ऑपरेटर्स को इस चुनौती का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने इन इंस्टॉलशंस पर कार्यवाही करने एवं इनके खिलाफ कठोर कदम उठाने के लिए प्राधिकारियों से आग्रह किया है। दूरसंचार विभाग ने इस गैरकानूनी उपकरण के विक्रेताओं पर भारी जुर्माना लगाने का भी निर्णय लिया है। हाल ही में, सीओएआई के अनुरोध पर, कई ई-कॉमर्स कंपनियों ने अपने प्लेटफॉर्म्स पर इस तरह के गैरकानूनी नेटवर्क बूस्टर्स की बिक्री बंद कर दी है।