साइबर सुरक्षा और साइबर क्राइम को लेकर सरकार चिंतित, गूगल-एपल जैसे ग्लोबल टेक दिग्गजों के साथ बुलाई बैठक
संसदीय स्थायी समिति फ्लिपकार्ट, गूगल और एपल जैसे टेक दिग्गजों के साथ "साइबर सुरक्षा और साइबर/व्हाइट कॉलर क्राइम की बढ़ती घटनाएं" के मुद्दे पर चर्चा करेगी।

विस्तार
साइबर सुरक्षा और साइबर क्राइम के बढ़ते मामलों को लेकर सरकार अब एक्शन में नजर आ रही है। संसदीय स्थायी समिति ने साइबर सुरक्षा और साइबर क्राइम के मुद्दों पर चर्चा करने के लिए पंजाब नेशनल बैंक जैसे कई बैंकों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ गूगल, एपल और पेटीएम सहित वैश्विक और राष्ट्रीय टेक्नोलॉजी दिग्गजों को बुलाया है।
4 जुलाई को होगी बैठक
भाजपा के जयंत सिन्हा की अध्यक्षता वाली समिति ने साइबर सुरक्षा पर मौखिक साक्ष्य लेने के लिए पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी), बैंक ऑफ इंडिया, यस बैंक और इंडियन कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पांस टीम (सीईआरटी-इन) के प्रतिनिधियों को 4 जुलाई को बुलाया है। समिति इन बैंकों के प्रतिनिधियों के साथ "साइबर सुरक्षा और साइबर/व्हाइट कॉलर क्राइम की बढ़ती घटनाएं" के मुद्दे पर चर्चा करेगी। 4 जुलाई को ही समिति ने इसी मुद्दे पर चर्चा के लिए वन97 कम्युनिकेशंस (पेटीएम), फ्लिपकार्ट, गूगल और एपल जैसे टेक दिग्गजों को बुलाया है।
लगातार बढ़ रहे साइबर अपराध के मामले
देश में साइबर अपराध और साइबर सुरक्षा एक बड़ा मामला बन गया है। रोज नए-नए और बड़े साइबर स्कैम के मामले सामने आ रहे हैं। साइबर अपराध एक बढ़ता खतरा बन गया है क्योंकि समझदार ऑनलाइन ऑपरेटर लोगों से उनके पैसे ठगने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपना रहे हैं। इस महीने की शुरुआत में हुई पैनल की बैठक में भी साइबर सुरक्षा और साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं का मुद्दा विचार-विमर्श के केंद्र में था। इंडस्ट्री के एक्सपर्ट से धोखाधड़ी वाले लोन एप्लिकेशन सहित गैरकानूनी गतिविधियों के विभिन्न पहलुओं के बारे में सांसदों द्वारा पूछताछ की गई थी।
इस बैठक में धोखाधड़ी वाले लोन देने वाले एप्स के मुद्दे पर भी चर्चा की गई थी, जो लोगों को ठगने या अत्यधिक ब्याज दरों का भुगतान करने के लिए मजबूर करने की बढ़ती शिकायतों के साथ सुर्खियों में हैं। पिछली बैठक में प्रतिनिधित्व करने वाली कंपनियों में चेज इंडिया, रेजरपे, फोनपे, सीआरईडी और क्यूएनयू लैब्स के साथ-साथ भारत में टेक्नोलॉजी इंडस्ट्री के प्रमुख व्यापार निकाय और चैंबर ऑफ कॉमर्स नैसकॉम शामिल थे।
- सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और यूट्यूबर पर शिकंजा कसने की तैयारी में सरकार, शुरू हुई जांच
- सैमसंग ने भारत में लॉन्च किया बड़ी स्क्रीन वाला गेमिंग मॉनिटर, OLED डिस्प्ले के साथ मिलेंगे कई दमदार फीचर्स
- Candy Crush के दीवाने सिर्फ धोनी ही नहीं, इस बड़ी कंपनी के CEO भी खेलते हैं यह गेम
- 20 हजार की कीमत में सबसे दमदार फोन, मिलेगा 108MP कैमरा