ChatGPT: एआई टूल से ना पूछें बीमारी का इलाज, आफत में पड़ सकती है जान, एक्सपर्ट ने चेताया
लोग अपनी बीमारी ChatGPT से बता रहे हैं और फिर उसके द्वारा सुझाए गए सुझाव के आधार पर दवाई ले रहे हैं, लेकिन यह आपकी सेहत के लिए बहुत ही खतरनाक हो सकता है। इसे लेकर कुछ एक्सपर्ट ने लोगों को आगाह किया है।

विस्तार
ChatGPT जैसे एआई टूल का इस्तेमाल बड़े स्तर पर हो रहा है। कोई नोट्स बनाने के लिए कर रहा है तो कोई डाइट प्लान बना रहा है। ChatGPT का सबसे ज्यादा इस्तेमाल कस्टमर सपोर्ट में हो रहा है, लेकिन कुछ लोग इतने होशियार हैं कि अपनी बीमारियों के लिए भी ChatGPT से ही राय ले रहे हैं। लोग अपनी बीमारी ChatGPT से बता रहे हैं और फिर उसके द्वारा सुझाए गए सुझाव के आधार पर दवाई ले रहे हैं, लेकिन यह आपकी सेहत के लिए बहुत ही खतरनाक हो सकता है। इसे लेकर कुछ एक्सपर्ट ने लोगों को आगाह किया है।
कुछ दिन पहले लॉन्ग आइलैंड यूनिवर्सिटी में फार्मासिस्टों द्वारा किए गए एक हालिया अध्ययन से के बाद दवा से संबंधित सवालों के जवाबों के लिए चैटजीपीटी इस्तेमाल जांच के घेरे में आया है। फार्मासिस्टों के एक अध्ययन में पाया गया कि चैटबॉट, चैटजीपीटी, दवा से संबंधित लगभग तीन-चौथाई प्रश्नों के गलत या अधूरे उत्तर देता है।
टेस्ट के दौरान ChatGPT से सेहत को लेकर 39 सवाल पूछे गए जिनमें से केवल 10 सवालों के जवाब ही संतोषजनक थे। शेष 29 दवा-संबंधी जवाबों को गलत और अधूरा माना गया। अध्ययन के बाद कहा गया कि चैटजीपीटी का फ्री वर्जन और भी खतरनाक है, क्योंकि इसके पास सितंबर 2021 तक की ही जानकारी उपलब्ध है।