फ्लाइट में इंटरनेट के इस्तेमाल के लिए करना पड़ेगा लंबा इंतजार, अगले हफ्ते होगा फैसला

फ्लाइट में डाटा व वॉइस कनेक्टिविटी को चालू करने के ढांचे व दिशानिर्देशों को जारी करने के लिए दूरसंचार विभाग व विमानन विभाग के अधिकारी अगले सप्ताह बैठक करेंगे। यह जानकारी बृहस्पतिवार को दूरसंचार विभाग (डीओटी) के एक अधिकारी ने साझा की। दूरसंचार विभाग की योजना निर्माण की सर्वोच्च निकाय ने बीती 1 मई को इन फ्लाइट कन्नेक्टिविटी सेवा के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी थी।
यह सेवा कई विकसित बाजारों में पहले से ही मौजूद है। यह फैसला भारतीय हवाई उड़ानों के बीच यात्रियों को हवाई जहाज में इंटरनेट व वॉयस काल की सेवा का लुत्फ उठाने के मार्ग खोल देगा। टेलीकॉम सेक्रेटरी अरुणा सुंदरराजन ने प्रेस को बताया कि हम इस मुद्दे पर आने वाले सोमवार (14 मई) या मंगलवार (15 मई) को विमानन मंत्रालय के साथ बैठक करने की योजना बना रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि टेलीकॉम ऑपरेटर्स आगामी बैठक का हिस्सा हो भी सकते हैं और नहीं भी। इससे पहले सुंदरराजन ने आशा व्यक्त की थी कि एक बार विशिष्ट लाइसेंस व बैक एंड समझौता होने के बाद यह सेवा तीन से चार महीने के भीतर शुरू हो सकती है। एयर इंडिया व विस्तारा समेत देश की प्रमुख एयर लाइन्स ने सरकार के इस फैसले का स्वागत किया है, तो वहीं विमानन मंत्री सुरेश प्रभु ने भी सेवा जल्द से जल्द शुरू करने का आश्वासन दिया है।