इन स्मार्टफोन्स में भी मिलेगा गूगल असिस्टेंट, PA की तरह करेगा काम

तमाम अटकलों के बाद आखिरकार गूगल ने ऐलान कर ही दिया कि गूगल असिस्टेंट जल्द ही एंड्रॉयड 6.0 मार्शमैलो और इससे ऊपर के एंड्रॉयड वर्जन के लिए उपलब्ध होगा। गूगल असिस्टेंट एक कृत्रिम मानव की तरह काम करता है।
पहले यह गूगल के मैसेजिंग ऐप Allo और गूगल पिक्सल स्मार्टफोन में था, लेकिन हाल के दिनों में इस टूल को कई कंपनियों ने अपना लिया है। पिक्सल के अलावा गूगल असिस्टेंट नोकिया, एलजी जी6 और मोटोरोला के अपकमिंग स्मार्टफोन में आने वाला है।
कंपनी के बयान के मुताबिक इसी सप्ताह से एंड्रॉयड 6.0 मार्शमैलो और इससे ऊपर के एंड्रॉयड वर्जन में गूगल असिस्टेंट का अपडेट मिलना शुरू हो जाएगा। नूगट और मार्शमैलो पर चलने वाले स्मार्टफोन के प्ले-स्टोर पर गूगल असिस्टेंट खुद-ब-खुद मिलने लगा है।
मार्शमैलो और नूगट पर गूगल असिस्टेंट गूगल सर्च की जगह ले लेगा। साथ ही अपडेट के बाद होम बटन लंबे समय तक दबाए रखने से या Ok Google वॉयस कमांड देने पर गूगल असिस्टेंट को शुरू किया जा सकेगा।