BSNL का ग्राहकों को बड़ा तोहफा, कैशबैक के साथ एक साल के लिए अमेजन प्राइम मेंबरशिप

भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) ने अपने ग्राहकों को बड़ा तोहफा देते हुए अमेजन प्राइम मेंबरशिप देने की घोषणा की है। BSNL के ब्रॉडबैंड यूजर्स को सिर्फ 399 रुपये में अमेजन प्राइम मेंबरशिप मिलेगी। BSNL का यह ऑफर कंपनी के मौजूदा और नए दोनों प्रकार के ग्राहकों के लिए है। आइए जानते हैं, इसके बारे में...
किन प्लान के साथ मिलेगी अमेजन प्राइम की फ्री मेंबरशिप

सबसे पहले आपको बता दें कि बीएसएनएल यह ऑफर अपने ब्रॉडबैंड यूजर्स को दे रही है। ऐसे में कंपनी के सभी ब्रॉडबैंड यूजर्स को यह सुविधा मिलेगी, क्योंकि बीएसएनएल के ब्रॉडबैंड प्लान की शुरुआती कीमत 399 रुपये है। अमेजन प्राइम मेंबरशिप के तहत बीएसएनएल के ब्रॉडबैंड यूजर्स अमेजन प्राइम वीडियो देख सकेंगे जिनमें टीवी शो से लेकर, हॉलीवुड, बॉलीवुड और भारतीय क्षेत्रीय फिल्में, प्राइम ओरिजिनल जैसे कंटेंट शामिल हैं।
ब्रॉडबैंड प्लान पर कैशबैक

अपने ग्राहकों को अमेजन प्राइम की मेंबरशिप देने के साथ ही BSNL 499 रुपये तक के ब्रॉडबैंड प्लान पर 15 फीसदी का कैशबैक, 499 रुपये और 900 रुपये के बीच तक के प्लान पर 20 फीसदी कैशबैक, और 999 रुपये या इससे अधिक के ब्रॉडबैंड प्लान पर 25 फीसदी कैशबैक दे रहा है।