एआई समिट में बिल गेट्स का भाषण रद्द: अब अंकुर वोरा करेंगे संबोधित, गेट्स फाउंडेशन ने दी जानकारी
AI Impact Summit Bill Gates:
एआई समिट से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। बिल गेट्स अब इस कार्यक्रम में कीनोट भाषण नहीं देंगे। गेट्स फाउंडेशन ने स्पष्ट किया है कि समिट की प्राथमिकताओं पर ध्यान बनाए रखने के लिए यह फैसला लिया गया है। उनकी जगह अंकुर वोरा संबोधित करेंगे।

विस्तार
एआई समिट में बिल गेट्स के शामिल होने को लेकर अहम जानकारी सामने आई है। गेट्स फाउंडेशन ने बताया है कि बिल गेट्स अब इस कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे। यह जानकारी गेट्स फाउंडेशन की भारत इकाई की ओर से साझा की गई। बयान में कहा गया कि सावधानीपूर्वक विचार के बाद यह निर्णय लिया गया है, ताकि समिट की मुख्य प्राथमिकताओं पर पूरा ध्यान केंद्रित रखा जा सके।
गेट्स की जगह अंकुर वोरा करेंगे संबोधन
हालांकि, गेट्स फाउंडेशन की भागीदारी कार्यक्रम में जारी रहेगी। फाउंडेशन की ओर से अफ्रीका और भारत कार्यालयों के अध्यक्ष अंकुर वोरा आज बाद में समिट को संबोधित करेंगे। फाउंडेशन ने यह भी स्पष्ट किया कि यह बदलाव कार्यक्रम की दिशा और प्राथमिक एजेंडा को ध्यान में रखते हुए किया गया है।
एआई समिट में वैश्विक स्तर पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े मुद्दों, नवाचार और साझेदारियों पर चर्चा हो रही है। ऐसे में बिल गेट्स की अनुपस्थिति को लेकर पहले अटकलें लगाई जा रही थीं, लेकिन फाउंडेशन के आधिकारिक बयान के बाद स्थिति स्पष्ट हो गई है। अब सभी की नजरें इस बात पर होंगी कि अंकुर वोरा अपने संबोधन में AI और वैश्विक विकास से जुड़े किन मुद्दों को प्रमुखता देते हैं।
गेट्स के शामिल होने को लेकर था संशय
16 फरवरी से शुरू हुए AI इम्पैक्ट समिट में माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स की भागीदारी को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई थी। समिट की आधिकारिक वेबसाइट पर गेट्स का नाम प्रमुख वक्ताओं की सूची में शामिल था। लेकिन मंगलवार सुबह अचानक उनका नाम लिस्ट से हटा दिया गया, जिसके बाद अटकलें लगाई जा रहीं थी कि गेट्स समिट में शामिल नहीं होंगे।
विवादों के बीच गेट्स फाउंडेशन ने मंगलवार को एक एक्स पोस्ट के जरिए बिल गेट्स के आने की पुष्टि की थी। इसमें कहा गया था कि वे समिट में शामिल होंगे और निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अपना मुख्य भाषण भी देंगे। फाउंडेशन ने कहा कि उनकी भागीदारी में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
बिल गेट्स तय शेड्यूल के मुताबिक 19 फरवरी को अपना मुख्य भाषण देने वाले थे। शेड्यूल के अनुसार, उन्हें 19 फरवरी को सुबह 11:50 बजे 12 मिनट का समय आवंटित किया गया था।
बिल गेट्स पर अश्विनी वैष्णव का बयान
समिट का नेतृत्व कर रहे केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव से जब प्रेस कॉन्फ्रेंस में बिल गेट्स के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने सीधा जवाब देने के बजाय इसे 'व्यक्तिगत पसंद' बताया। उन्होंने कहा, "मैं यह भूल गया हूं कि कौन आ रहा है और कौन नहीं। यह लोगों की निजी पसंद है और मुझे इस पर टिप्पणी करने की जरूरत नहीं है।"
चर्चा है कि बिल गेट्स का नाम जेफ्री एपस्टीन से जुड़ी फाइलों में आने के कारण सरकारी हलकों में थोड़ी हिचकिचाहट है। हालांकि, गेट्स पर किसी गलत काम का आरोप नहीं लगा है, लेकिन अमेरिकी न्याय विभाग द्वारा जारी रिकॉर्ड्स में कुछ पुराने दावों का जिक्र है, जिन्हें गेट्स के प्रवक्ता पहले ही पूरी तरह बेतुका करार दे चुके हैं।
- एआई समिट में बिल गेट्स का भाषण रद्द: अब अंकुर वोरा करेंगे संबोधित, गेट्स फाउंडेशन ने दी जानकारी
- Google Pixel 10a भारत में लॉन्च: दमदार बैटरी, 3000 निट्स ब्राइट डिस्प्ले और 7 साल का OS अपडेट, जानें प्राइस
- Meta Platforms: मौत के बाद भी एक्टिव रहेगा सोशल मीडिया अकाउंट? मेटा ने पेटेंट कराई नई AI तकनीक
- भारत-फिनलैंड साथ मिलकर गढ़ेंगे टेक्नोलॉजी का भविष्य: AI समिट में पीएम पेटेरी ओर्पो ने दिया मानवता का संदेश