'₹22 हजार लगाओ, हर महीने ₹30 लाख कमाओ': वित्त मंत्री के AI वीडियो की खुली पोल, PIB ने बताया पूरा सच
PIB Fact Check:
सोशल मीडिया पर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का एक कथित वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कम निवेश पर लाखों रुपये कमाने का दावा किया गया है। PIB Fact Check ने इसकी जांच कर बड़ा खुलासा किया है और लोगों को ऐसे निवेश जाल से सतर्क रहने की चेतावनी दी है।

विस्तार
सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो तेजी से शेयर किया जा रहा है, जिसमें केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण कथित तौर पर एक ऐसी निवेश योजना का समर्थन करती दिखाई दे रही हैं, जो महज 22 हजार रुपये लगाकर हर महीने 30 लाख रुपये तक कमाने का दावा करती है। वीडियो को देखकर कई लोग इसे सरकारी योजना समझ रहे हैं, लेकिन इसकी हकीकत कुछ और ही है। सरकार की आधिकारिक फैक्ट-चेक एजेंसी PIB Fact Check ने इस वीडियो की सच्चाई सामने लाते हुए इसे पूरी तरह फर्जी करार दिया है।
वायरल वीडियो में क्या है?
वायरल वीडियो में दावा किया गया है कि यदि कोई व्यक्ति शुरुआती तौर पर 22 हजार रुपये निवेश करता है तो वह रोजाना 1 लाख रुपये और महीने में करीब 30 लाख रुपये तक कमा सकता है। वीडियो में यह भी कहा गया है कि यह कोई विज्ञापन नहीं बल्कि सरकार की ओर से दी गई गारंटी है और देश का कोई भी बैंक इस योजना के तहत भुगतान करेगा। दावा विश्वसनीय बनाने के लिए वीडियो में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को इस कथित योजना का समर्थन करते हुए दिखाया गया है।
एआई से बनाया गया वीडियो
हालांकि, PIB Fact Check ने स्पष्ट किया है कि यह वीडियो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से तैयार किया गया फर्जी कंटेंट है। एजेंसी ने साफ कहा कि न तो केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और न ही भारत सरकार ने ऐसी किसी निवेश योजना या प्लेटफॉर्म को मंजूरी दी है, उसका पंजीकरण किया है या उसका प्रचार किया है।
PIB ने दी सतर्क रहने की चेतावनी
PIB के अनुसार, साइबर ठग अब AI तकनीक का इस्तेमाल कर नकली वीडियो और फर्जी बयान तैयार कर रहे हैं। इन वीडियो में कम समय में भारी मुनाफे का लालच देकर लोगों को निवेश के लिए उकसाया जाता है। चूंकि ऐसे वीडियो पहली नजर में असली जैसे दिखाई देते हैं, इसलिए कई लोग आसानी से इनके झांसे में आ जाते हैं।
PIB फैक्ट चेक ने लोगों से अपील की है कि किसी भी निवेश योजना में पैसा लगाने से पहले उसकी जानकारी आधिकारिक स्रोतों से जरूर सत्यापित करें। केवल सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो या पोस्ट के आधार पर निवेश का फैसला न लें और किसी भी अनजान वेबसाइट या प्लेटफॉर्म पर अपनी बैंकिंग या व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से बचें।
फर्जी वीडियो दिखे तो करें ये काम
यदि आपके सामने भी इस तरह का कोई AI से तैयार फर्जी वीडियो या भ्रामक निवेश संबंधी पोस्ट आता है, तो उसकी शिकायत PIB Fact Check को की जा सकती है। इसके लिए व्हाट्सएप नंबर 8799711259 या ईमेल factcheck@pib.gov.in पर जानकारी भेजी जा सकती है। PIB का कहना है कि समय रहते ऐसी फर्जी सामग्री की रिपोर्ट करने से ऑनलाइन ठगी और गलत जानकारी के प्रसार पर रोक लगाने में मदद मिल सकती है।
- Google Pixel 11 Pro Teaser: 6.3-इंच डिस्प्ले, Tensor G6 चिप और नई कैमरा टेक्नोलॉजी; अब तक क्या-क्या आया सामने?
- WhatsApp Plus: व्हाट्सएप पर अब 3 नहीं, 20 चैट्स कर सकेंगे पिन; जानिए कैसे मिलेगा नया फीचर
- स्मार्टवॉच के बाद अब Smartphone बाजार में उतरेगा Boltt: पहली बार लॉन्च करेगा अपना फोन; इतनी हो सकती है कीमत
- चीन ने तकनीक देने से किया इनकार: अब ये देसी कंपनी अपने दम पर बनाएगी एडवांस बैटरी सेल, जानें क्या होगी खासियत