टिकटॉक की टक्कर में इंस्टाग्राम भी ला रहा यह फीचर, ऐसे करेगा काम

भारत सरकार ने इस सप्ताह की शुरुआत में 59 चाइनीज एप्स पर प्रतिबंध लगा दिया था जिसमें टिकटॉक जैसे भारत में सबसे ज्यादा लोकप्रिय एप्स शामिल थे। सरकार के इस कदम के बाद एक-एक करके मेड इन इंडिया एप्स की बाढ़-सी आ गई। चिंगारी, मित्रों जैसे एप्स सामने आए। वहीं जी5 और शेयरचैट जैसी कंपनियों ने अपने एप्स लॉन्च करने की घोषणा की। भारत में चाइनीज एप्स के प्रतिबंध का फायदा विदेशी कंपनियां भी उठाना चाहती हैं।
टिकटॉक पर प्रतिबंध लगने के बाद फोटो शेयरिंग एप इंस्टाग्राम भी 15 सेकेंड वीडियो वाले एक फीचर की भारत में टेस्टिंग कर रहा है। इस फीचर को इंस्टाग्राम रील्स (Instagram Reels) नाम दिया गया है। इंस्टाग्राम रील्स के जरिए यूजर्स 15 सेकेंड का शॉर्ट वीडियो बना सकेंगे। वीडियो में यूजर्स म्यूजिक, ऑडियो क्लिप एड कर सकेंगे और उसे अपनी स्टोरीज में शेयर कर सकेंगे।
ये भी पढ़ें: PUBG गेम के चक्कर में पिताजी के खाते से गायब कर दिए 16 लाख रुपये
इंस्टाग्राम रील्स का फीचर टिकटॉक जैसा ही है। इंस्टाग्राम ने इस फीचर में म्यूजिक के लिए भारत में सारेगामा के साथ साझेदारी की है। ऐसे में म्यूजिक के साथ कॉपीराइट को लेकर कोई समस्या नहीं होगी। कई यूजर्स को इंस्टाग्राम रील्स का अपडेट मिलना भी शुरू हो गया है।
बता दें कि फेसबुक ने हाल ही में अपने शॉर्ट वीडियो एप लासो (Lasso) को बंद करने का एलान किया है। टिकटॉक की टक्कर में लॉन्च हुआ लासो एप 10 जुलाई के बाद आधिकारिक तौर पर बंद हो जाएगा। इस एप को साल 2018 में अमेरिका में लॉन्च किया था, उस दौरान अमेरिका में इसके लाखों यूजर्स हो चुके थे।