माइ्क्रोमैक्स कैनवास 2 लॉन्च, एक साल तक फ्री मिलेगा 4जी डाटा और अनलिमिटेड कॉलिंग

माइक्रोमैक्स ने अपने स्मार्टफोन कैनवास 2 को रिलॉन्च किया है। नया स्मार्टफोन कैनवास 2 (2017) के नाम से लॉन्च हुआ है। इस स्मार्टफोन को कंपनी ने एयरटेल के साथ साझेदारी में पेश किया है। एयरटेल माइक्रोमैक्स कैनवस 2 (2017) की खरीद पर एक साल के लिए फ्री 4जी डाटा दे रहा है।
इस ऑफर में एयरटेल किसी भी ऑपरेटर पर फ्री अनलिमिटेड कॉलिंग भी दे रहा है। इस स्मार्टफोन के साथ आपको एयरटेल का 4जी प्री-बंडल्ड सिम दिया जाएगा। बता दें कि इस ऑफर में यूजर को रोजाना एक जीबी 4जी डाटा ही मिलेगा। यूजर एक दिन में इससे ज्यादा फ्री डाटा का इस्तेमाल नहीं कर सकता है।
स्पेसिफिकेशन और कीमत

माइक्रोमैक्स कैनवस 2 में 5 इंच का एचडी डिस्प्ले दिया गया है। इस फोन की सबसे खास बात है गोरिल्ला ग्लास 5 प्रोटेक्शन। इस रेंज में यह पहला स्मार्टफोन है जिसमें गोरिल्ला ग्लास 5 प्रोटेक्शन दिया गया है। स्मार्टफोन एंड्रॉयड नूगट 7.0 पर काम करता है।
फोन में 1.3 गीगाहर्ट्ज का क्वॉड-कोर प्रोसेसर मौजूद है। फोन 3जीबी रैम और 16 जीबी स्टोरेज से लैस है। फोन के स्टोरेज को 64 जीबीट तक माइक्रो एसडी कार्ड की मदद से बढ़ाया जा सकता है। कैनवस 2 में 13 मेगापिक्सल का रियर और 5 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है। हैंडसेट को पावर देने के लिए 3050 एमएएच की बैटरी दी गई है।
स्मार्टफोन 4जी वीओएलटीई सपोर्ट के साथ आता है। कंपनी स्मार्टफोन की स्क्रीन पर एक साल का रिप्लेसमेंट भी दे रही है। अगर फोन की स्क्रीन किसी तरह से खराब हो जाए या टूट जाती है, तो कंपनी इसे बिना किसी अन्य शुल्क के बदल देगी। इस स्मार्टफोन की कीमत 11,999 रुपये है।