बेहतर अनुभव के लिए एप चुनें।
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
विज्ञापन

Tarot Cards

क्या कहते हैं टैरो कार्ड

जादूगर (दी मैजिशियन)

यह एक शुभ कार्ड है जो नए अवसरों का, नए उद्यम की महत्ता, दृढ़ इच्छा शक्ति एवं हर काम में उमंग के समावेश होने का प्रतीक है। आप स्वयं का आकलन कर अपनी जमीन पर रहेंगे और साम-दाम, दंड-भेद से अपना लक्ष्य अवश्य प्राप्त कर लेंगे। नकारात्मक पक्ष के रूप में यह कार्ड चालबाजी, धोखाधड़ी को रूपायित कर यह चेतावनी देता है कि किसी पर भी विश्वास बहुत सोच-समझकर करें। कभी-कभी इसका उल्टा प्रभाव अपने आत्म-विश्वास में कमी तथा अनिर्णयात्मक स्थिति का भी द्योतक है।

पुजारिन (दी हाई प्रीस्टेस)

यह कार्ड दर्शाता है कि किसी रहस्य से पर्दाफाश होने वाला है या कोई रहस्य आप उजागर करना चाहते हैं। आपको समझना होगा कि अपने आंतरिक आभास पर भरोसा करने का समय आ गया है। अपनी अंतरात्मा की शक्ति को ही अपना मार्ग-दर्शन करने दीजिए। यह उस व्यक्ति की तरफ भी इशारा करेगी, जिससे आपको राय लेना चाहिए। यह कार्ड व्यक्ति विशेष के जीवन की सर्वाधिक महत्वपूर्ण महिला की तरफ इशारा करता है। इसका नकारात्मर पक्ष यह है कि किसी महिला का उस पर गलत प्रभाव डालना।

महारानी (दी एम्प्रैस)

यह प्रतीक है प्रेम, भरोसे, समृद्धि तथा जन्म की। इसलिए जब यह प्रकट होती है तो समझिए कोई स्वागत योग्य स्थिति घटने वाली है। दी एम्प्रैस न सिर्फ गर्भ या वास्तविक जन्म की द्योतक है यह सृजनात्मकता का गतिज होना भी इंगित करती है या प्रकृति से संबद्ध किसी नई योजना की शुरुआत का इशारा करती है। अगर इसका नकारात्मक पक्ष देखा जाए तो यह चेतावनी देती है कि आपके जीवन में कोई महिला अपनी सुरक्षा के लिए जरूरत से ज्यादा चिंतित है और भावनात्मक ब्लैक मेल द्वारा अपनी योजना सफल करना चाहती है। दी एम्प्रैस धन संबंधी चिंताएं तथा अनचाहे गर्भ का निर्देश देती है।

महाराजा (दी एम्परर)

यह प्रतीक है उपलब्धि एवं सम्मान का और कई बार पुरुष के अदम्य प्रभाव का द्योतक भी होता है जैसे पिता/पति/साझेदार या आपके जीवन में किसी पुरुष का प्रभाव। जब यह कार्ड सही स्थिति में प्रकट हो तो समझिए आपके प्रभाव और रुतबे में वृद्धि होने वाली है या आपका सिक्का लोगों पर चलने वाला है। ऋणात्मक रूप से दी एम्परर दर्शाता है कि कोई दबंग या तानाशाही व्यक्ति आप पर जबरदस्ती, अपनी सत्ता के कारण रौब गांठने वाला है। इसके अलावा यह आपकी असफल आकांक्षा, पद-स्थिति की अदम्य लालसा और किसी सत्ताधारी व्यक्ति के कारण असुरक्षा की भावना को दर्शाता है।

ज्योतिषी (दी हायरोफेन्ट)

यह प्रतीक है नैतिक कानून, एक चतुर और बुद्धिमान, परामर्शदाता, व्यावहारिक निर्देशक या आध्यात्मिक गुरु का। साथ ही प्रतीक है पारंपरिक रीति-रिवाजों का जो मूलतः दकियानूसी विचार वाला है, जो नई भूमि तलाशने के हक में नहीं है। इस कार्ड का प्रकटन विवाह और कानूनी जिम्मेदारियों और सरकारी दस्तावेजों की तरफ इशारा करता है। अगर नकारात्मक रूप से इस कार्ड की व्याख्या किया जाय तो यह उन भावनाओं का प्रतीक है जिसे परंपरा के बोझ ने कुचल दिया है।
आगे पढ़ें

प्रेमी (दी लवर्स)

दी लवर्स प्रेम और कर्तव्य के बीच आपके निर्णय को स्थापित करता है। आप यदि जोखिम उठाने को तैयार हैं तो आप महती आनंद तथा भावनात्मक संतोष प्राप्त कर सकते हैं। यदि नहीं तो कर्तव्य के बंधन में जकड़े आप वहीं रहेंगे, जहां हैं। इस कार्ड का उदय बताता है कि आपका हृदय आपके मस्तिष्क पर शासन करता है तथा जीवन में एक नाटकीय परिवर्तन ज्यादा खुशी भर सकता है। ऋणात्मक रूप से दी लवर्स प्रतिनिधित्व करते हैं असफल प्रेम संबंध का और संबंधों के क्षेत्र में आपकी अनिवार्य मानसिक स्थिति का भी।

रथ (दी चैरियट)

यह प्रतीक है संघर्ष के पश्चात विजय का, यह मशवरा देता है कि प्रयत्न जारी रखो तथा विश्वास रखें कि विजय आप की ही होगी। यह कार्ड अप्रत्याशित शुभ समाचार का, अपनी योग्यताओं तथा क्षमताओं पर पूरा भरोसा रखने का द्योतक है। यह बताता है कि जो वाहन आप प्राप्त करना चाह रहे हैं, वह आपको अवश्य मिल जाएगा। ऋणात्मक रूप से यह कार्ड बताता है कि आप स्वयं या कोई प्रभावशाली व्यक्ति अपना प्रभाव दिखाकर घमंड व स्वार्थीपन के साथ अपनी बात मनवा रहा है। अन्य ऋणात्मक प्रभाव विलंब के कारण मन में पैदा हुई हताशा या आपकी यात्रा के कार्यक्रम वैसे पूरे नहीं होंगे जैसे आप चाहते हैं।

शक्ति (स्ट्रैन्थ)

इस कार्ड का प्रकटन केवल भौतिक शक्ति नहीं बल्कि भयंकर दबाव की स्थिति में सहजता से काम करने की क्षमता का प्रतीक है, लेकिन इसका अंत सफलता से ही होता है। यदि स्वास्थ्य एक समस्या है तो इस कार्ड का प्रकटन स्वास्थ्य लाभ इंगित करना है, यदि धूम्रपान या शराब से पार पाना है, तो यह कार्ड निर्देश देता है कि शुभस्य शीघ्रम। ऋणात्मक रूप से यह कार्ड असुरक्षा, भय, पलायन या हार मानने तथा बेईमानी से हार का शिकार बनने का परिचायक है। यह कार्ड खोए हुए अवसर को दिखाता है और चेतावनी देता है कि मंजिल के करीब आकर आप हार मान गए तो जीवन में कुछ नहीं कर पाएंगे।

तपस्वी (दी हरमिट)

यह कार्ड प्रतीकात्मक रूप से सतर्क, आत्म विश्लेषण तथा शांति व एकांत की कामना की जरूरत प्रकट करता है। यह चेतावनी देता है कि अधीरता से निर्णय न लिए जाएं और सलाह देता है कि किसी भरोसेमंद व्यक्ति से उचित सलाह अवश्य ले ली जाए और तभी अपना निर्णय लें। यह निर्णय स्वास्थ्य विषयक हो सकते हैं जैसे कितने समय तक आपको बीमारी के बाद स्वस्थ होने के लिए आराम करना चाहिए। ऋणात्मक रूप से यह घमण्डीपन एवं दृढ़धर्मिता का उदय दिखाता है। आपके मन में संशय होगा तथा आप कोई सलाह नहीं मानेंगे। अन्य ऋणात्मक पहलू -उत्तेजना में गलत निर्णय लेना और एकाकीपन भुगतना।

भाग्य चक्र (दी व्हील आफ फॉरच्यून)

जब यह व्हील आफ फॉरच्यून उदित होता है तो यह जीवन के नए चक्र को इंगित करता है जिसका अर्थ है सौभाग्य एवं सुनहरी किस्मत। यह भी किस्मत ही थी जो आपको इस भव सागर में लाई। आप कोई अपनी मर्जी से थोड़े ही आए हैं। इस कार्ड का उदय आप की मौजूदा समस्याओं का अंत और विगत में किए गए प्रयत्नों का प्रतिफल या इनाम है। ऋणात्मक रूप से दी व्हील ऑफ फॉरच्यून का उलटा चलना दुर्भाग्य एवं परेशानियों का द्योतक है। लेकिन इसका उल्टा चलना क्षण-स्थायी ही होता है क्योंकि फिर यह नीचे से ऊपर चलने लगेगा।

न्यायधीश (जस्टिस)

यह न्याय व ईमानदारी का परिचायक होता है तथा हर मामले में संतुलन दिखाता है। यह साझेदारी, मुकदमे इत्यादि मामलों में सभी के साथ न्याय एवं ईमानदारी दिखाता है चाहे व्यापार का मसला हो या व्यक्तिगत। यह किसी सही निर्णय के साथ अन्याय भी दिखाता है। हो सकता है विगत में आपके साथ कोई अन्याय हुआ हो या किसी अन्य मामले में आप न्याय पाने को प्रयत्नशील हों। यह आपके पिछले प्रयत्न के संबंध में बेहतर भविष्य दिखाता है चाहे आपको इस बात पर भरोसा न हो कि आपके साथ न्याय होगा। नकारात्मक रूप से यह प्रतीक है अन्याय, बिगड़े हुए व्यापार, गलत कानूनी निर्णय जो आपके साथ हुए हों, तब भी जब आप नैतिक रूप से बिल्कुल सही थे।

फांसी (दी हैंग्ड मैन)

यह प्रतीक है स्वयं के बलिदान का चाहे वह पार्थिव हो या भावनात्मक तथा परिस्थितियों के अनुसार स्वयं को ढालने की योग्यता। यह द्योतक है जीवन में एक प्रकार के ठहराव का, उस क्षण का, जब ज्यादा लाभ के लिए (बलिदान द्वारा) कम हानि उठाई जाए। यह प्रतीक है बीमारी, दबाव और चिंता का; यह समय है धैर्य धारण करने का, चिंता करने का नहीं। चूंकि यह कार्ड परीक्षा की घड़ी बाताता है, इसलिए इसमें आत्म बलिदान, आध्यात्मिक लहजा भी ग्रहण कर लेता है। ऋणात्मक रूप से यह प्रतीक है कमजोर इच्छाशक्ति, स्वार्थीपन, भावनात्मक ब्लैक मेल करने की प्रवृति का, खासतौर पर शहादत का बाना ओढ़कर।

मृत्यु (डैथ)

यह कार्ड बेहद भय फैलाता है परंतु तथ्य यह है कि यह शायद ही कभी मृत्यु का प्रतीक बनता है। ज्यादातर यह पुराने कामों की समाप्ति या नए कामों की शुरुआत या जीवन के बड़े मूल्य संबंधी कोई मार्ग का प्रारंभ ही रूपांकित करता है। यह संक्रांति काल का द्योतक है यानी पुराने काम का खात्मा और नए काम की शुरुआत। ऋणात्मक रूप से ज्यादा फर्क नहीं पड़ता-बस यही कि आपके भय या खौफ की तीव्रता ज्यादा हो जाती है, जब यह कार्ड उदय होता है। यही वह समय है, जब आप अपनी पूरी योग्यता व क्षमता से काम करते हैं, यानी अपना सब कुछ स्थिति को बेहतर करने में झोंक देते हैं।

संयम (टैम्परेन्स)

जब यह कार्ड उदय होता है, तो इसका अर्थ है आत्म नियंत्रण, ज्वलनशील मुद्दों को ठण्डे चित्त से निबटाना। जिससे एक धनात्मक परिणाम आ सके। यह कार्ड प्रतीक है, रिश्तों में समरसता की अनुभूति का, शांति एवं सुकून के साथ काम करने का और रिश्तों को ठण्डे चित्त से निपटाने का। यह कार्ड बताता है, एक फरिश्ते जैसे व्यक्ति का मार्ग दर्शन जो आपका सदैव ख्याल रखता है। ऋणात्मक रूप से यह कार्ड ज्यादा भोग-विलास और दूर दृष्टि की कमी बताता है, जिससे घरेलू झगड़े इत्यादि प्रारंभ हो सकते हैं। यह चेतावनी देता है कि जल्दबाजी में कोई निर्णय न लिया जाए नहीं तो आपकी प्रगति कुंठित हो जाएगी।

शैतान (दी डेविल)

यह बुरा कार्ड नहीं है यदि कोई विवाह प्रतिबद्धता या रिश्तों की ईमानदारी का प्रश्न हो तो इस कार्ड का उदय कार्ड पठन के दौरान एक प्रीतिकर प्रतीक समझा जाना चाहिए। लेकिन अन्य समस्याओं के संदर्भ में यह कोई शुभ संकेत नहीं माना जा सकता। दी डेविल प्रतीक है तमाम तरह की बुराइयों का जो निश्चित ही शुभ परिणाम नहीं दे सकती। रिश्तों के संदर्भ में यह किसी धुन का संकेत देकर स्थिति की समीक्षा करने का निर्देश देता है। यह विध्वंसकारी परिणामों की ओर चेतावनी देता है। ऋणात्मक रूप से यह कार्ड आपको अपनी कमजोरियों को पहचानने और अपनी लतों से मुक्ति पाने का संकेत देता है।

मीनार (दी टॉवर)

यह बेहद भय का संचार करता है। इस कार्ड के संबंध में कोई धनात्मक पक्ष ढूंढ़ पाना टेढ़ी खीर है। यह बताता है अप्रत्याशित सदमों के बारे में और तहस-नहस करने वाली घटनाओं के बारे में, लेकिन यह भी इंगित करता है कि उसके बाद आप अत्यंत सुदृढ़ एवं मजबूत होकर उभरेंगे। दी टावर प्रतिनिधित्व करता है अचानक या सदमा देने वाले अप्रत्याशित परिवर्तनों के बारे में तथा घरेलू समस्याओं के बिलंब की ओर इशारा करता है। यह पदार्थ संबंधी या भावना विषयक उन परिवर्तनों की ओर इशारा करता है जो इस घटनाक्रम के बाद आपके लिए लाभकारी सिद्ध होंगे। ऋणात्मक रूप से यह टावर प्रतीक है, बेवजह यंत्रणा एवम् दुःख सहने का।

सितारा (दी स्टार)

यह एक स्वागत योग्य कार्ड है, जो भविष्य के प्रति एक अन्तर्दृष्टि प्रदान करता है। जिसमें आशीर्वाद एवं उम्मीद, निष्ठा का दृढ़ीकरण तथा अप्रत्याशित उपहार निहित रहते हैं। नये संबंध और नये उद्यम के संदर्भ में इस कार्ड का उदय बेहद शुभ शकुन है। यह कार्ड कई तरह से अच्छे समय का संकेत है। चाहे वह कलात्मक या शिक्षण संबंधी हो, यात्रा हो, स्वास्थ्य या आध्यात्मिक जागरण या अन्य विकास के क्षेत्र की बात हो। ऋणात्मक रूप से यह कार्ड स्वयं के प्रति अविश्वास या अपनी योग्यताओं पर शक के फलस्वरूप कई खतरों के प्रति आगाह करता है, जिसके कारण आप कई अच्छे अवसर खो सकते हैं।

चंद्रमा (दी मून)

यह कार्ड इंगित करता है कि आपके मन में कितना भी भय हो, यह समय है जब चंद्रमा का प्रकाश आपकी राह को जगमगा देगा, भले ही वह रास्ता दुर्गम लगे। इस कार्ड द्वारा दिया गया शुभ शकुन तब और अधिक शुभ होगा जब आप किसी मामले में गुपचुप रूप में फंसे हों-नहीं तो इस कार्ड का उदय आपको बाताता है कि आपका गुप्ततम रहस्य उजागर हो जाएगा। इस कार्ड का प्रगटन आपको कलात्मक अभिव्यक्ति भी दे सकता है। ऋणात्मक रूप से यह कार्ड प्रगति की कमी की ओर इंगित करता है क्योंकि आपके अन्तर्मन में छिपे भय और चिंताएं प्रभावी हो जाएगी।

सूर्य (दी सन)

यह बहुत शुभ कार्ड है, जो बहुत हर्षदायक और प्रसन्नतावर्द्धक समय की ओर इंगित करता है। मस्ती भरी छुट्टियां, बच्चों के संबंध में शुभ समाचार या किसी लंबे इंतजार के बाद पैदा हुए बच्चे का प्रतीक है। यह कार्ड परिवार व मित्रों के साथ मौज-मस्ती, प्रिय साथीजन और सौहार्दपूर्ण संबंधों का प्रतीक है। यह सारी ऋणात्मक स्थितियों को हटाकर सुखदायी भोर के आगमन का परिचायक होता है। ऋणात्मक रूप से यह संकेत है, आपकी योजनाओं और उपलब्धियों में विलंब का परंतु साथ ही यह घमंड तथा बढ़े हुए अहम के कारण गलत समायोजन कराने के खतरे की ओर भी सचेत करता है।

न्याय (जजमेन्ट)

यह कार्ड वर्तमान पूर्णता एवं विगत के प्रयत्नों के लिए पुरस्कार का द्योतक है। यानी पुराने प्रयत्नों का तार्किक समापन एवं नए कामों की शुरुआत। यदि स्वास्थ्य खराब चल रहा हो तो यह स्वास्थ्य लाभ एवं जीवन के प्रति नए उत्साह का प्रतीक बनता है। जजमेंट उस मौके की तरफ इशारा करता है, जिसको खोना नहीं चाहिए क्योंकि नया काम या परियोजना आपके पूरे जीवन को बदल सकती है। इस कार्ड का प्रकटन प्रायः जीवन में घट रही घटनाओं में तेजी ला सकता है। ऋणात्मक रूप में यह कार्ड आपके नए परिवर्तन को आत्मसात कर आगे न बढ़ने की चेष्टा को रूपायित करता है, जिसका कारण आपकी हठधर्मिता ही है।

मूर्ख (दी फूल)

यह कार्ड उदित हो तो अप्रत्याशित घटना या खबर की आशा करना चाहिए एक ऐसे प्रभाव की जो नाटकीय रूप से आपके निर्णय को बदल दे। यह कार्ड नई शुरुआत का, अनजान जगह के लिए यात्रा-जिसमें बहुत मजा आए-सूचक है। रास्ते में हुए अनुभव यात्री को अधिक तजुर्बेकार और बुद्धिमान बना देंगे। लेकिन यदि पठन सत्र में पहली बार ये ही उदय हो जाए तो समझना चाहिए एक दुःसाहसिक बेवकूफी होगी या पूछा हुआ सवाल ही गलत होगा या इसे पूछने का कारण ही गलत होगा। दी फूल रीडिंग में एक ऐसे व्यक्ति का भी परिचायक होता है जो अनूठा, लीक से हट कर चलने वाला, वासना से परिपूर्ण और सनकी हो सकता है।

विश्व (दी वर्ल्ड)

दी वर्ल्ड कार्ड का उदय आपकी हार्दिक इच्छा की संपूर्ति का द्योतक है, फिर चाहे जो भी हो। यानी उपलब्धि का समय, मान्यता तथा सफलता पाने की घड़ी और विजय श्री की उपलब्धि। यह कार्ड आनंद उपभोग, छुट्टियों का मजा, प्रियजनों का साथ, एक संतोषकारी संबंध की संभावित प्राप्ति का इशारा करता है जिनका आप सामना कर, जीत प्राप्त करके शुद्ध आनंद का उपभोग कर सकते हैं। यानी अभी प्रयत्न चालू रखें, क्योंकि अभी आपकी पारी खत्म नहीं हुई। अपने दर्शन-क्षेत्र को संकुचित न करें न असुरक्षित महसूस करें क्योंकि विजय या सफलता आपकी ही होगी।

छड़ियों का राजा (किंग ऑफ वैन्ड्स)

यह एक रोमांटिक व्यक्ति है। वह हमेशा बड़ी और बेहतर डील की अपेक्षा करता है और जन्मजात नेता के गुणों से भरपूर है। यह कार्ड खुलने पर यह प्रकट करता है कि व्यक्ति ऊर्जा, जोश और आत्मविश्वास से भरा-पूरा है। ऐसे आचरण वाले व्यक्ति अपने अनुयायिओं की फौज खड़ी करने में माहिर होते हैं। यह कार्ड संकेत देता है कि शक्ति और सत्ता को हासिल करने का समय आ गया है। सुरक्षित और आसान रास्ता चुनने की अपेक्षा खतरों से खेलो और विजय हासिल करो। इस कार्ड का ऋणात्मक पक्ष ऐसे व्यक्ति की ओर इंगित करता है, जो दूसरों के आदेशों के अनुरूप कार्य करता है, स्वयं की प्रेरणा से नहीं।

छड़ियों की रानी (क्वीन ऑफ वैन्ड्स)

यह कार्ड रचनात्मक ऊर्जा की अभिव्यक्ति करता है। तीव्र आंतरिक शक्ति और अपने उद्देश्य पर केन्द्रीकरण का प्रतिनिधित्व करता है। यह कार्ड निकलने पर प्रश्नकर्ता की चहुंमुखी उन्नति के द्वार खुल पड़ते हैं। यह कार्ड खुलने पर क्वीन स्वयं प्रश्नकर्ता से कहती है कि उसकी सारी शक्तियां उसकी उन्नति के लिए कार्यरत हैं। इसका ऋणात्मक पक्ष व्यक्ति के छली, स्वार्थी और आत्मकेन्द्रित व्यक्तित्व की अभिव्यक्ति करता है। यह कार्ड प्रश्नकर्ता के क्रोधी स्वभाव, अवसाद और जलन को भी इंगित करता है। आप स्थितियों को ऐसा बना लेते हैं कि लोगों को स्वयं हमले के लिए आमंत्रण देते हैं।

छड़ियों का योद्धा (नाइट ऑफ वैंड्स)

यह कार्ड आत्मविकास, आत्मानुभूति और आत्मबल के बारे में सब कुछ बताता है। यह कार्ड त्वरित क्रिया में विश्वास रखता है। अतः यह प्रश्नकर्ता के कामुक, रचनात्मक प्रेमी, चुलबुला, क्रोध और ईर्ष्या के आवेग में बुरा-भला करने वाले व्यक्ति की ओर भी संकेत करता है। ऐसा प्रश्नकर्ता सभी काम जोशपूर्ण ढंग से करता है। यह कार्ड प्रश्नकर्ता को आग में भी कूद पड़ने को प्रेरित करता है। ऐसा व्यक्ति स्वप्न देखने में रुचि नहीं लेता वरन् साकार रूप में अपने दृष्टिकोण को प्रकट करता है। इसका ऋणात्मक पक्ष-काम में देरी, निराशा, अवरोधों के प्रति क्रोध को इंगित करता है।

छड़ियों का प्यादा (पेज ऑफ वैन्ड्स)

यह कार्ड परिवर्तन और नई शुरुआत को दर्शाता है। यह कार्ड निकलने पर आप एक सुंदर और रचनात्मक दृष्टिकोण से अपनी दुनिया को बदलने के लिए तैयार हो जाएं। एक अवसर आपकी प्रतीक्षा में है। आप किसी भी प्रकार अपना भाग्य बदल सकते हैं। आप अपने प्रेम का इजहार कर सकते हैं और अपनी बात मनवा भी सकते है। यह समय आपके लिए अति अनुकूल है। लेकिन तुनकमिजाज़ी से बात बिगड़ सकती है। अतः अपने आचरण पर नियंत्रण रखें और कम शब्दों का इस्तेमाल करें। ऋणात्मक पक्ष - ऐसे व्यक्ति का वर्णन करता है जो अपरिपक्व और अपने अस्तित्व को लेकर समस्या ग्रस्त है।

दस छड़ियां (टेन ऑफ वैन्ड्स)

यह कार्ड प्रश्नकर्ता के बेपरवाह स्वभाव को इंगित करता है। ऐसे व्यक्ति आरामतलबी में अधिक समय व्यतीत करना पसंद करते हैं, जीवन का अधिक से अधिक आनंद उठाना चाहते हैं। कार्ड इंगित करता है कि अब समय आ गया है कि आप दुनियादारी की तरफ भी गंभीरतापूर्वक ध्यान दें। चेतावनी देता है कि सावधानी से काम करें। संकेत करता है कि कठिन कार्य के बीच भी आप सफल रहेंगे। यहां तक कि स्वास्थ्य और चिंता से घिरे रहने के बावजूद आप उच्च पदस्थ रहेंगे। ऋणात्मक पक्ष -किसी मुकदमे में हारने के संकेत। दूसरों की खुशी को बर्बाद करने की इच्छा। स्वार्थ की पूर्ति हेतु ताकत और ऊर्जा का प्रयोग।

नौ छड़ियां (नाइन ऑफ वैन्ड्स)

यह कार्ड सुझाव देता है कि आप पर जिम्मेदारियों का बड़ा बोझ लदा है, इस बोझ को थोड़ा हल्का करना अच्छा होगा। कार्य को सुचारु रूप से चलाने के लिए थोड़ा आराम के लिए समय निकालना और जीवन का मजा लेना भी जरूरी है। कार्ड कहता है कि काम और आराम के बीच संतुलन बनाए रखना आवश्यक है। यह कार्ड बताता है कि अति श्रम से बचें। अधिक वादे न करें वरना आप हर समय तनावग्रस्त रहेंगे। अपनी ऊर्जा का दुरुपयोग करने से बचें। इसका ऋणात्मक पक्ष लाभ के लिए संघर्ष से विमुखता, दागदार चरित्र, खराब स्वास्थ्य, कार्य के प्रति अरुचि।

आठ छड़ियां (एट ऑफ वैन्ड्स)

यह कार्ड निकलने पर प्रश्नकर्ता आत्मिक, मानसिक और शारीरिक, हर दर्जे पर उन्नति करेगा, ऐसा प्रकट होता है। कार्ड इंगित करता है कि आपके आस-पास के लोग आपके लिए कार्य करने को तत्पर हैं। लोहा गर्म है, चोट कर दें। आप अच्छी खबर सुनने के लिए तैयार रहें और खबर के बदले रूप के कारण घबराएं नहीं बल्कि बुद्धिमत्तापूर्ण ढंग से उसे सूंघे। तभी वह आपके लिए सुखद हो सकती है। यह कार्ड, सक्रियता, परिवर्तन और यात्रा का सूचक है। ऋणात्मक पक्ष- आपसे ईर्ष्या करने वाले बढ़ रहे हैं। आप जिस संदेश को सुनने को बेताब हैं, वह अभी तक नहीं मिला है। साहस या खतरों से खेलने में अति न करें।

सात छड़ियां (सेवन ऑफ वैन्ड्स)

यह कार्ड शुरुआती संतुष्टि और पूर्णता के बाद संघर्ष की सूचना देता है। यह कार्ड चलते सफल व्यवसाय में चुनौतियां और बाधाएं उत्पन्न होने की ओर इंगित करता है। लेकिन यह भी कहता है कि धैर्य और आत्म-विश्वास से व्यक्ति इन चुनौतियों का सामना कर सकता है। यह कार्ड कहता है कि चुनौतियों के सामने पर्वत की तरह अडिग खड़े रहो फिर चुनौतियां स्वयं आपसे टकराकर दम तोड़ देंगी। इसका ऋणात्मक पक्ष यह संकेत देता है कि सभी चुनौतियां और संघर्ष आपको छूकर निकल जाएंगे।

छह छड़ियां (सिक्स ऑफ वैन्ड्स)

यह एक सुखद कार्ड है। इसका प्रकटीकरण विजय, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, यात्रा और सुखद घटनाओं का सूचक होता है। महत्वाकांक्षाओं की पूर्ति, अत्यधिक सफलता की उपलब्धि और चारों ओर विजय का वातावरण आपके कदम चूमने को बेताब रहता है। लोग आपसे मिलना चाहते हैं, आपका सान्निध्य पाने को बेताब रहते हैं। यह आपके जीवन का सर्वोच्च सुखद समय होता है। लेकिन यह कार्ड आपको सावधान भी करता है कि स्वयं को औरों से श्रेष्ठ समझने का मिथक अपने दिमाग में न पालें। ऋणात्मक पक्ष - श्रम का प्रतिफल देर से मिला है। जीत की राह में बुरी खबर। शत्रुओं की सफलता से ठेस।

पांच छड़ियां (फाइव ऑफ वैन्ड्स)

यह कार्ड व्यक्तिगत संघर्ष का परिचायक है। आप अपने विरोधी का सम्मान करें, लेकिन अपने दृष्टिकोण पर मजबूती से डटे रहें। क्रोध, घृणा, हताशा और पूर्वाग्रहों के प्रति सावधान रहें। इनका दमन ही आपकी प्रगति की राह प्रशस्त कर सकता है। जब यह कार्ड निकले तो यह समझ लें कि आपके सब काम उल्टे होने वाले हैं। आपको सामान्य दशा से कुछ अधिक श्रम करना पड़ता है। इसके आगे के कार्ड थ्री ऑफ स्वोर्ड या सेवन ऑफ स्वोर्ड होने पर यह गर्मागर्म बहस और यहां तक कि खून खराबा होने की ओर भी इंगित करता है। ऋणात्मक पक्ष-विरोध और संघर्ष के बीच चैन की सांस की भांति होता है।

चार छड़ियां (फोर ऑफ वैन्ड्स)

यह उत्तेजना से भरी घटनाओं का प्रतिनिधित्व करता है। जो व्यक्ति से व्यक्ति तक बदलती रहती हैं। लेकिन अधीरता की अनुभूतियां समान होती हैं। फोर आॅफ वैंड्स आश्चर्य या स्वतः स्फूर्त रोमांच का संकेत हो सकता है। कभी-कभी यह कार्ड विवाह समारोह, वर्षगांठ, जन्मदिन और विजय पार्टियों का प्रतिनिधित्व करता है। यह कार्ड आजादी का भी द्योतक है, जो कई रूपों में होती है लेकिन यह हमेशा एक उल्लास के रूप में इसे लेकर आता है। यह कार्ड पूर्णता, स्थायित्व और आस्था का संकेतक है। ऋणात्मक पक्ष -प्रतिबद्धता का अभाव, अस्थिर संबंध, विचारों में भिन्नता, मन में बेचैनी और असंतुष्टि।

तीन छड़ियां (थ्री ऑफ वैन्ड्स)

जब यह कार्ड निकले तो सुनिश्चित समझें कि यह समय आपके विचारों को मान्यता मिलने का है और विश्वास रखें कि आप सबको पीछे छोड़ने वाले हैं। नेता केवल दूर ही नहीं देखता बल्कि वहां सबसे पहले पहुंचने की चेष्टा करता है। यह कार्ड आत्मीय खोज का कार्ड भी है, जो इंगित करता है कि आप आस-पास होने वाली घटनाओं पर नियंत्रण रख सकते हैं। यह दर्शाता है कि संयुक्त उपक्रम के माध्यम से दुनिया में आपकी वित्तीय स्थिति मजबूत होगी। सफल पार्टनर से हाथ मिलाकर सफलता मिलना निश्चित है। ऋणात्मक पक्ष - सहयोग का अभाव, निष्फल प्रयत्न, विलंब और व्यवसाय में दुर्भाग्य, अत्यधिक अक्खड़ता।

दो छड़ियां (टु ऑफ वैन्ड्स)

यह कार्ड इंगित करता है कि हानि उठाने को तैयार न हों, बल्कि उस समझदार व्यक्ति की सहायता लें जो ऐसा करने को तत्पर है। यह कार्ड खोज, सहयोग और प्रयत्न को भी दर्शाता है। आपकी उन्नति सुनिश्चित है। आप धैर्यपूर्वक अपने पुरस्कार की प्रतीक्षा करें। यह कार्ड व्यक्तिगत साहस और महानता को निखारता है। एक ऐसी शक्ति जो आकाश से धरती पर उतर कर प्रश्नकर्ता की व्यक्तिगत शक्ति बनती है। प्रश्नकर्ता स्वयं को दैवीय शक्तियों से ओत-प्रोत महसूस करता है। ऋणात्मक पक्ष -घोर निराशा, अधीरता, घमंड, उत्तेजना, कमजोर आत्मरक्षा, रिश्तों की टूट, विश्वास की कमी, उपेक्षा, हताशा और कुंठा का दौर आने वाला है। इससे निबटने के प्रति सावधानी बरतें।

एक छड़ी (ऐस ऑफ वैन्ड्स)

जब आप इस कार्ड को देखें तो अपने जीवन का पुनरावलोकन करें। देखें कि आप कहां खड़े हैं? क्या आपने अपने जीवन के उद्देश्य को पा लिया है? यदि नहीं तो जोखिम लेने से न चूकें क्योंकि, अब कुछ कर गुजरने का समय आ गया है। आपकी सभी इच्छाएं पूरी होने का समय सिर पर है। आपको बस कदम आगे बढ़ाना है। यह कार्ड मूल, जीवन के केंद्र बिन्दु, शुरुआत, क्रियाविधि, नवअंकुरण, जन्म, जागरण, शक्ति, अंतःप्रेरणा आदि का प्रतिबिंबन करता है। ऋणात्मक पक्ष - नए कार्य में हानि, स्वार्थपरता अथवा दृढ़ निश्चय में कमी के कारण किसी परियोजना की अपूर्णता को प्रकट करता है।

प्यालों का राजा (किंग ऑफ कप्स)

इस कार्ड का प्रतिनिधि-राजा, आपसे कहता कि जैसे वह समस्याओं से निबटता है वैसे ही वे भी समस्याओं का मजबूती, तीव्रता, निष्ठा और समग्रता से सामना करें। जैसे कि संकट में शांति से काम लें, ताकत की बजाय नीति से काम निकालें, सहायता को तत्पर रहें और नया दृष्टिकोण बनाएं। किंग आॅफ कप्स कार्ड भावनात्मक, रचनात्मक और अनैच्छिक गतिविधियों का भी प्रतिनिधित्व करता है। यह कार्ड कहता है कि भावनाओं के क्षेत्र में आपको संतुलन बनाना चाहिए। यह करुणा का भी परिचायक है। ऋणात्मक पक्ष-दोहरे आचरण वाला, धूर्त, आतंकी प्रकृति, बदनाम चरित्र, आपराधिक छवि, संवेदनहीन।

प्यालों की रानी (क्वीन ऑफ कप्स)

यह कार्ड कहता है कि जैसे क्वीन सोचती है वैसे ही सोचें और अनुभव करें। जैसे कि क्या आप भावनाओं के प्रति जागरूक हैं? क्या आप में प्रेमभाव है? क्या आप अपने दिल की बात का भरोसा करते हैं? क्या आपके अंतर्मन का संदेश आपको मिलता है? क्या आप दूसरों के दर्द से आहत होते हैं? उसकी विशेष ऊर्जा इस समय आपके लिए प्रवाहित हो रही है। आइए इस ऊर्जा से लाभ उठाकर जीवन को सफल बनाइए। आप अन्य लोगों के कल्याण के लिए भी गंभीर प्रयास करें। जैसे रानी माता की भांति मुक्त भाव से सबको देती है। ऋणात्मक पक्ष- कल्पनाहीनता, भरोसे की कमी, चिंता, कड़वाहट, अस्थायित्व, स्वभाव में कठोरता, चिड़चिड़ा स्वभाव, क्रोध, बुरा व्यवहार।

प्यालों का योद्धा (नाइट ऑफ कप्स)

आपको अपने व्यक्तित्व को आकर्षक बनाना आवश्यक है। चाहे आप किसी स्त्री से मिलें या पुरुष से। स्वयं को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत करें। बुद्धिमान लोग संतुलन बनाए रखने पर जोर देते हैं, लेकिन नाइट इससे सहमत नहीं। वे चीजों को अंत तक जारी रखना चाहते हैं। व्यक्तित्व की विशेषता:- अस्थायी जोश, भावपूर्ण, मिलनसार। प्रायः कवि सुलभ और आकर्षक। ऋणात्मक पक्ष - प्रश्नकर्ता अपनी भावनाओं पर पूर्णतया नियंत्रण करने में सक्षम होता है। वह चिड़चिड़ा, और स्वार्थी स्वभाव का हो सकता है। बिना सारे तथ्यों को एकत्र किए वह निर्णय पर पहुंचने वाला तथा उत्तरदायित्वों से बचने का प्रयास भी करता है।

प्यालों का प्यादा (पेज ऑफ कप्स)

यह कार्ड प्रश्नकर्ता के सुखद जीवन, आनंद, संवेदनात्मकता, रचनात्मक क्षमता आदि का भी प्रतिनिधित्व करता है। इसका उपयोग एक प्रभावशाली या भावनात्मक युवा व्यक्ति की पहचान के लिए किया जा सकता है। यह आध्यात्मिक मुद्दों के संबंध में, आध्यात्मिक यात्रा की शुरुआत का संकेत देता है। यह भावनात्मक प्रकृति की एक नई शुरुआत जैसे कि कोई नया जन्म, नए संबंध की शुरुआत, एक रचनात्मक विचार या एक जोशीली नई परियोजना का भी संकेत दे सकता है। ऋणात्मक पक्ष - अपरिपक्वता और भावनात्मक कठिनाइयों का परिचायक। यह कार्ड नशे और मादक द्रव्यों में डूबे व्यक्ति या संसार की वास्तविकता से भागकर अपनी अलग दुनिया में जीने वाले व्यक्ति को इंगित करता है।

दस प्याले (टेन ऑफ कप्स)

यह कार्ड अच्छे पारिवारिक जीवन का सूचक है। खुशी, आनंद और संतोष से जीवन समृद्ध रहता है। समय आनंदपूर्वक व्यतीत होता है, जिसमें आपके मित्र, हितचिंतक और रिश्तेदार भी साथ देते हैं। यह एक बेहद सकारात्मक कार्ड है। यह एक नए, एक बहुत प्यारे रिश्ते की ओर भी संकेत करता है जो आपको लंबे समय तक पूर्णतः संतुष्टि प्रदान करेगा। यह शांति, घरेलू सुख, पूर्णता, संतुष्टि, सफल विकास, अच्छी मित्रता, प्रगाढ़ रिश्तेदारी को इंगित करता है। कुल मिलाकर इसके साथ हानि या नकारात्मक बातें जुड़ी नहीं होती। ऋणात्मक पक्ष - परिवार में झगड़ा, मित्रता में हानि। विश्वासघात की संभावना, युवा लोगों की अपने माता-पिता से विमुखता।

नौ प्याले (नाइन ऑफ कप्स)

यह अच्छे स्वास्थ्य और अपेक्षित सफलता तथा ज्ञानेन्द्रियों की पुष्टता को इंगित करता है। आप शारीरिक और मानसिक दोनों स्तरों पर सभी प्रकार के सुखों का उपभोग करने में पूर्ण योग्य हैं। जीवन में भावनात्मक समर्थन के साथ-साथ भौतिकता की प्राप्ति भी आपका उद्देश्य हो सकता है। इनकी प्राप्ति में कुछ उतार-चढ़ाव तो हैं, लेकिन आप इन्हें प्राप्त कर लेंगे। यह स्थायित्व, उन्नति, विजय, वित्तीय सुदृढ़ता, प्रेम, मित्रता, भौतिक आनंद, अभिलाषाओं की पूर्णता, सौभाग्य और समृद्धि का भी द्योतक है। ऋणात्मक पक्ष-आप इस बात से निराश है कि आपकी सांसारिक इच्छाएं अधूरी हैं। संभवतः आपकी इच्छाएं अनंत है और यह जीवन छोटा है, अतः इनकी अपूर्णता आपकी निराशा का कारण है।

आठ प्याले (एट ऑफ कप्स)

जीवन में कुछ भी स्थायी नहीं है। देर-सवेर सब कुछ छिन जाएगा या हम इससे दूर हो जाएंगे। यह उन लम्हों से साक्षात्कार कराता है जब हमें जीवन की सच्चाई के प्रत्यक्ष दर्शन होते हैं। अतीत हमें मुंह चिढ़ाने लगता है। ये बड़े भावनात्मक क्षण होते हैं। हम एक जीवन जी चुके होते हैं। दूसरे में प्रविष्ट होने को बेताब होते हैं। एक लबादा उतारकर दूसरा पहनने को अग्रसर। इन स्थितियों में आने वाले भौतिक, मानसिक या भावनात्मक बलिदानों के प्रति हमें जागरूक रहना चाहिए। यह प्रेम, व्यवसाय और भौतिक सफलता सभी में निराशा का द्योतक है। ऋणात्मक पक्ष - आनंद की खोज, सफलता, आमोद-प्रमोद में रुचि। भौतिक सुखों की चाह में आध्यात्मिक उपलब्धियों में अरुचि।

सात प्याले (सेवन ऑफ कप्स)

यह कार्ड संकेत करता है कि यद्यपि सपने देखना अच्छा होता है। वे हमें प्रेरणा देते हैं, लेकिन हमें केवल हवाई किले ही नहीं बनाने चाहिए। बल्कि उन्हें हकीकत का रूप देने का प्रयास भी करना चाहिए। यदि विकल्प अधिक हों तो इस कार्ड के प्रकटीकरण के बाद आपको सभी पर बारीकी से विचार कर एक चुनना चाहिए। यह कहता है कि अनुशासन और कठिन परिश्रम अच्छा है लेकिन क्या यह हास्यास्पद नहीं है कि चीजों को सब चलता है की तर्ज पर जाने दिया जाए। ऋणात्मक पक्ष निश्चयों और इच्छा का अच्छा उपयोग। एक निश्चित परियोजना का चयन।

छ प्याले (सिक्स ऑफ कप्स)

यह कार्ड सुरक्षा, प्रेम और सामंजस्य का प्रतिनिधित्व करता है। साथ ही बचपन से जुड़ी यादों का भी। यह अक्सर तब होता है, जब आप बहुत व्याकुल होते हैं। यह सामूहिक जुड़ाव, पारस्परिक संबंध, पारिवारिक संबंध, प्रेमियों के बीच प्रेम, दोस्तों के बीच दोस्ती या गुरु-शिष्य के बीच मधुर संबंधों का भी परिचायक है। जब यह कार्ड प्रकट हो तो आप बाल सहज आनंद के उपभोग के लिए तत्पर रहें। आपके अंदर का शिशु इस दौर में आप पर हावी हो जाता है। ऐसे में स्वयं को सकारात्मक रखें और बचपन की यादों में व्याकुल न हों। ऋणात्मक पक्ष - यह उद्देश्य से भटकने का सूचक होता है। व्यक्ति में कड़वाहट भी होती है और वह हर समय जहर उगलता है। भ्रष्ट और क्रूर हो जाता है।

पांच प्याले (फाइव ऑफ कप्स)

यह हानि का कार्ड है। जब यह कार्ड निकलता है तो इंगित करता है कि हानि आपको भीतर तक हिलाने वाली है। इससे सचेत होकर आप आने वाली हानि के खतरे को टाल भी सकते हैं, उसे कम कर सकते हैं या अपेक्षित उपाय करके उस खतरे को समाप्त कर सकते हैं। इसका सकारात्मक पहलू यह कि प्रत्येक अति, नवनिर्माण की नई संभावनाओं को जन्म देती है। विध्वंस में ही अंकुरण के बीज छिपे होते हैं। यह कार्ड यह भी कहता है कि जो बीत गया उसे भूल जाएं और भावी जीवन के निर्माण में संलग्न हों। ऋणात्मक पक्ष अपमान और अति की प्रतिपूर्ति को इंगित करता है। अतीत में हुए नुकसान से वर्तमान में सबक लेने के प्रति व्यक्ति का रुख सकारात्मक होने लगता है।

चार प्याले (फोर ऑफ कप्स)

यह कार्ड अनिश्चित स्थिति की ओर संकेत करता है और व्यक्ति कुछ अनुत्तरित सवालों के जवाबों की खोज में बेचैन सा भटकता प्रतीत होता है। यह कार्ड बिगड़ी परिस्थितियों पर दृष्टिपात करने के लिए एक सकारात्मक वक्त की जरूरत प्रकट करता है। विशेष परिस्थितियों में यह कार्ड निराशा की सूचना भी देता है। कोई पुरानी समस्या के निराकरण के लिए आपको थका देने जैसा श्रम भी करना पड़ सकता है। यह कार्ड व्यवसाय के फलने-फूलने का संकेत भी देता है और नये रोजगार के अवसर भी प्रदान करता है। ऋणात्मक पक्ष - नए संबंधों के लिए अच्छा समय है। काम करने में मन लगता है और उद्देश्यपूर्ण होता नजर आने लगता है। सफलता के अनेक अवसर सामने आते हैं।

तीन प्याले (थ्री ऑफ कप्स)

यह किसी महत्वपूर्ण मित्र या दोस्ती से संबद्ध भावनाओं को अभिव्यक्त करता है। भावनात्मक नजरिये से अपने जीवन से जुड़े हुए सामाजिक लोगों की जांच परख करें। यह सभी प्रकार की औपचारिक और अनौपचारिक सहायता जैसे परामर्श देना, समाज सेवा, सुख-दुख में मदद देना आदि की ओर इंगित करता है। यह खुशी और आनंद की भावनाओं को भी दर्शाता है। लोग जब एकत्र होते हैं तो मन स्वतः ही नाचने-गाने लगता है। मानों कोई आकाशीय प्रेरणा प्रेरित कर रही हो। ऋणात्मक पक्ष - निराशा की अभिव्यक्ति करता है। मित्रता और रिश्तों की टूटन जोर पकड़ने लगती है। व्यक्ति पूरा भ्रष्टाचारी हो जाता है। खाना, पीना और मौज-मस्ती ही उसके ध्येय हो जाते हैं।

दो प्याले (टू ऑफ कप्स)

यह कार्ड लवर्स कार्ड के समतुल्य होता है। यह प्रेमियों को पसंद है। इसके निकलने का अर्थ है प्रेम में सफलता। यह कार्ड भागीदारी, सगाई या दोस्ती का संकेतक होता है। विवाह, रोमांस, जोश और भावनाओं का प्रकटीकरण भी करता है। जब दो व्यक्ति निकट आते हैं तो यह सुंदरता और शांति की रचना को दर्शाता है। जब दो ताकतों का जुड़ाव होता है तो एक नई ताकत का सृजन होता है। यह कार्ड दो समूहों, लोगों, विचारों या प्रतिभाओं के जुड़ाव की ओर भी संकेत करता है। अविवाहित युवा के लिए यह निश्चित ही उसके लिए जीवन साथी के चयन का उचित वक्त होता है। ऋणात्मक पक्ष - आनंद का दर्द में रूपांतरण, व्यसन खतरनाक हो सकता है। आई संपदा लुट जाने का भय।

एक प्याला (ऐस ऑफ कप्स)

जब यह कार्ड खुलता है तो जीवन में आपकी सभी इच्छा और अभिलाषाओं की पूर्ति और आनंद को इंगित करता है। यह आध्यात्मिकता की उत्पत्ति और आत्मिक जीवन के प्रति जागरूकता की अभिव्यक्ति करता है। यह आंतरिक रूप से आकर्षण, सशक्त अनुभूति और संवेदनात्मक प्रतिक्रिया के रूप में हो सकता है। बाह्य रूप से यह एक प्रस्ताव, उपहार, अवसर, मुठभेड़ या समकालीन घटना के रूप में प्रकट हो सकता है। यह प्रकट करता है कि प्रेम से आप किसी भी विपरीत स्थिति को अपने पक्ष में कर सकते हैं। ऋणात्मक पक्ष - झूठ से भरा हृदय, विरोध, बंजरता, प्रेम में क्षति, टूटा दिल, तलाक, एकाकीपन, अलगाव, उदासी, दुःख, स्वार्थपरता।

तलवारों का राजा (किंग ऑफ स्वोर्डस)

सभी इच्छाओं की पूर्ति के लिए किंग ऑफ स्वोर्डस के पास शक्ति और साहस होता है। वह तर्क और बुद्धि का स्वामी है, समस्या का हल तेजी से निकाल सकता हैं। असमंजस की स्थिति में इससे प्रभावित व्यक्ति भ्रम का निराकरण करके साफ तस्वीर सामने ला सकता है। यह कार्ड व्यक्ति के भ्रष्टाचारमुक्त आचरण का परिचायक होता है। यह इस ओर संकेत करता है कि किंग की शक्ति उनके लिए प्रवाहित हैं, वे इसे अपने जीवन में ग्रहण करके अपेक्षित लाभ हासित कर सकते हैं। ऋणात्मक पक्ष - असंतुलन, कठिनाइयों भरे संबंध, तलाक, अविश्वास, अलगाव, झूठे मित्र, विरोध, अपूर्णता, एकाकीपन, क्रोध, झगड़े, भावनात्मक कष्ट, कड़वाहट, संवेदनहीनता, असहिष्णुता, निराशा।

तलवारों की रानी (क्वीन ऑफ स्वोर्ड्स)

यह शक्ति और परिपक्व बुद्धिमत्ता का परिचायक है, जो भावनाओं से रहित कहा जाता है। क्योंकि इस कार्ड की स्त्री-सख्त और भावनाओं-संवेदनाओं से रिक्त कही गई है। आप इस क्वीन पर हमेशा भरोसा कर सकते हैं। इस कार्ड से प्रभावित व्यक्ति ईमानदार, भरोसेमंद और जिम्मेदार होते हैं। ऐसे व्यक्ति मानवीय मूर्खता को समझते हैं, लेकिन उसकी निंदा नहीं करते। बहुमुखी प्रतिभा के धनी, आंतरिक शक्ति के जोश से भरपूर ऐसे व्यक्ति विनोदप्रिय और मिलनसार होते हैं। बहानेबाज नहीं होते। ऋणात्मक पक्ष - कमजोर व्यक्तित्व, कड़वाहट, असहिष्णुता, संकीर्णता, तार्किकता का अभाव, अविश्वसनीय, दुर्भावनापूर्ण।

तलवारों का योद्धा (नाइट ऑफ स्वोर्ड्स)

यह कार्ड सकारात्मक रूप में तर्क और बुद्धि का स्वामी, ज्ञान का अनंत भंडार है। यह दर्शाता है कि व्यक्ति स्पष्ट और अधिकारपूर्वक बोल सकता है। समस्याओं का समाधान चुटकी बजाते ही कर देता है। यह व्यक्ति के ज्ञानी, स्पष्टवक्ता और अनंत संभावनाओं वाले व्यक्तित्व को इंगित करता है। यह व्यक्ति दिल से कम और दिमाग से अधिक काम लेता है। प्रश्नकर्ता के खींचने पर यह कार्ड निकले तो यह उसके लिए अच्छे दौर की शुरुआत हो सकती है। ऋणात्मक पक्ष - ताकत और ऊर्जा का प्रयोग स्वार्थ पूर्ति में। दूसरों की खुशी को बर्बाद करने की चाह। यदि कोई मुकदमा चल रहा है, तो उसमें पराजय या क्षति की संभावना।

तलवारों का प्यादा (पेज ऑफ स्वोर्ड्स)

पेज ऑफ स्वोर्ड्स में क्वीन जैसी विशेषताएं होती हैं। वह सभी विषयों से जुड़े सत्य का खुलासा करने में सक्षम होता है। वह मानसिक और शारीरिक दोनों रूपों में फुर्तीला होता है। व्यवसाय और दिल के मामलों में प्रश्नकर्ता को भरपूर सहयोग मिलता है। आपकी निराशा भी शीघ्र आनंद में बदल जाती है। यह चुनौतियों का संकेत देता है। साथ ही बताता है कि उन्नति का एक अवसर आपके मार्ग में एक समस्या या दुविधा के रूप में आ सकता है। यह आपको चुनौती का सामना करने की सलाह देता है। ऋणात्मक पक्ष - अधीरता बढ़ेगी। इस पर नियंत्रण आवश्यक। दूसरों द्वारा अलगाव। कोई भी अच्छी शुरुआत बाद में कष्टकारी। कई आश्चर्यजनक घटनाओं से रूबरू होना पड़ सकता है।

दस तलवारें (टेन ऑफ स्वोर्ड्स)

यह डेथ कार्ड से बहुत मिलता जुलता है। इसे मृत्यु के कार्ड के रूप में नहीं, बल्कि ऐसे बदलाव के रूप में लेना चाहिए, जिसे प्रायः शुरू में स्वीकार करना बड़ा कठिन होता है। यह कार्ड किसी बकाया मुद्दे के बंद होने का भी संकेत देता है, जिससे निबटना बेहद मुश्किल होता है। परिवर्तन की प्रक्रिया प्रायः कठिन होती है और जीवन भी प्रायः अनिश्चत होता है। बस केवल परिवर्तन ही जीवन में स्थायी होता है। आपको यह विचार करना चाहिए कि सबसे बुरा वक्त गुजर चुका है। यद्यपि अतीत की यादें और स्वप्न निराश कर सकते हैं, लेकिन नए ताने-बाने भी इसी समय बनते हैं। ऋणात्मक पक्ष-संदेह, विश्वासघात, अविश्वास, बर्बादी का भय, ऐसी स्थिति जहां संबंध/पैसा आदि काम करना बंद कर देता है।

नौ तलवारें (नाइन ऑफ स्वोर्ड्स)

यह भय और डरावने स्वप्न का कार्ड है और इसलिए यह स्पष्ट रूप से नकारात्मक संकेत प्रकट करता है। इस कार्ड का यह संदेश है कि यद्यपि हम सभी जीवन में कभी न कभी भय, निराशा और अनिश्चितता की स्थिति से दो-चार होते हैं, लेकिन हमें इन नकारात्मक भावनाओं को अपने ऊपर हावी नहीं होने देना चाहिए और सतत् अपने उद्देश्य को प्राप्त करने की दिशा में आगे बढ़ते रहना चाहिए। ऋणात्मक पक्ष - दूसरों के काम में हस्तक्षेप। असत्य संभाषण, धोखाधड़ी और बेईमानी।

आठ तलवारें (ऐट ऑफ स्वोर्ड्स)

यह कार्ड मौजूदा स्थिति में समस्याएं उत्पन्न होने की भविष्यवाणी करता है। दूसरे लोग आपके हित के मार्ग में अवरोध उत्पन्न करेंगे। आप इस दमनकारी स्थिति से निकलने की कोशिश करेंगे। यह उस समय प्रकट होता है जब आप क्षति से आहत भ्रमित और शक्तिहीन होते हैं। अमूमन ऐसा कहा जाता है कि यह निराशा, अवरोध और विकल्पों के अभाव का कार्ड भी है, लेकिन वस्तुतः ऐसा नहीं है। ऐसा कहा जा सकता है कि इस कार्ड का चित्रण नकारात्मक होकर भी इसका संदेश सकारात्मक है। ऋणात्मक पक्ष - गर्व से बचें। खतरा अभी टला नहीं है। शत्रु सामने हैं। वे जीत भी जाते हैं, लेकिन आप को अधिक क्षति नहीं उठानी पड़ती। पिछली भूलों को क्षमा करना श्रेयस्कर है।

सात तलवारें (सेवन ऑफ स्वोर्ड्स)

यह धोखे और विश्वासघात का कार्ड है। यदि आप से इस कार्ड का सामना हो तो आवश्यक है कि बेईमानी के साधनों से अपने लालच की प्रतिपूर्ति करने में बुद्धि का सहारा अवश्य लें। कभी-कभी यह कार्ड व्यक्ति को अकेला और मुक्त भाव से दौड़ने को प्रेरित करता है। लेकिन स्मरण रखें, बिना किसी को साथ लिए हम सुखी और उत्पादक नहीं हो सकते। यदि आप अकेले काम करने में प्रोत्साहित होते हैं, तो इससे सुनिश्चित हो लें कि यह अलगाव आपके लिए वास्तव में कारगर है। ऋणात्मक पक्ष - आवश्यकता से अधिक की प्राप्ति। आपकी चोरी हुई वस्तु वापस मिल सकती है। संभावित इच्छापूर्ण होती है।

छह तलवारें (सिक्स ऑफ स्वोर्ड्स)

यह कार्ड उदासीन और निरुत्साही स्थिति का प्रतिनिधित्व करता है, जो समय-समय पर प्रश्नकर्ता के जीवन में प्रकट हो सकती है। इस कार्ड का प्रकटन लंबे संघर्ष काल के बाद शांति और आराम का काल हो सकता है। इस दौर में यात्राएं भी हो सकती हैं। इस काल में अपनी सभी ऊर्जाओं को सकारात्मक कार्यों में व्यय करना काफी लाभप्रद होगा। संबंधों, भगीदारी या व्यक्तिगत संपत्ति से संबद्ध समस्याओं को हल करने का यह उचित वक्त होता है। ऋणात्मक पक्ष-सामने उपस्थित समस्याओं का त्वरित समाधान नहीं। एक सुनियोजित यात्रा प्रस्तावित। अहम बात यह कि जहां आप हैं, वहीं रहेंगे।

पांच तलवारें (फाइव ऑफ स्वोर्ड्स)

यह कार्ड विजय का प्रतिनिधित्व करता है। यदि आप अपने संघर्ष के प्रति आक्रामक हों तो अपने उद्देश्य को अपेक्षाकृत अधिक जल्द हासिल कर सकते हैं। यदि आप अलग-थलग रहकर, एकाकी रूप से आगे बढ़ने का प्रयास करेंगे तो आपका यह कदम आगे चलकर आपकी उन्नति बाधक कर देगा। कभी-कभी यह कार्ड संकेत करता है कि सबसे पहले अपने हित साधने चाहिए। यह कार्ड शत्रुता, विरोध, ठगी, फरेब, झूठ, चालबाजी, धोखाधड़ी और यहां तक कि अपराध को भी इंगित करता है। ऋणात्मक पक्ष -गर्व से बचें। शत्रु आप पर भारी पड़ेगा लेकिन फिर भी जीत आपकी ही होगी।

चार तलवारें (फोर ऑफ स्वोर्ड्स)

यह कार्ड एक प्रकार की चुनौती को परिलक्षित करता है, लेकिन साथ ही यह कार्ड शांति और स्थायित्व का भी परिचायक है। फोर ऑफ स्वोर्ड्स कार्ड इस बात का संकेत करता है कि काम की आपाधापी को कम करके आपको आराम की जरूरत है। यदि आप किसी बीमारी से उबरे हों तो उपचार में पर्याप्त समय लगाएं। यहां तक कि आप पूरी तरह स्वस्थ अनुभव कर रहे हों, तो भी पर्याप्त आराम न करने की स्थिति में आप पुनः रोग ग्रस्त हो सकते हैं। अपनी स्थिति से समुचित ढ़ंग से निबटने के लिए आपको एकांत की आवश्यकता है। ऋणात्मक पक्ष-सामाजिक कार्यकलापों में व्यस्तता, छोटी-मोटी बीमारी से ग्रस्तता, अस्थायी वित्तीय समस्याएं और सौभाग्य में रुकावट।

तीन तलवारें (थ्री ऑफ स्वोर्ड्स)

यह कार्ड दुख-तकलीफ, निराशा, विरोध, अलगाव, विलंब, कड़वाहट, फूट आदि विकारों का परिचायक है। कार्ड इंगित करता है कि आपको कष्टों के साथ जीने की आदत डालनी चाहिए। कष्टों को केवल हानि, विरोध और बीमारी के लिए उत्पन्न नहीं समझना चाहिए। यद्यपि जीवन निरर्थक दिखाई देता है, लेकिन इससे मुक्ति संभव है। इसमें भरोसा, प्रेम और समय लगता है। यह संकेत करता है कि आप किसी को चोट पहुंचाने की प्रवृत्ति का त्याग कर दें, क्योंकि दूसरों को भी चोट देना आता है। ऋणात्मक पक्ष-हानि से घबराकर दुख झेलना। घटनाक्रम का सामना करने से कतराना। परिस्थितियों को विरोधी बना लेना।

दो तलवारें (टू ऑफ स्वोर्ड्स)

इस कार्ड का प्रकटीकरण आपको सावधान करते हुए कहता है कि आपको जीवन में संतुलन कायम रखना बेहद जरूरी है। अब थोड़े समय के लिए सब काम छोड़कर आराम और तनावमुक्ति आवश्यक है। कूटनीति से काम लें और समझौतावादी बनें या चीजों को अपने हाल पर छोड़ दें। स्थितियों को समझें और सत्य को मानें। समस्याएं होते हुए भी उनसे मुंह न मोड़ें, अन्यथा वे भयंकर रूप धर लेंगी। ऋणात्मक पक्ष- व्यक्ति के असंतुलित मस्तिष्क का परिचायक है। व्यक्ति दूसरों के कामों में दखलंदाजी करता है। झूठ बोलना, बेईमानी, विश्वासघात उसके अन्य दुर्गुण होते हैं।

एक तलवार (ऐस ऑफ स्वोर्ड्स)

ऐस ऑफ स्वोर्ड्स में किंग ऑफ स्वोर्ड्स की शक्तियां निहित होती हैं। इस प्रकार किंग की दृढ़ात्मक शक्तियां इसमें स्थानांतरित हो जाती हैं। यह कार्ड प्रायः आपरेशन, इंजेक्शन आदि का संकेतक होता है। जब सत्र में यह कार्ड निकले तो अपने जीवन का अच्छी तरह से अवलोकन करें। सामने उपस्थित समस्या पर गंभीर विचार-विमर्श करके उसका यथोचित समाधान करें। ऐसा करने में अपनी आंतरिक शक्तियों का इस्तेमाल करें। ऋणात्मक पक्ष- अशक्तता, असहाय, निराश, लापरवाह, दिग्भ्रमित, मानसिक विभ्रमित, स्वार्थपरता, जिद्दी इत्यादि दुर्गुणों को प्रकट करता है। समस्याओं के निकराकरण के लिए ताकत का इस्तेमाल करना हानिप्रद हो सकता है।

सितारों का राजा (किंग ऑफ पेन्टाक्ल्स)

यह किसी रचनात्मक कार्य, व्यावसायिक उपक्रम या निवेश की अंतिम पूर्णता की अभिव्यक्ति करता है। कार्ड का प्रतीक राजा संपदा का प्रतीक है, जो वित्तीय शक्ति के शिखर पर आसीन है और अपनी सभी इच्छाओं को पूर्ण करने में समर्थ है। राजा आपसे कहता है कि आप उसके समान सफलता और ताकत के शिखर को स्पर्श करें। अपने वचन को निभाएं, टूटे हुए को जोड़ने का काम करें, धन अर्जित करें, नया व्यवसाय खड़ा करें। इससे प्रभावित लोग लोगों को प्रोत्साहित करने वाले और उनकी सहायता करने वाले होते हैं। ऋणात्मक पक्ष-लालची, पराजित, धोखेबाज, बेईमान, अक्खड़, नास्तिक, मूर्ख, अव्यावहारिक, क्रूर, न्यायविमुख, नीच, जिद्दी और अश्लील दुर्गुणों से युक्त व्यक्तित्व।

सितारों की रानी (क्वीन ऑफ पेन्टाक्ल्स)

यह संपन्नता और संरक्षण को व्यक्त करती है, जो वित्तीय या भौतिक हो सकता है। यह आपको सुखद भविष्य के लिए आवश्यक सुरक्षा प्रदान करता है। इस कार्ड को दूसरों को सुखी और सुरक्षित बनाने में आनंद मिलता है। इस कार्ड से प्रभावित लेागों के घर सदा बच्चों, पालतू जानवरों, पौधों और मित्रों से भरे-पूरे होते हैं। ये व्यक्ति संदेवदनशील और व्यावहारिक होते हैं। यह कार्ड आपकी जोशीली प्रकृति और अंतर्भूत दशा का दर्पण है। जो आप को बहुमुखी क्षमताओं वाला वफादार और दृढ़निश्चयी व्यक्ति घोषित करता है। ऋणात्मक पक्ष- आप आसपास के परिवेश से सामंजस्य बैठाने में अक्षम हैं। आत्मविश्वास की कमी, मेल-मिलाप से हिचक ही आपमें सबसे बड़ी बाधा है।

सितारों का योद्धा (नाइट ऑफ पेन्टाक्ल्स

नाइट ऑफ पेन्टाक्ल्स कार्ड दर्शाता है कि आप वो व्यक्ति हैं जो अपने सभी कार्य पूरे धैर्य के साथ पूर्ण करता है। आप एक भरोसेमंद, दूसरों की सहायता के लिए तत्पर रहने वाला वफादार व्यक्ति हैं। सकारात्मक पक्ष के रूप में इस कार्ड से प्रभावित व्यक्ति अपने शुरू किए कार्य को पूरा करके ही दम लेता है। वह कठिन परिश्रमी, समर्पित और जीवट वाला और सच्चाई की परख वाला व्यक्ति है। नकारात्मक पहलू के रूप में, नाइट थोड़ा भारी और भद्दा व्यक्ति है। उसमें खिलंदड़ और मजाकिया स्वभाव का अभाव है। इसके लिए काम सबसे पहले है। वह परिवर्तन और खतरों को पसंद नहीं करता। ऋणात्मक पक्ष- सच्चाई से मुंह मोड़ने से पीड़ा। क्षति का सामना करने से भय का अनुभव।

सितारों का प्यादा (पेज ऑफ पेन्टाक्ल्स)

इस कार्ड से प्रभावित व्यक्ति की यह अभिलाषा होती है कि वह सभी बातों की शिक्षा ग्रहण करें। वह ज्ञान प्राप्ति के लिए सदा समर्पित रहता है। वह जो भी काम करता है पूर्ण समर्पण से करता है एवं अपने हितों के प्रति बेहद केन्द्रित रहता है। यह नई शुरूआत, प्रेरणा और किसी रचनात्मक परियोजना की शुरुआती सीढ़ी का तथा सपनों और इच्छाओं को पूर्ण करने का कार्ड है। यह बताता है कि आप नए कार्य की शुरुआत में व्यस्त होने वाले हैं। ऋणात्मक पक्ष- नई चीजों के बारे में, दिवा स्वप्न देखना छोड़ें और चीजें आपके हाथ में हैं। उन पर गंभीरतापूर्वक ध्यान दें। सफलता आपकी मुट्ठी में हो सकती है।

दस सितारे (टेन ऑफ पेन्टाक्ल्स)

आपको अपना आकार सुदृढ़ करने की जरूरत है। यदि आपका निवेश अच्छा होगा और आपको जुए की आदत नहीं होगी, तो आप सफल हो सकते हैं। आपको अपना भाग्य स्वयं बनाना होगा। यह अपके जीवन में बेहतर संपन्नता और संरक्षण लेकर आता है। यह अधिकतर घरेलू मनोरंजन और सुख को इंगित करता है। यह दर्शाता है कि किस प्रकार हमारा परिवार हमारे लिए महत्वपूर्ण होता है। परंपराएं और बुद्धि हमें हमारे बड़ों से प्राप्त होती है। हमारी धमनियों में हमारे पूर्वजों का रक्त प्रवाहित होता है, जो हमारे लिए गौरव की बात होती है। ऋणात्मक पक्ष- यह वित्तीय स्तर पर असफलता को इंगित करता है। वित्तीय क्षति, निवेश में समस्याओं व संसाधनों के अभाव को भी इंगित करता है।

नौ सितारे (नाइन ऑफ पेन्टाक्ल्स)

यह अनुशासन और आत्म-नियंत्रण का कार्ड है। यह व्यक्तिगत एकता और पूर्णता तथा विकास की अंतिम दशा को भी इंगित करता है। यह चंद्रमा से संबद्ध है, अतः स्वप्न और भ्रांति इससे जुड़े होते हैं। आप अपने जीवन के उस चरम बिंदु पर पहुंच गए हैं, जहां आप आत्म-विश्वास परिपूर्ण और आत्मनिर्भर हैं। आप अपने जीवन को सुखपूर्वक बिता सकते हैं। ऋणात्मक पक्ष- अपने बुद्धिहीन निर्णय या मूर्खतापूर्ण कार्यों के चलते कड़े वित्तीय संकट से घिरने वाले हैं।

आठ सितारे (एट ऑफ पेन्टाक्ल्स)

यह सबक या प्रशिक्षण का कार्ड है। यह कहता है कि एक निर्णय ले लिया गया है और एक नया उपक्रम जारी होने को है। यह इंगित करता है कि शिक्षा, कार्य या वित्तीय क्षेत्र में आप एक बिल्कुल नए अनुभव का सामना करने वाले हैं। यह व्यक्ति के एकल दिमाग और एक ही कार्य में केंद्रित होने को इंगित करता है। जब यह कार्ड प्रकट हो और आप अभी तक अपने उद्देश्य की प्राप्ति के लिए सक्रिय रूप से न जुटे हों तो अब समय आ गया है कि आप लक्ष्य की प्राप्ति हेतु जुट जाएं। ऋणात्मक पक्ष- खतरों से खेलना मना है, उल्टा कार्ड आपको इसके प्रति सावधान करता है। वही कार्य करें जिसमें आप सक्षम हैं। क्षमता के अनुसार ही काम करें। क्षमता से अधिक कार्य घातक होगा।

सात सितारे (सेवन ऑफ पेन्टाक्ल्स)

यह कार्ड सभी उद्यमों में सफलता को इंगित करता है, लेकिन इसके लिए पर्याप्त समय और प्रयास की भी आवश्यकता होती है। आप अपनी उन्नति से असंतुष्ट हो सकते हैं और व्यवसाय या वित्तीय स्थिति की तरफ से निराश भी हो सकते हैं। आपको कुछ समय घर में निराशा के अंधकार में रहकर बिताना पड़ सकता है। यह कार्ड समाप्ति या अंतिम निर्णय का कार्ड नहीं है। खेल समाप्त नहीं होता, बल्कि कुछ समय के लिए रुक जाता है। आपको अपनी निराशा पर काबू पाना जरूरी है। ऋणात्मक पक्ष- यह भी क्षति और पराजय को इंगित करता है, लेकिन कम तीव्रता की। गर्व से बचें। एक शत्रु आप पर भारी पड़ेगा, लेकिन आप फिर भी विजयी होकर निकलेंगे।

छह सितारे (सिक्स ऑफ पेन्टाक्ल्स)

यह कार्ड संतुलन, उदारता और दानशीलता को इंगित करता है। पैसों का लेन-देन भी इससे इंगित होता है। आप किसी को ऋण या उपहार स्वरूप धन देते हैं। आप कुछ अर्जित करते हैं, इसे पुनः देते हैं और यह लौटकर वापस आपके पास आ जाता है। यह चेतावनी भी देता है कि धन स्थिर रूप से आपके पास नहीं रहने वाला है, यह गतिमान है। अतः दान आदि में अपने स्रोतों को इतना रिक्त न कर लें कि आपके पास अपने लिए कुछ न बचे। ऋणात्मक पक्ष- उल्टा कार्ड चोरी होने या व्यक्ति के बेईमान होने को इंगित करता है। व्यक्ति ठगी का शिकार हो सकता है या ठगी कर सकता है। यह व्यक्ति समाज से बहिष्कृत हो सकता है।

पांच सितारे (फाइव ऑफ पेन्टाक्ल्स)

यह कार्ड वित्तीय संकट की संभावनाओं को प्रकट करता है। अतः इस ओर अवश्य ध्यान देना चाहिए। आपको अपनी वास्तविक वित्तीय स्थिति का अच्छी तरह आंकलन कर लेना चाहिए। यह कार्ड बहुत ही क्षति को भी इंगित करता है। प्रश्नकर्ता को कठिनाइयों, मतभेदों का सामना और अपने कार्य तथा करियर में संभावित क्षति उठानी पड़ सकती है। यह समाज से बहिष्कृत व्यक्ति को भी इंगित करता है। यह कहता है जब कठिन दौर से गुजरें तो अपनी आत्मिक शक्ति का आश्रय लें, क्योंकि यह दौर अस्थायी है। ऋणात्मक पक्ष- कठिन समय के अंत को सूचित करता है।

चार सितारे (फोर ऑफ पेन्टाक्ल्स)

यह कार्ड कहता है कि अपनी स्थिति को यथाशक्ति नियंत्रित कीजिए। आप धन के लेन-देन का काम बखूबी कर सकते हैं। आप अधिकारबोध के भाव के कारण परेशानी में पड़ सकते हैं। यह सीख देता है कि नियंत्रण असंभव हैं। हम संसार में इस प्रकार खड़े हैं, मानो विशाल महासागर में हों। महासागर की शक्ति बड़ी विपुल होती है। इसमें बहने से बचने के लिए स्वयं को लहरों के हवाले कर देना चाहिए। महासागर तभी तक हमें सहारा देता है, जब तक कि हम बहाव के साथ तैरते रहते हैं। ऋणात्मक पक्ष- व्यक्ति के लालच और दंश की प्रवृत्ति को इंगित करता है। यह व्यक्ति गरीबी से पीड़ित, अत्यधिक रक्षात्मक, भयग्रस्त और दूसरों पर विश्वास नहीं करने वाला होता है।

तीन सितारे (थ्री ऑफ पेन्टाक्ल्स)

यह कार्ड किसी लक्ष्य या योजना की शुरुआती पूर्णता को इंगित करता है। ये लक्ष्य या योजना रचनात्मक उपक्रम, व्यवसाय या भवन परियोजना के रूप में हो सकते हैं। यह बात विशेष रूप से समझने की है कि यह कार्ड किसी भी परियोजना या उपक्रम की शुरुआती पूर्णता को ही प्रकट करता है, अंतिम पूर्णता को नहीं। यह कार्ड इंगित करता है कि दृढ़ता, निश्चय और प्रयत्न से सपनों को साकार किया जा सकता है। आपको वह कार्य करना चाहिए जो आपको संतुष्टि दे। ऋणात्मक पक्ष- अनुशासनहीनता के कार्य करने से हानि और उपहास का पात्र बनना। मेहनतकश लोगों की उपेक्षा से हानि।

दो सितारे (टू ऑफ पेन्टाक्ल्स)

यह कार्ड आपको बताता है कि अपने हाथ की सफाई से अपनी सभी मांगें पूरी कर सकते हैं। यदि आपमें इस बात को लेकर आत्मविश्वास नहीं है तो यह कार्ड आपसे कहता है कि अपने आप में भरोसा रखें। आप अपने उद्देश्य को पूरा करने की पूरी सामर्थ्य रखते हैं। चुनौतियों को स्वीकार करें। यह कार्ड आपको लचीला होने को भी कहता है। सफलता के लिए कोमल होना भी आवश्यक है। बल से किसी बात को मनवाने की कोशिश न करें, अन्यथा असफल रहेंगे। ऋणात्मक पक्ष- बर्बादी का खतरा। ऐसी स्थिति जब भावनात्मक संबंध, पैसा आदि भी काम नहीं आते। भ्रम, संदेह विश्वासघात, अविश्वास की उत्पत्ति।

एक सितारा (एस ऑफ पेन्टाक्ल्स)

यह कार्ड विपुल संपदा और सुख को इंगित करता है। यह ताजा ऊर्जा, नई शुरुआत और प्रेरणा का प्रतिनिधि है। यह संपन्नता, उर्वरता, नए वित्तीय उपक्रम, रचनात्मक दृष्टिकोण, सफलता, महत्त्वाकांक्षा, सुरक्षा, प्रजनन, पूर्णता, पुरस्कार, आध्यात्मिक खजाने, आशीर्वाद, संप्रभुता आदि को भी इंगित करता है। जब आप इस कार्ड को देखें तो अपनी जीवन की जांच करें कि आप इसकी ठोस ऊर्जा को किस प्रकार स्वयं के लिए उपयोगी बना सकते हैं। ऋणात्मक पक्ष- मृत्यु का भय, भ्रष्टाचार, लालच, पैसे से खुशियां नहीं खरीदी जा सकती, भ्रमित, अतीत का भय, अयोग्यता, हठ, प्रतिशोध।
एप में पढ़ें

Followed