सुशील कुमार-साक्षी मलिक हुए मालामाल, डब्ल्यूएफआई ने ग्रेड ए में किया शामिल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (डब्ल्यूएफआई) ने बुधवार को भारतीय पहलवानों की कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट में सुधार करते हुए दिग्गज पहलवान सुशील कुमार और साक्षी मलिक को ग्रेड बी से ए में शामिल किया है। ये दोनों पहलवान भी अब 30 लाख वाले ग्रेड में शामिल हो गए हैं।
दरअसल, इस मामले में डब्ल्यूएफआई के अध्यक्ष ब्रिज भूषण शरण सिंह ने बुधवार को टाटा मोटर्स एलीट पहलवान विकास कार्यक्रम लॉन्च कार्यक्रम के दौरान कहा कि जो गलती हुई थी उसमें इसमें सुधार किया गया है। हम किसी को भी ग्रेड बी में नहीं रखना चाहते हैं। हमने खिलाड़ी के लिए ग्रेड ए से लेकर एफ तक का सिस्टम तैयार किया है।
गौरतलब है कि हाल ही भारतीय पहलवानों की कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट जारी हुई थी, जिसमें बजरंग और विनेश के अलावा पूजा ढांडा को भी ग्रेड ए में शामिल किया गया था। वहीं देश के दिग्गज पहलवान और ओलंपिक मेडलिस्ट सुशील कुमार और साक्षी मलिक को लिस्ट ए में जगह नहीं मिली थी। दोनों ही पहलवानों को 20 लाख वाली लिस्ट बी में शामिल किया गया था। उस समय यह अनुबंध अगले एक वर्ष तक के लिए किया गया था।
बता दें कि दोनों ही पहलवानों ने इस साल कॉमनवेल्थ और एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीते थे। वही, पूजा हाल ही में हुई वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारत के लिए मेडल जीतने वाली भारत की चौथी महिला पहलवान बनी थीं।
इसके अलावा 10 लाख रुपये वाली ग्रेड सी में संदीप तोमर, साजन भनवाल, विनोद ओम प्रकाश, रितु फोगाट, सुमित मलिक, दीपक पुनिया और दिव्या काकरान को रखा गया था, जबकि 5 लाख वाली ग्रेड डी में राहुल अवारे, नवीन सचिन राठी, रवि कुमार, विजय, सिमरन, मानसी और अंशु मलिक के नाम शामिल हैं।
याद हो कि उस दौरान डब्ल्यूएफआई के अध्यक्ष ब्रिज भूषण शरण सिंह ने कहा था कि सुशील कुमार को भारतीय कुश्ती को वैश्विक मंच तक लेकर जाने का श्रेय जाता है। वहीं साक्षी ने भी ओलंपिक में मेडल जीतकर देश का नाम रोशन किया है, लेकिन हाल ही में दोनों के प्रदर्शन में काफी गिरावट आई है। इस वजह से दोनों को लिस्ट में जगह नहीं मिल पाई।