परेशान एथलीट ने दी धमकी, 'अगर कॉमनवेल्थ में नहीं मिला मौका तो कर लूंगी खुदकुशी'
भारत की पैरा पावर लिफ्टर सकीना खातून को 2018 के कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले दल में शामिल नहीं किया गया है। इससे फैसले से आहत सकीना ने धमकी दी है कि अगर उन्हें ऑस्ट्रेलिया में होने जा रहे कॉमनवेल्थ गेम्स में साथ नहीं ले जाया गया तो वह इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन (आईओए) के सामने खुदकुशी कर लेंगी।
एएनआई से बातचीत में सकीना ने बताया कि वह अभी भी उनका नाम कॉमनवेल्थ लिस्ट में शामिल किए जाने का इंतजार कर रही हैं। वह अंत तक अपनी लड़ाई जारी रखेंगी। उन्होंने कहा कि अगर कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए उनका नाम भारतीय दल में शामिल नहीं किया गया तो इस मामले को लेकर वह कोर्ट जाएंगी क्योंकि यह उनकी जिंदगी का सवाल है।
बता दें कि 28 वर्ष की सकीना एकमात्र ऐसी पैरा एथलीट हैं, जिन्होंने ग्लासगो कॉमनवेल्थ में मेडल जीता था। इस पैरा एथलीट ने लाइटवेट कैटेगरी में ब्रॉन्च मेडल जीता था। सकीना का कहना है कि वह इस कॉमनवेल्थ का पिछले चार साल से इंतजार कर रही हैं। इसके लिए उन्होंने जमकर तैयारी की थी।
कॉमनवेल्थ गेम्स फेडरेशन (सीजीएफ) के एलिजिब्लिटी क्राइटेरिया में पूरी तरह फिट होने के बावजूद इस पैरा खिलाड़ी को मौका नहीं दिया गया है। उन्होंने कहा, 'मुझे नहीं पता ऐसी स्थिति में मैं अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ूं या आने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स की तैयारी करूं।'