CWG 2018: राष्ट्रीय ध्वज लेकर भारतीय दल का नेतृत्व करेंगी पीवी सिंधु, IOC ने दिखाया भरोसा
भारत की बैडमिंटन स्टार और रियो ओलंपिक में सिल्वर मेडल जीतने वाली पीवी सिंधु कॉमनवेल्थ गेम्स 2018 की ओपनिंग सेरिमनी में तिरंगा लेकर भारतीय दल का नेतृत्व करेंगी। आईओए (भारतीय ओलिंपिक संघ) ने यह फैसला लिया है कि इस साल गोल्ड कोस्ट में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स में पीवी सिंधु राष्ट्र ध्वज लेकर भारतीय दल का नेतृत्व करेंगी।
आईओए कमेटी के मुताबिक हैदराबाद की पीवी सिंधु से देश को बहुत आशाएं हैं। सभी को भरोसा है कि पीवी सिंधु आगामी कॉमनवेल्थ गेम्स के महिला सिंगल्स में गोल्ड लेकर ही आएंगी। इससे पहले वर्ष 2014 में ग्लासगो में आयोजित हुए कॉमनवेल्थ खेलों में उन्होंने ब्रॉन्ज मेडल पर कब्जा किया था।
पिछले तीन सीजन बीत जाने के बाद यह पहला ऐसा मौका होगा जब कॉमनवेल्थ खेलों में कोई बैडमिंटन खिलाड़ी भारतीय दल का नेतृत्व करेगा। इससे पहले साल 2006 में मेलबर्न में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक विजेता शूटर राज्यवर्धन सिंह राठौर ने ध्वज लेकर भारतीय दल का नेतृत्व किया था। राठौर वर्तमान में केंद्रीय खेल मंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
इसके बाद बीजिंग ओलंपिक में गोल्ड मेडल अपने नाम करने वाले शूटर अभिनव बिंद्रा ने भारतीय दल की अगुवाई की थी। जबकि साल 2014 में ग्लासगो कॉमनवेल्थ खेलों के दौरान लंदन ओलिंपिक में शूटिंग में रजत पदक अपने नाम करने वाले शूटर विजय कुमार को यह जिम्मेदारी सौंप गई थी।