खेल के मैदान में पाक की नापाक करतूत, वीजा को ढाल बना पाक शूटरों का भारत आने से इनकार
पुलवामा आतंकी हमले के बीच अब पाकिस्तान खेल के मैदान पर भी नापक हरकतों पर उतर आया है। दिल्ली में 20 फरवरी से शुरू होने जा रहे ओलंपिक क्वालिफाइंग शूटिंग वर्ल्ड कप में भागीदारी से बचने के लिए पाकिस्तान ने शूटरों को वीजा जारी नहीं किए जाने का राग अलापना शुरू कर दिया है। पाकिस्तान नेशनल राइफल एसोसिएशन ने सोमवार की दोपहर अमर उजाला से खुलासा किया कि भारतीय दूतावास ने उन्हें वीजा जारी किए जाने को हामी भर दी है। इसकी सूचना उसने नेशनल राइफल एसोसिएशन को भी दे दी, लेकिन देर शाम उसने अमर उजाला से ही कहा कि उन्हें वीजा जारी नहीं किया जा रहा है। अब उनका विश्व कप में भाग लेना लगभग असंभव है। वहीं एनआरएआई ने इसे पाक की चाल करार देते हुए कहा है कि उन्हें खुद पीएनआरए और भारतीय दूतावास ने मंगलवार को वीजा जारी किए जाने की बात कही है।
भारत न आने के लिए चला पैंतरा
पाक टीम के भारत आने को लेकर सोमवार सुबह से ही पैंतरेबाजी शुरू हो गई। पीएनआरए के कार्यकारी उपाध्यक्ष जावेद लोधी ने अमर उजाला से सुबह पहली बातचीत में कहा कि वीजा जारी नहीं किया गया है। दूतावास ने उनसे कहा है कि उन्हें हाईकमान से वीजा जारी करने के आदेश नहीं मिले हैं। दोपहर बाद जावेद ने खुलासा किया कि उनके पास अभी दूतावास से फोन आया था। मंगलवार को तीन सदस्यीय पाक टीम को वीजा जारी किया जा रहा है। इसकी सूचना उन्होंने एनआरएआई को भी दे दी, लेकिन देर शाम एक बार फिर जावेद ने खुलासा किया कि उनके पास दूतावास से फोन आया है कि कुछ गलतफहमी हो गई थी। अभी वीजा जारी करने की मंजूरी नहीं मिली है।
जावेद ने इसके बाद कहा कि अगर रात तक उन्हें वीजा जारी नहीं हुआ तो किसी भी कीमत पर 20 फरवरी तक टीम का दिल्ली आना संभव नहीं है। वीजा कराची से उठाना है। अगर एजेंट के जरिए उन्हें मंगलवार को वीजा मिलता है तो फिर टीम नहीं आ सकती है। यह कोई तरीका नहीं है। जावेद का कहना है कि एयरलाइंस से एक सप्ताह पहले फायर आम्र्स क्लीयरेंस लेनी होती है। टीम को दुबई के जरिए दिल्ली आना है। जावेद ने फिर जोर दिया अब दूतावास ने मना कर दिया है उनके ख्याल से अब कोई उम्मीद नहीं है। वह इस बारे में एनआरएआई को सूचना दे रहे हैं। पाक को इस वल्र्ड कप में रैपिड फायर पिस्टल में गुलाम मुस्तफा बशीर, खलील अख्तर के साथ कोच रजी अहमद खान को भेजना था।
दो माह पहले शुरू कर दी थी वीजा प्रक्रिया
एनआरएआई का दावा है कि उसने पाक को वीजा देने की प्रक्रिया दो माह पहले शुरू कर दी थी। पुलवामा आतंकी हमले से पहले गृह मंत्रालय ने भी पाक टीम को क्लीयरेंस दे थी जिसकी सूचना पीएनआरए को दे दी गई थी। एनआरएआई सचिव राजीव भाटिया का कहना है कि पाक शूटिंग और भारतीय दूतावास ने उन्हें खुद वीजा जारी किए जाने की बात कही है। अब यह कौन सा दांव है उन्हें नहीं मालूम।
पाक करेगा आईओसी से शिकायत
वीजा जारी नहीं किए जाने को ढाल बनाकर पीएनआरए ने एनआरएआई की शिकायत अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक परिषद से करने की तैयारी कर ली है। आईओसी नियमों के तहत अगर किसी देश को आयोजक की ओर से वीजा नहीं जारी किया जाता है तो उसे निकट भविष्य में किसी अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप की मेजबानी नहीं दी जाती है। वीजा जारी नहीं किए जाने की बात सही साबित हो गई तो एनआरएआई मुश्किल में भी पड़ सकता है। हाल ही में आईओसी ने मलेशिया के साथ ऐसा किया है। मलेशिया ने वल्र्ड पैरा स्वीमिंग में इस्राइल को वीजा नहीं दिया था। उनसे इस चैंपियनशिप की मेजबानी छीन ली थी।