एनआरएआई शूटरों का सारा खर्च उठाएगी, रहना-खाना, हवाई यात्रा का खर्च अपने पास से देगी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एनआरएआई ने कॉमनवेल्थ गेम्स फेडरेशन (सीजीएफ) को दिए प्रस्ताव में कहा है कि इस चैंपियनशिप में खेलने के लिए 2018 के गोल्ड कोस्ट कॉमनवेल्थ गेम्स में खेलने वाले 38 देशों के शूटरों का सारा खर्च उसकी ओर से उठाया जाएगा।
इस चैंपियनशिप में खेलने के लिए इन 38 देशों के शूटरों को अपनी जेब से कुछ नहीं लगाना पड़ेगा। एनआरएआई ने शूटरों के होटल में रहने, खाने, ट्रांसपोर्टेशन के अलावा हवाई यात्रा का खर्च उठाने का फैसला लिया है।
यही कारण है कि एनआरएआई को उम्मीद है कि सीजीएफ भारत की ओर से 2022 की अलग से कॉमनवेल्थ गेम्स शूटिंग चैंपियनशिप कराने की मंजूरी दे देगा। बृहस्पतिवार को सीजीएफ स्पोर्ट्स काउंसिल की बैठक में आईओए की ओर से शूटिंग और तीरंदाजी की कॉमनवेल्थ गेम्स चैंपियनशिप कराने के प्रस्ताव को रखा जा रहा है।
काउंसिल में प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद इसे फरवरी माह में सीजीएफ की कार्यकारिणी में रखा जाएगा। इन दोनों चैंपियनशिप में जीते गए पदकों को कॉमनवेल्थ गेम्स की पदक तालिका में शामिल किए जाने का भी प्रस्ताव है।
दस करोड़ आएगा चैंपियनशिप का खर्च
अमूमन किसी भी चैंपियनशिप या खेलों में भाग लेने के लिए रहने-खाने से लेकर हवाई यात्रा का खर्च उठाना पड़ता है, लेकिन एनआरएआई ने मेजबानी के लिए सभी शूटरों के लिए यह चैंपियनशिप मुफ्त कर दी है। हालांकि एनआरएआई ने यह भी साफ किया है कि उसकी ओर से गोल्ड कोस्ट कॉमनवेल्थ गेम्स में खेलने वाले देशों के उतने ही शूटरों का खर्च उठाया जाएगा जितने शूटर इन खेलों में खेले थे।
गोल्ड कोस्ट में 38 देशों के कुल 282 शूटरों ने शिरकत की थी। 2010 के दिल्ली कॉमनवेल्थ खेलों में भाग लेने वाले देशों के खिलाडिय़ों का खर्च आयोजकों ने उठाया था। शूटिंग की चैंपियनशिप का खर्च जहां एनआरएआई उठाने जा रही है। वहीं तीरंदाजी इवेंट का खर्च सरकार उठाएगी, लेकिन तीरंदाजों के खर्च उठाने पर कोई फैसला नहीं हुआ है।
एनआरएआई के अध्यक्ष रणइंदर सिंह ने अमर उजाला से स्वीकार किया कि शूटरों का सारा खर्च उठाने का प्रस्ताव दिया गया है। ऐसा हर हाल में चैंपियनशिप की मेजबानी हासिल करने के लिए किया गया है। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि इस चैंपियनशिप के आयोजन पर 10 करोड़ का खर्च आने की उम्मीद है।