coronavirus: अमेरिका में लोगों की जान बचा रहीं महान धावक मिल्खा सिंह की डॉक्टर बेटी मोना
महान फर्राटा धावक मिल्खा सिंह की बेटी और मशहूर गोल्फर जीव मिल्खा सिंह की बड़ी बहन इन दिनों न्यूयार्क के एक अस्पताल में कोरोना वायरस पीड़ितों के उपचार में जुटीं हैं। मोना मिल्खा सिंह न्यूयार्क के मेट्रोपॉलिटन हॉस्पिटल सेंटर में डॉक्टर हैं। वह कोरोना के आपात मरीजों का इलाज कर रहीं हैं।
54 वर्षीय मोना ने पटियाला से एमबीबीएस किया और नब्बे के दशक में अमेरिका में बस गईं। चार बार के यूरोपीय टूर चैम्पियन जीव ने कहा, 'वह न्यूयॉर्क के मेट्रोपॉलिटन अस्पताल में आपात कक्ष डॉक्टर है। जब भी कोरोना के लक्षण वाला कोई मरीज आता है तो उसे उपचार करना होता है।'
भाई को बहन पर गर्व है
जीव की माने तो, 'वह पहले मरीज की जांच करती है जिसके बाद उन्हें पृथकवास के लिए विशेष वार्ड में भेजा जाता है। मुझे उस पर गर्व है। वह हर रोज मैराथन दौड़ रही है। वह हफ्ते में पांच दिन काम करती है। कभी दिन में, कभी रात में और बारह बारह घंटे। मैं उसे लेकर चिंतित हूं। लोगों का इलाज करते समय कुछ भी हो सकता है।'
मम्मी-पापा करते हैं रोज बात
'हम उससे रोज बात करते हैं। मम्मी पापा भी रोज उससे बात करते हैं। मैं उसे सकारात्मक रहने और प्रतिरोधक क्षमता बढाने के लिये कहता हूं, उन्होने कोरोना के खिलाफ मोर्चे पर काम में लगे कर्मवीरों का सम्मान करने की अपील की।'
कोरोना वॉरियर्स का सम्मान करें
भारत में स्वास्थ्यकर्मियों पर हमलों की घटनाए सामने आई हैं। जीव ने कहा कि, 'मैं देश के हर नागरिक से अपील करना चाहता हूं कि कोरोना के खिलाफ लड़ाई में जुटे लोगों का सम्मान करे। चाहे वह डॉक्टर हो, पुलिस या फिर सफाईकर्मी। उनका सम्मान करना चाहिए और उनकी चिंता करनी चाहिए।