CWG 2018: मनोज समेत पांच मुक्केबाज सेमीफाइनल में, पक्के किए मेडल
भारतीय मुक्केबाजों ने रिंग में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा है। मनोज सहित पांच पुरुष मुक्केबाजों ने सेमीफाइनल में पहुंच कर कम से कम कांस्य पदक पक्के कर लिए। दिग्गज मनोज कुमार (69 किग्रा) ने राष्ट्रमंडल खेलों का अपना दूसरा पदक पक्का कर लिया। अमित पांगल (49 किग्रा), मोहम्मद हुसामुद्दीन (56 किग्रा), सतीश कुमार (91 किग्रा) और नमन तंवर (91 किग्रा) ने अपने पदार्पण राष्ट्रमंडल खेलों के ही अंतिम चार में पहुंचकर इन्हें यादगार बना दिया।
हरियाणा के 22 वर्षीय अमित ने क्वार्टर फाइनल में स्कॉटलैंड के अकील अहमद को विभाजित फैसले में 4-1 से पराजित किया। वहीं 19 बरस के दिल्ली के मुक्केबाज नमन ने समोआ के फ्रैंक एम को एकतरफा मुकाबले में 5-0 से मात दी। 2010 राष्ट्रमंडल खेलों के चैंपियन मनोज ने ऑस्ट्रेलिया के टैरी निकोलस को 4-1 से, हुसामुद्दीन ने जांबिया के इरेरिस्तो को 5-0 से और सतीश ने त्रिनिदाद एंड टोबैगो के निगुल पॉन को 4-1 से पराजित कर सेमीफाइनल का टिकट कटाया।
पांच बार की विश्व चैंपियन एमसी मैरीकॉम अंतिम चार में
लगातार तीसरे अंतरराष्ट्रीय स्वर्ण पदक की और बढ़ रहे अमित ने कहा कि इसमें कोई शक नहीं कि यह मेरे करियर का सबसे यादगार पदक होने जा रहा है। मुझे पूरा विश्वास है कि मैं स्वर्णिम पंच जड़ने में सफल रहूंगा। अमित ने इंडिया ओपन और बुल्गारिया में हुए स्ट्रांजा मेमोरियल टूर्नामेंट में पीले तमगे जीते थे।
नमन यूथ वर्ल्ड चैंपियनशिप के पूर्व कांस्य पदक विजेता हैं। उन्होंने राष्ट्रीय ट्रायल में एशियन रजत पदक विजेता सुमित सांगवान को मात देकर गोल्ड कोस्ट का टिकट कटाया था। नमन का फाइनल में जगह बनाने के लिए शुक्रवार को ऑस्ट्रेलिया जॉसन से सामना होगा।