{"_id":"5c507855bdec224d0445343d","slug":"goa-national-games-can-shift-from-there-says-ioa","type":"story","status":"publish","title_hn":"फिर स्थगित हो सकते हैं गोवा राष्ट्रीय खेल, दूसरे स्थल पर विचार कर सकता है आईओए","category":{"title":"Other Sports","title_hn":"अन्य खेल","slug":"other-sports"}}
फिर स्थगित हो सकते हैं गोवा राष्ट्रीय खेल, दूसरे स्थल पर विचार कर सकता है आईओए
Tue, 29 Jan 2019 09:29 PM IST
अंशुल तलमले
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला
Published by: अंशुल तलमले
Updated Tue, 29 Jan 2019 09:29 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आम चुनावों के कारण गोवा ने मार्च-अप्रैल में 36वें राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी में असमर्थता जाहिर की है जिससे ये खेल एक बार फिर स्थगित हो सकते हैं। भारतीय ओलंपिक संघ हालांकि इससे नाराज है और उसने आयोजन स्थल बदलने की धमकी दी है।
विज्ञापन
आईओए को लिखे पत्र में गोवा सरकार ने आगामी चुनाव, सुरक्षा और वालंटियर संबंधी मुद्दों का हवाला देकर राष्ट्रीय खेलों को स्थगित करने को कहा है जिनमें पहले ही काफी विलंब हो चुका है।
विज्ञापन
राष्ट्रीय खेलों का आयोजन 2016 में होना था, लेकिन इनके कार्यक्रम में कई बार बदलाव किया जा चुका है। खेलों को आयोजन 30 मार्च से 14 अप्रैल तक किया जाना था।
विज्ञापन
आईओए महासचिव राजीव मेहता ने कहा कि अगर गोवा खेलों की मेजबानी की प्रतिबद्धता नहीं जताता है तो वे खेलों को स्थानांतरित करने पर विचार कर सकते हैं।
मेहता ने कहा है कि अगर खेलों का पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजन नहीं होता है तो आईओए गोवा पर 10 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाएगा।
मेहता ने पीटीआई से कहा, ‘हम खुश नहीं हैं। ऐसा लगता है कि उनमें (गोवा में) प्रतिबद्धता की कमी है। हमने पहले ही छत्तीसगढ़ सरकार के साथ चर्चा शुरू कर दी है कि क्या वे इस साल खेलों की मेजबानी कर सकते हैं। राष्ट्रीय खेलों के मुद्दे पर फैसले के लिए हमें आगामी दिनों में आईओए की कार्यकारी समिति की बैठक बुलाएंगे।’
उन्होंने कहा, ‘हम गोवा पर 10 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाएंगे। इस समय भागा नहीं जा सकता। उन्हें खेलों की मेजबानी के लिए पर्याप्त समय दिया गया है। लगातार विलंब देश के खिलाड़ियों का नुकसान है।’
गोवा में राष्ट्रीय खेलों का आयोजन पिछले साल नवंबर में होना था। आईओए के अगले राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी पहले ही छत्तीसगढ़ (2019), उत्तराखंड (2020) और मेघालय (2022) को सौंप चुका है।
गोवा सरकार ने अक्टूबर-नवंबर में खेलों के आयोजन का प्रस्ताव रखा है लेकिन मेहता ने कहा कि राज्य को खेलों की मेजबानी की प्रतिबद्धता जतानी होगी।