खुलासा: दूसरे थ्रो के बाद ही 'विक्ट्री मोड' में क्यों आ गए थे, पीएम मोदी के सवाल पर नीरज ने दिया यह शानदार जवाब
बीते सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टोक्यो ओलंपिक में भाग ले चुके भारतीय एथलीटों से अपने आवास पर मुलाकात की। इस दौरान पीएम मोदी ने स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा से पूछा कि वह दूसरे प्रयास में भाला फेंकने के बाद विक्ट्री मोड में क्यों आ गए थे।
विस्तार
बीते सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने आवास पर टोक्यो ओलंपिक में भाग ले चुके भारतीय एथलीटों से मुलाकात की। इस दौरान पीएम मोदी ने पदक जीतने वाले सभी खिलाड़ियों से खुलकर बात की। खिलाड़ियों से मुलाकात के दौरान उन्होंने टोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा से पूछा कि आप दूसरा थ्रो करने के बाद विक्ट्री मोड में क्यो आ गए?
पीएम मोदी ने कहा, जब तुमने दूसरी बार अपना भाला फेंका तो तुम विक्ट्री के मोड में आ गए और एक दम तुम जीत सेलिब्रेट करने लगे, इसके पीछे बहुत बड़ा कॉन्फिडेंस होता है, पूरी जान लगानी पड़ती है, यह सब कैसे संभव हुआ?
#WATCH | Prime Minister Narendra Modi interacts with #TokyoOlympics gold medalist Neeraj Chopra. The PM appreciates him and says, "...I have seen that success doesn't get to your head and loss doesn't stay in your mind..." pic.twitter.com/ajgznSSnTK
विज्ञापन विज्ञापन— ANI (@ANI) August 18, 2021
प्रधानमंत्री के इस सवाल के जवाब में नीरज चोपड़ा ने कहा, हम इतने साल से उसी की ट्रेनिंग कर रहे हैं, प्रयास बता देता है कि हां बेस्ट थ्रो है, सबसे बड़ी बात तो कॉन्फिडेंस है वह ट्रेनिंग से आता है। इसके बाद पीएम मोदी ने आगे कहा कि तुम्हें इतना पता है कि तुम 85 मीटर फेंकोगे 86 मीटर फेंकोगे लेकिन तुम्हें औरों का पता नहीं है कि 90 मीटर जाएगा 88 मीटर जाएगा।
प्रधानमंत्री ने नीरज की तारीफ करते हुए आगे कहा, मैंने देखा है विजय तुम्हारे सर पर नहीं चढ़ती है और दूसरी चीज जो मैंने देखी है कि पराजय तुम्हारे मन में नहीं बैठती, दोनों चीजें बहुत बड़ी हैं, जितनी बार मैं तुमसे बात की है मैंने बैलेंसिंग चीजें देखी हैं कुछ तो होगा नीरज।
पीएम के इस सवाल पर नीरज ने कहा, प्रतिद्वंदी तो होता है लेकिन हमें अपना बेस्ट देना होता है, हम फाइनल खेलते हैं जिसमें 12 लोग होते हैं, लेकिन उन एथलीटों के बीच में हमें अपने आपको फोकस करना होता है, मैं कोशिश करता हूं कि दूसरी की फरफॉर्मेंस पर ध्यान न देके अपनी परफॉर्मेंस कैसे अच्छी करनी है उस पर फोकस करता हूं, उसी के लिए पूरा जोर लगाता हूं।
हाल ही में संपन्न हुए टोक्यो ओलंपिक में नीरज चोपड़ा ने पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था। फाइनल मुकाबले में उनका दूसरा थ्रो 87.58 मीटर का था जिसके आधार पर उन्होंने गोल्ड मेडल जीता। नीरज ट्रैंक एंड फील्ड स्पर्धा में ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले भारत के पहले एथलीट हैं।
क्या आपने पंजाबी बोलना सीखा? श्रीजेश से पीएम मोदी
नीरज ही नहीं वहां पहुंचे सभी खिलाडियों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुलकर बात की। बातचीत के दौरान भारतीय गोलकीपर पीआर श्रीजेश से पीएम ने पूछा कि क्या आपने पंजाबी बोलना सीखा क्योंकि राष्ट्रीय टीम में पंजाब के कई खिलाड़ी हैं।' वहीं, रुपिंदर पाल सिंह ने पीएम मोदी ने पूछा 'कितने लंबे हैं आप। आप वॉलीबॉल खेलने नहीं गए थे।' इस दौरान भारतीय हॉकी टीम ने पीएम मोदी को सभी खिलाड़ियों के हस्ताक्षर वाली हॉकी स्टिक भेंट की।
अगर नेता आपकी बात सुनेंगे, तो वे आपको चुनाव लड़ने के लिए कहेंगे- दुती चंद से पीएम
वहीं, धावक दुती चंद से पीएम मोदी ने कहा, 'अगर नेता आपकी बात सुनेंगे, तो वे आपको चुनाव लड़ने के लिए कहेंगे।' बता दें कि दुती 100 और 200 मीटर के पहले ही राउंड में हार गई थीं। इस दौरान पीएम ने कहा, 'हमारा हर प्रयास एक प्रेरणा है और ऐसा नहीं है कि केवल पदक विजेता ही दूसरों को प्रेरित करते हैं।'
आप उन लोगों को नहीं भूले, जिन्होंने आपकी यात्रा में आपकी मदद की- चानू से पीएम मोदी
वहीं, रजत पदक विजेता मीराबाई चानू से प्रधानमंत्री मोदी ने बैक पेन के बारे में पूछा। मोदी ने कहा, 'आप उन लोगों को नहीं भूले, जिन्होंने आपकी यात्रा में आपकी मदद की। बता दें कि पीएम ने यह इसलिए कहा कि क्योंकि चानू को एक ट्रक ड्राइवर ने मदद किया था, जिसका जिक्र चानू ने खुद किया था।' जब लवलीना ने पीएम मोदी को बॉक्सिंग ग्लव्स भेंट की तो मोदी ने कहा, मैं ये पहनूंगा तो राजनीति करने वाले लोग बोलेंगे मोदी गड़बड़ करने वाला है।'
मैरी कॉम और दीपिका को पीएम मोदी ने कही बड़ी बात
जब मैरी कॉम ने माफी मांगी कि वह इस बार पदक नहीं ला सकीं तो प्रधानमंत्री ने कहा, 'आपने भारतीय खेलों में एक बड़ा योगदान दिया है और आपकी वजह से देश ने महिला खिलाड़ियों का ध्यान आकर्षित किया है। आपने बहुत कुछ किया है।' वहीं, महिला तीरंदाज दीपिका ने मेडल न लाने पर सॉरी कहा तो मोदी ने कहा, 'क्या सॉरी, खिलाड़ी को कभी उम्मीद नहीं छोड़ना चाहिए।'