दिग्गज मुक्केबाज और सांसद मैरीकॉम ने तोड़ा क्वारंटीन नियम, राष्ट्रपति के साथ किया नाश्ता
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप से दुनियाभर में लोग परेशान हैं। महामारी का रूप ले चुके इस वायरस से बचाव के लिए विश्व स्वास्थ संगठन सहित कई एजेंसियों ने लोगों को खुद को कम से कम 14 दिन के लिए पृथक होने के लिए कहा है। वहीं भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सभी से दिशानिर्देशों का पालन करने की अपील की है। हालांकि भारत में लगातार बड़े पद पर बैठे और मशहूर हस्तियों द्वारा ही इसका उल्लंघन हो रहा है। ताजा मामले में भारत की दिग्गज मुक्केबाज और राज्यसभा सांसद मैरीकॉम द्वारा इस नियम को तोड़ने की चर्चा है।
छह बार की विश्व चैंपियन एवं ओलंपिक पदक विजेता और हाल ही में पद्म विभूषण से नवाजी गईं मैरीकॉम पिछले हफ्ते जॉर्डन के अम्मान से भारत लौटी थीं, इसके बाद उन्हें और अन्य मुक्केबाजों को भी 14 दिन के लिए पृथक होने को कहा गया था। लेकिन 13 मार्च को स्वदेश लौटने के बाद मैरीकॉम राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद द्वारा 18 मार्च को आयोजित नाश्ते में शामिल हुईं।
राष्ट्रपति के ट्विटर हैंडल से शेयर की गई तस्वीर में मैरीकॉम साफ नजर आ रही हैं। पोस्ट के अनुसार इस नाश्ते का आयोजन राजस्थान और उत्तरप्रदेश के सांसदों के लिए किया गया था।
President Kovind hosted Members of Parliament from Uttar Pradesh and Rajasthan for breakfast at Rashtrapati Bhavan this morning. pic.twitter.com/Rou6GLrSHH
— President of India (@rashtrapatibhvn) March 18, 2020
बता दें कि मैरीकॉम सहित भारतीय मुक्केबाजों का एक बड़ा दल ओलंपिक क्वालीफाइंग इवेंट के लिए जॉर्डन गया था, जहां भारत को रिकॉर्ड नौ ओलंपिक कोटा हासिल हुए।
बात करें कोरोना वायरस के प्रभाव की तो फिलहाल इस महामारी की वजह से दुनियाभर में अब तक 11 हजार से अधिक मौतें हो चुकी हैं और प्रभावितों की संख्या तेजी से ढाई लाख की तरफ बढ़ रही है। इस खतरनाक वायरस से सबसे ज्यादा अभी तक चीन, इटली, ईरान और स्पेन प्रभावित हुए हैं और यहां पर मरने वालों का आंकड़ा भी सबसे अधिक है।वहीं भारत में भी अब इसके में लगातार बढ़ोतरी हो रही है और शनिवार को प्रभावितों का आंकड़ा 300 के करीब पहुंच गया।
भारत में इसके बढ़ते खतरे को देखते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने पूरे देश से रविवार को सुबह सात से रात के नौ बजे तक 14 घंटे का जनता कर्फ्यू लागू करने के लिए कहा है।