अमर उजाला विशेष: कश्मीर में खेल के लिए 25 पाकिस्तानियों को भारत ने नहीं दिया वीजा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कश्मीर की वादियों में पहली बार कोई अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट कराया जा रहा है। श्रीनगर में एक से तीन अक्टूबर तक होने वाली एशियाई पेंचाक सिलाट चैंपियनशिप में पाकिस्तान ने भी खेलने की इच्छा जताई। उसने इस्लामाबाद स्थित भारतीय दूतावास में 25 खिलाडिय़ों का वीजा मांगा, लेकिन पाक टीम को वीजा देने से इंकार कर दिया गया।
पाकिस्तान ने इंडियन पेंचाक सिलाट फेडरेशन से पाकिस्तानी टीम को वीजा दिलाने की गुहार लगाई है, लेकिन फेडरेशन ने भी हाथ खड़े कर दिए हैं। यही नहीं जापान टीम को उन्हीं के दूतावास ने हिदायत जारी की है कि कश्मीर रेड जोन में आता है। वहां टीम भेजना जोखिम भरा हो सकता है। जिसके चलते जापान ने वीजा के लिए आवेदन ही नहीं किया।
वहीं चीन ने फंड नहीं होने की बात कहकर टीम भेजने से इनकार कर दिया है। बावजूद इसके जकार्ता एशियाई खेलों में इस खेल में 14 गोल्ड जीतकर वर्चस्व स्थापित करने वाले इंडोनेशिया समेत 10 देशों ने इस चैंपियनशिप में खेलने को हामी भर दी है।
इंडियन पेंचाक सिलाट फेडरेशन के डायरेक्टर ने क्या कहा
डायरेक्टर जनरल मुहम्मद इकबाल ने खुलासा किया है कि पाकिस्तान की ओर से उन्हें चैंपियनशिप में खेलने के लिए ईमेल आया है। उन्होंने 25 खिलाड़ियों को वीजा नहीं मिलने की बात कही है। उन्होंने वीजा के लिए कोशिश करने को कहा है।
हालांकि वह जानते हैं कि मामला कश्मीर का है जिसके चलते पाक टीम को वीजा मिलना संभव नहीं होगा। जापान टीम को उन्होंने समझाया है। वह फिर से वीजा की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन चीन ने प्रायोजक नहीं मिलने की बात कहकर आने से इंकार किया है।
इकबाल के मुताबिक कश्मीर क्षेत्र में पहली बार कोई अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट हो रहा है जिसमें इंडोनेशिया, सिंगापुर, मलेशिया, वियतनाम, नेपाल, थाईलैंड, बांग्लादेश, चाईनीज ताईपे, दक्षिण कोरिया और फिलीपींस ने आने के लिए हामी भरी है।
खेल मंत्रालय ने दी चैंपियनशिप को हरी झंडी
मंत्रालय की मंजूरी मिलते ही चैंपियनशिप में खेलने वाले देशों ने वीजा की प्रक्रिया शुरू की। अगर मंत्रालय की मंजूरी नहीं मिलती तो चैंपियनशिप का आयोजन नहीं हो सकता था। इकबाल का कहना है कि यह चैंपियनिशप श्रीनगर के इंडोर स्टेडियम में आयोजित की जाएगी।