IND vs CHI: भारत ने जारी रखी ओलंपिक की लय, एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी खिताब का किया बचाव, जानें कब-कब बना विजेता
गत चैंपियन भारत ने फाइनल में चीन को 1-0 से हराया और टीम की जीत के नायक जुगराज सिंह रहे जिन्होंने निर्धारित समय खत्म होने से नौ मिनट शेष रहते हुए निर्णायक गोल दागा। भारतीय टीम पिछले महीने पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने में सफल रही थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पहली बार इस टूर्नामेंट का फाइनल खेल रही चीन ने खिताबी मुकाबले में भारत को कड़ी टक्कर दी। भारतीय टीम को गोल करने के मौके मिले, लेकिन चीन का डिफेंस प्रभावित करने में सफल रहा और उसने भारत को बढ़त लेने का मौका नहीं दिया। शुरुआती तीन क्वार्टर तक दोनों टीमें गोलरहित बराबरी पर चल रही थी और ऐसा लग रहा था कि विजेता का फैसला पेनल्टी शूटआउट के जरिये ही निकलेगा। हालांकि, जुगराज ने 51वें मिनट में मैदानी गोल कर भारत को बढ़त दिलाई और फिर चीन को अंतिम सीटी बजने तक बराबरी का गोल करने से रोका। इस मैच में कप्तान हरमनप्रीत भले ही गोल नहीं कर सके, लेकिन उन्होंने जुगराज को गोल दागने में मदद की।
भारतीय टीम ने पांचवीं बार इस टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया है। दिलचस्प बात यह है कि टीम लगातार दूसरी बार विजेता बनकर उभरी है। भारत ने सबसे पहले 2011 में पाकिस्तान को हराकर एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीता था। इसके बाद उसने 2016 में भी पाकिस्तान को हराकर इस ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। भारतीय टीम ने 2023 में मलेशिया को फाइनल में हराकर चौथे बार इस टूर्नामेंट का खिताब जीता और अब रिकॉर्ड पांचवीं बार विजेता बनने में सफल रही। भारतीय टीम इस टूर्नामेंट की सबसे सफल टीम है।
खिताब के प्रबल दावेदार के रूप में उतरी भारतीय टीम ने पहले लीग मैच में चीन को 3-0 से हराया था, लेकिन फाइनल मुकाबला काफी कठिन रहा। पहले दो क्वार्टर में भारत ने गोल करने के कई मौके बनाए, लेकिन चीन भी जवाबी हमले में पीछे नहीं था। राजकुमार पाल ने पहला हमला बोला जिसे चीन के गोलकीपर वांग वेइहाओ ने बचा लिया। राजकुमार ने 10वें मिनट में भारत को पहला पेनल्टी कॉर्नर दिलाया लेकिन हरमनप्रीत सिंह गोल नहीं कर सके। दो मिनट बाद नीलाकांत शर्मा का शॉट वांग ने बचाया और अगले मिनट सुखजीत सिंह को गोल नहीं करने दिया। पहले क्वार्टर से कुछ सेकेंड पहले भारत ने पेनल्टी कॉर्नर गंवाया लेकिन कृष्ण बहादुर पाठक गोल के सामने मुस्तैद थे। दूसरे क्वार्टर में भी कहानी यही रही जब गेंद पर नियंत्रण में भारत ने बाजी मारी लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय हॉकी टीम को खिताबी जीत पर बधाई दी। पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, एशियाई पुरुष हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2024 जीतने के लिए भारतीय पुरुष हॉकी टीम को बधाई। उनके उल्लेखनीय प्रदर्शन, अटूट भावना और समर्पण ने देश को गौरवान्वित किया है।
Congratulations to the incredible Indian Men's Hockey Team for winning the Asian Men's Hockey Champions Trophy 2024!
— Narendra Modi (@narendramodi) September 17, 2024
Their remarkable performance, unwavering spirit and dedication have made the nation proud. pic.twitter.com/ZCd7liZk83