{"_id":"720b0d74-6008-11e2-93f9-d4ae52bc57c2","slug":"ranchi-thrilling-win-over-punjab-in-hil","type":"story","status":"publish","title_hn":"HIL: रांची की पंजाब पर रोमांचक जीत","category":{"title":"Hockey","title_hn":"हॉकी","slug":"hockey"}}
HIL: रांची की पंजाब पर रोमांचक जीत
जालंधर/एजेंसी
Updated Wed, 16 Jan 2013 11:43 PM IST
विज्ञापन
रांची राइनोज ने हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) में अपने अभियान की विजयी शुरुआत करते हुए जेपी पंजाब वारियर्स को रोमांचक मुकाबले में 2-1 से हरा दिया। पंजाब की यह लगातार दूसरी हार है। रांची ने मैच के तीसरे क्वार्टर में छह मिनट के अंतराल में दो गोल दागकर मुकाबला अपने पक्ष में कर लिया। एश्ले जैक्सन ने 44वें मिनट में पेनाल्टी कार्नर से और 50वें मिनट में मनदीप सिंह ने शानदार मैदानी गोल ठोका। यहां के सुरजीत हॉकी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में पंजाब ने पलटवार करने के लिए अंतिम दस मिनटों में काफी जोर लगाया।
विज्ञापन
हालांकि 63वें मिनट में गोवर्स ने गोल करके कुछ उम्मीद बांधी लेकिन रांची ने फिर अपना किला बखूबी बचाए रखा। मैच की शुरुआत से ही रांची ने पंजाब पर दबाव बनाया। रांची को 11वें मिनट में पहला पेनाल्टी कार्नर मिला लेकिन यह बेकार गया। पहले दो क्वार्टर गोल रहित रहने के बाद रांची ने तीसरे क्वार्टर में हमलों की बौछार कर दी और छह मिनट के अंतराल में दो गोल दागकर पंजाब को उसके घरेलू मैदान में दबाव में ला दिया। मारित्ज फुएर्स्ते को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
विज्ञापन