स्पेन दौरे के लिए महिला हॉकी टीम का ऐलान, रानी रामपाल समेत स्टार खिलाड़ी की हुई वापसी
अनुभवी स्ट्राइकर कप्तान रानी रामपाल और फुलबैक सुशीला चानू पुरखंबम की स्पेन के दौरे पर जाने के लिए भारत की 20 सदस्यीय महिला हॉकी टीम में वापसी हुई है। भारत की महिला टीम अपने स्पेन दौरे का आगाज उसके खिलाफ 12 जून को पहला मैच खेल कर करेगी। भारतीय महिला टीम 10से 19 जून तक स्पेन दौरे पर रहेगी। रानी रामपाल और सुशीला को दक्षिण कोरिया में महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में शिरकत कर वहां से रजत पदक जीत कर लौटने वाली टीम में जगह न देकर आराम दिया गया था।
रानी रामपाल को दरअसल राष्ट्रमंडल खेलों में घुटने में हल्की चोट आ गई थी और इस आराम से उनसे इससे उबर कर पूरी तरह फिट होने का मौका दिया गया था। भारत की महिला हॉकी टीम के चीफ कोच की सात महीने बाद फिर से जिम्मेदारी संभालने के बाद सोएर्ड मराइन के लिए स्पेन दौरा अपनी सभी खिलाडिय़ों के साथ सभी विकल्पों को आजमाने और लंदन महिला हॉकी विश्व कप के लिए अपनी टीम को अंतिम रूप देने का मौका है।
सुनीता लाकड़ा की अगुवाई में दक्षिण कोरिया में महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में रजत पदक जीतने वाली टीम की सभी 18 सदस्यों को हॉकी इंडिया ने शुक्रवार को स्पेन दौरे के लिए टीम में बरकरार रखा है। इन सभी के साथ रानी रामपाल और सुशीला चानू को भी शामिल कर भारतीय महिला टीम 20 सदस्यीय कर दी गई है। भारत की टीम स्पेन दौरे में उसके घर में उसके खिलाफ पांच मैच खेलेगी। रानी रामपाल की अगुवाई वाली भारतीय टीम के लिए यह स्पेन दौरा खुद को अगले महीने 21 जुलाई से 5 अगस्त तक लंदन में होने वाले महिला हॉकी विश्व कप के लिए तैयार करने का मौका होगा।
भारत की महिला हॉकी टीम के चीफ कोच सोएर्ड मराइन ने कहा, 'स्पेन में उसके खिलाफ पांच मैच हमारी खिलाडिय़ों के लिए सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर आगामी लंदन महिला विश्व कप हॉकी टूर्नामेंट के लिए भारतीय टीम के लिए दावेदारी पेश करने का आखिरी मौका है। स्पेन के खिलाफ ये मैच टीम की खिलाडिय़ों को लंदन में महिला विश्व कप और उसके तुरंत बाद अगस्त में जकार्ता में एशियाई खेलों के लिए लय पाने का मौका मुहैया कराएंगे। हमारे लिए अपनी सभी खिलाडिय़ों को तरोताजा रखना अहम है। हम इसीलिए स्पेन दौरे में अपनी खिलाडिय़ों को बराबर बहुत रोटेट करेंगे। ऐसा करने का मकसद हम इन दोनों बड़े टूर्नामेंट से पहले कुछ अच्छे मैच खेलने को मिल सकें।'
भारत की महिला टीम इस प्रकार है :
गोलरक्षक: सविता पूनिया (उपकप्तान), स्वाति।
रक्षापंक्ति : सुनीता लाकड़ा, दीप ग्रेस एक्का, सुमन देवी थोडम, दीपिका, गुरजीत कौर,सुशीला देवी पुरखंबम।
मध्यपंक्ति : नमिता टोपो, लिलिमा मिंज, मोनिका, नेहा गोयल, नवजौत कौर, निकी प्रधान।
अग्रिम पंक्ति : रानी रामपाल, वंदना कटारिया, नवनीत कौर, ललरेमसियामी, उदिता, अनूपा बारला।
भारत के स्पेन के खिलाफ उसके घर में पांच मैचों का कार्यक्रम : पहला मैच 12 जून, दूसरा मैच 13 जून, तीसरा मैच 15 जून, चौथा मैच 16 जून तथा पांचवां और आखिरी मैच 18 जून।