{"_id":"5b5f41264f1c1b27618b7a46","slug":"india-face-italy-in-crucial-cross-over-match-in-women-hockey-world-cup","type":"story","status":"publish","title_hn":"हॉकी विश्व कपः इटली के खिलाफ जीत से भारत को मिलेगा क्वार्टर फाइनल में प्रवेश","category":{"title":"Hockey","title_hn":"हॉकी","slug":"hockey"}}
हॉकी विश्व कपः इटली के खिलाफ जीत से भारत को मिलेगा क्वार्टर फाइनल में प्रवेश
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला
Updated Tue, 31 Jul 2018 04:23 AM IST
विज्ञापन
भारत महिला हॉकी टीम
बेहतर रैंकिंग की अमेरिका की टीम को 1-1 से बराबरी पर रोकने के बाद भारतीय महिला हॉकी टीम ने विश्व कप के क्रासओवर दौर में प्रवेश कर लिया। अब मंगलवार को दसवीं रैंकिंग की भारतीय टीम की टक्कर 17वीं रैंकिंग की टीम इटली से होगी। यदि इसमें जीत मिलती है तो गुरुवार को भारत का मुकाबला क्वार्टर फाइनल में आयरलैंड के साथ होगा।
विज्ञापन
ग्रुप मैचों में भारतीय टीम ने इंग्लैंड और अमेरिका के साथ अंक बांटे जबकि आयरलैंड के खिलाफ मैच में उसे हार का सामना करना पड़ा। ग्रुप ए में दूसरे स्थान पर रही इटली ने चीन (3-0), कोरिया (1-0) को हराया जबकि नीदरलैंड के खिलाफ उसे 1-12 से करारी हार झेलनी पड़ी।
विज्ञापन
मंगलवार को लय भारतीय टीम के साथ होगी क्योंकि पिछले मैच में नीदरलैंड के खिलाफ मनोबल घटाने वाली हार के बाद इटली की खिलाड़ियों के लिए वापसी करना आसान नहीं होगा। दूसरी ओर पिछले मैच में भारतीय टीम ने सातवें नंबर की अमेरिकी टीम के खिलाफ 11वें मिनट में ही एक गोल से पिछड़ने के बाद वापसी कर अपने विश्व कप अभियान को जारी रखा।
विज्ञापन
भारतीय टीम के पास इटली के खिलाफ जीत के लिए एक और प्रेरणा यह भी है कि उसे इस मैच में जीत से आयरलैंड के खिलाफ ग्रुप दौर में मिली हार का हिसाब चुकाने का भी मौका मिल जाएगा। दो साल पहले भारत ने हॉकी वर्ल्ड लीग सेमीफाइनल में इटली को शूटआउट में हराया था।
भारतीय कप्तान रानी रामपाल ने कहा, 'हमें स्वयं पर ध्यान देने, अपनी क्षमता को बढ़ाने और इटली के खिलाफ अपने सकारात्मक खेल को दर्शाने की जरूरत है। इसमें कोई शक नहीं है कि अगर हमें क्वार्टर फाइनल में पहुंचना है तो इस मैच में जी-जान से जुटना होगा।'