हॉकी: यूथ क्लब तीन गोल से पराजित, इस स्ट्राइकर की हैट्रिक से लगातार दूसरी जीत; पढ़ें खेल की अन्य खबरें
वाराणसी में हाॅकी, क्रिकेट सहित विभिन्न खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। अतिथियों और दर्शकों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। जीते हुए प्रतिभागियों को प्रोत्साहित भी किया गया।
विस्तार
Sports News: राष्ट्रीय खिलाड़ी शुभम पटेल ने खेले गए लीग मैच में हैट्रिक लगाई। जिला स्तरीय सब जूनियर बालक हॉकी प्रतियोगिता के चौथे मैच में यूथ क्लब को तीन गोल के अंतर से हराया। यह स्टार क्लब की लगातार दूसरी जीत है। इस जीत के साथ 3-0 से परास्त कर पूरे अंक हासिल किए।
परमानंदपुर मिनी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में स्टार क्लब की टीम ने शुभम पटेल की अगुवाई में आक्रमण की शुरुआत की। खेल के आठवें मिनट में एकल प्रयास से शुभम पटेल ने गोल कर स्टार क्लब को 1-0 की बढ़त दिला दी। एक गोल से पीछे होने के बाद यूथ क्लब की टीम ने काउंटर अटैक किया।
वही, स्टार क्लब की डिफेंस लाइन ने शानदार बचाव करते हुए हर हमले को बेकार कर दिया। हाफ टाइम होने से दो मिनट पहले मोनू प्रजापति के माइनस पास पर शुभम पटेल ने दर्शनीय गोल कर स्कोर 2-0 कर दिया।
दूसरे हाफ में दोनों टीम ने धीमी शुरुआत की। खेल के 30वें मिनट में यूथ क्लब के रितिक वर्मा गोल करने से चूक गए। खेल खत्म होने से दो मिनट पहले शुभम पटेल ने यूथ क्लब की डिफेंस लाइन गैप का लाभ उठाते हुए गोल कर अपनी हैट्रिक पूरी करते हुए स्टार क्लब को 3-0 से आगे कर दिया। निर्णायक की भूमिका तनु और सोनू ने निभाई।
बिहार के घोड़े ने जीती वाराणसी में दौड़
चोलापुर ब्लॉक के अजगरा गांव में घुड़सवारी दौड़ में बिहार और पूर्वांचल के 50 से अधिक घोड़ों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में बिहार के मोतिहारी के उस्मान ने सर्वश्रेष्ठ दौड़ लगाकर पहला स्थान हासिल किया।
मुख्य विजेता बिहार के मोतिहारी निवासी सैयद फरहान अहमद के उस्मान घोड़े को पहला स्थान, दूसरा मोतिहारी के एकता एक्सप्रेस ने जीता। प्रथम विजेता को साइकिल और दूसरे विजेता को मिक्सर दिया गया। सैयद फरहान ने बताया कि घोड़े की दौड़ प्रतियोगिता में 25 से अधिक दौड़ प्रतियोगिता उस्मान जीत चुका है। सिंधी नस्ल का घोड़ा है। इसे हर रोज तीन घंटे सेवा करते हैं। दौड़ में जौनपुर, प्रयागराज, गाजीपुर, चंदौली, आजमगढ़, मोतिहारी के घोड़ों ने प्रतिभाग किया।
200 मीटर दौड़ में महिमा ने मारी बाजी
वसंत कन्या महाविद्यालय कमच्छा में चल रही एक सप्ताहिक वार्षिक खेल प्रतियोगिता के चौथे दिन का आयोजन अत्यंत उत्साह और प्रतिस्पर्धात्मक भावना के साथ संपन्न हुआ। इसमें 200 मीटर दौड़ में महिमा ने बाजी मारी। ताइक्वांडो में शालिनी विजेता बनीं। इसके अलावा खोखो, बैडमिंटन और कैरम प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. रचना श्रीवास्तव ने करते हुए विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया। बैडमिंटन का फाइनल मुकाबला अत्यंत रोमांचक रहा। खेल समिति के सदस्य डॉ. विजय कुमार, डॉ आरपी सोनकर, डॉ. आशीष कुमार सोनकर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मार्च में एक ही दिन कबड्डी के दो बड़े मुकाबले
वित्तीय वर्ष के अंतिम सप्ताह में एक ही तिथि पर कबड्डी की दो बड़ी प्रतियोगिता होगी। आमंत्रण स्टेट कबड्डी प्रतियोगिता आजमगढ़ में होगी। दूसरी ओर सिद्धार्थ नगर में आमंत्रण स्टेट प्रतियोगिता शुरू होगी। इसमें वाराणसी के 24 खिलाड़ी खेलेंगे। प्रतियोगिता 22 से 24 मार्च तक खेली जाएगी।
वाराणसी कबड्डी एसोसिएशन सचिव विनय कुमार सिंह ने बताया कि आजमगढ़ में टीम का नेतृत्व राष्ट्रीय खिलाड़ी हरीश सिंह करेंगे। कोच की जिम्मेदारी राम पाल को दी गई है। आमंत्रण स्टेट कबड्डी प्रतियोगिता सिद्धार्थनगर में 22 से 24 मार्च तक वाराणसी की टीम राष्ट्रीय प्रतियोगिता खेल चुके रोनित सिंह के नेतृत्व में खेलेगी। सचिव विनय कुमार सिंह ने 12 सदस्यीय टीम घोषित कर दी है।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए यूपी कबड्डी टीम ने बहाया पसीना
34वीं सब जूनियर राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता बिहार के गया में 27 से 30 मार्च तक खेली जाएगी। इसमें खेलने के लिए उत्तर प्रदेश की टीम ने बृहस्पतिवार को लालपुर के डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में आयोजित शिविर में अभ्यास किया। यह शिविर 12 से 26 मार्च तक आयोजित है। 26 मार्च को ही टीम बिहार रवाना होगी। शिविर में 20 बालक और 20 बालिका खिलाड़ी हिस्सा ले रही हैं। उक्त जानकारी उत्तर प्रदेश कबड्डी संघ के महासचिव राजेश कुमार सिंह ने दी है।
राष्ट्रीय रिकाॅर्ड होल्डर अंशु रजक ने 100 मीटर दौड़ में जीता स्वर्ण
सीनियर पुरुष एथलेटिक्स आमंत्रण प्रतियोगिता लालपुर के डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में खेली गई। प्रतियोगिता में राष्ट्रीय रिकॉर्ड होल्डर अंशु रजक ने सौ मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता। प्रतियोगिता के चार सौ मीटर दौड़ में अभय कुमार ने स्वर्ण जबकि 110 मीटर हर्डल में हैदर, 800 मीटर में अभिषेक, शॉर्टपुट में प्रयागराज के प्रदीप पांडेय, ऊंची कूद में प्रयागराज के विशाल, डिस्कस थ्रो में प्रयागराज के अरुण सिंह ने स्वर्ण पदक जीता।
दो दिवसीय प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि संजय सिंह ने किया। अतिथियों का स्वागत एथलेटिक्स कोच चंद्रभान यादव, संचालन उपक्रीड़ा अधिकारी इरशाद अहमद ने किया।
एक साल का इंतजार खत्म, अब लालपुर स्टेडियम में शुरू होगी हॉकी प्रतियोगिता
एक साल देरी से लालपुर के डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम लालपुर में टर्फ लग रहा है। अब यहां नीले टर्फ पर खिलाड़ी मैच का लुत्फ उठाएंगे। टर्फ बिछाने का काम शुरू हो गया है। बिटुमिन बिछाने के बाद दूसरे लेयर को बिछाने का प्रक्रिया शुरू हो गई है। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी विमला सिंह ने बताया कि मार्च महीने से नीले टर्फ पर प्रतियोगिता और अभ्यास मैच कराए जा सकेंगे। दर्शक दीर्घा पहले ही तैयार हो चुकी है।
इसकी वाॅल पर पूर्व ओलंपियनों की तस्वीरें लगाईं गई हैं। टर्फ बिछाने से पहले आईआईटी बीएचयू की एक्सपर्ट टीम से उसकी गुणवत्ता की जांच कराई गई। जांच में पास होने के बाद टर्फ बिछाने का काम शुरू किया गया है।
स्टेडियम में पिछले एक साल से हॉकी के मैच नहीं हुए हैं। लालपुर में खेल विभाग का छात्रावास है, यहां 28 खिलाड़ी हॉकी का प्रशिक्षण लेते हैं। टर्फ न होने से चलते खिलाड़ी सिर्फ अभ्यास तक सीमित थे। नियम के मुताबिक पांच वर्ष में टर्फ बदलना होता है। लालपुर स्टेडियम में 2013 में एस्ट्रोटर्फ लगाया गया था, लेकिन इसे 2024 में बदलना शुरू किया गया था।