फाइनल में केन्या के खिलाफ रहना होगा चौकस, प्रमुख लक्ष्य है टूर्नामेंट जीतनाः कोंस्टेनटाइन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भारत के केन्या के खिलाफ मुंबई में चार देशों के इंटरकॉन्टिनेंटल कप फुटबॉल टूर्नामेंट के फाइनल की पूर्व संध्या पर राष्ट्रीय टीम के हेड कोच स्टीफन कोंस्टनेटाइन ने अपने शागिर्दों से कहा कि फाइनल एक नई चुनौती होगा और इसके लिए पूरी तरह चौकस रहना होगा। स्टीफन कोंस्टेनटाइन ने कहा, 'हमने केन्या के खिलाफ राउंड रॉबिन लीग मैच में जो जीत हासिल की वह अब एक बीती बात है। हम फाइनल में केन्या को हल्के में नहीं ले सकते हैं। हमें केन्या के खिलाफ खासतौर पर 'सेट पीस' पर पूरी तरह चौकस रहना होगा। हम फाइनल में बतौर प्रतिद्वंद्वी केन्या का सम्मान करते हैं। हमारा प्रमुख लक्ष्य टूर्नामेंट जीतना है। फाइनल में हमें एकदम नया आगाज करना होगा। हम अपने शुरू के दोनों राउंड रॉबिन मैच जीत कर फाइनल के लिए क्वॉलिफाई कर चुके थे औैर इसलिए नए खिलाडिय़ों को खेलने का मौका देना जरूरी था।'
भारत की टीम लीग चरण में केन्या को 3-0 से हरा चुकी है। कप्तान सुनील छेत्री नेभारत के लिए अपना सौंवा अंतर्राष्ट्रीय मैच खेलते हुए दो गोल कर मेजबान टीम को जीत दिला कर इस मौके को और यादगार बना दिया था। आसमान पर मंडराते काले बादल और तेज बारिश की मौसम विभाग की भविष्यवाणी इस फाइनल में कुछ खलल डाल सकती है। इस बीच कोंस्टेनटाइन ने मजाकिया लहजे में कहा, 'जो खिलाड़ी 'तैरना' जानते हैं उन्हें ही फाइनल में खेलने का मौका मिलेगा। हकीकत यह है कि मौसम हमारे काबू में नहीं है।'
उन्होंने आगे कहा, 'मैं उम्मीद करता हूं कि मैदान के हालात बेहतर हो जाएंगे। जैसा हो हमें हालात के मुताबिक खेलना होगा। एआईएफएफ के अकैडमी के नौजवान फुटबॉल अनिरुद्ध थापा ने बेहतर खेल दिखाया औैर वह एक से ज्यादा पॉजिशन पर खेलने का दम रखते हैं। अब प्रणय हलधर की बात करेंगे तो वह डिफेंसिव मिडफील्डर और डिफेंडर दोनों ही पॉजिशन पर बढिय़ा ढंग से खेल सकते हैं। वहीं जेरी भी लेफ्ट बैक और आगे भी खेल सकते हैं। दोनों सेंट्रल डिफेंडर- संदेश झींगन और और अनस इदाथोदिका ने हमारे लिए गजब का मुस्तैद प्रदर्शन किया है। मैं इन दोनों का बढिय़ा प्रदर्शन करने हमारे लिए वाकई सुखद है। आपको सही खिलाड़ी को सही जगह तैनात करने की जरूरत होती है और हमारी कोशिश भी यही है। हमें अनिरुद्ध थापा जैसे चतुर नौजवान खिलाडियों की जरूरत है।'
केन्या के कोच मिंगे और अतूदो बोले, फाइनल में नतीजा अलग होगा
वहीं केन्या के हेड कोच सेबेस्तियन मिंगे ने कहा, 'हम भारत के खिलाफ रविवार को बदला चुकाने नहीं बल्कि फाइनल में उसे हराने के इरादे से उतरेंगे। हम भारत के खिलाफ फाइनल में खेलना चाहते थे। मैं खुश हूं कि हमारी टीम फाइनल में उस भारतीय टीम के खिलाफ खेलने उतरेगी जिससे वह लीग मैच में हार गई थी। उम्मीद करता हूं कि फाइनल में नतीजा अलग रहेगा। हम इंटरकॉन्टिनेंटल कप जीतने के लिए सब कुछ झोंक देंगे। ’
वहीं केन्या टीम के सबसे वरिष्ठ खिलाड़ी जॉकिंस अतूदो ने अपने हेड कोच मिंगे की राय से इत्तफाक जताते हुए कहा ,%फाइनल में नतीजा अलग होगा। आप बस देखिएगा कि हम भारत को हराने उतरेंगे। जहा तक लीग मैच में हमारी हार का सवाल है तो जब तक स्कोर 0-0 था तब तक हम मैच में थे । हमें गोल करने के दो मौके गंवाना महंगा पड़ा। भारत को मिली पेनल्टी किक से मैच में खेल बदल गया। फिर भी यह जरूर कहूंगा कि भारतीय फुटबॉल टीम खासी मजबूत है और वह हमारी क्षमता का अच्छा इम्तिहान लेगी।