मेसी के बाद रोनाल्डो का सपना टूटा, उरुग्वे ने पुर्तगाल को 2-1 से हराकर विश्व कप से किया बाहर
एडिनसन कवानी के दो बेहतरीन गोलों की मदद से उरुग्वे ने पुर्तगाल को 2-1 से हराकर फीफा विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया, जहां उसकी फ्रांस से 6 जुलाई को टक्कर होगी जिसने अन्य मुकाबले में अर्जेंटीना को 4-3 से पराजित किया था। कवानी ने सातवें और 62वें मिनट में गोल किए जबकि पुर्तगाल का एकमात्र गोल पेपे ने 55वें मिनट में किया था।
पुर्तगाल के स्टार रोनाल्डो इस मैच में अपना करिश्मा नहीं दिखा सके। उनके पास पहले हाफ में डायरेक्ट फ्री किक से गोल करने का मौका आया, लेकिन वह ऐसा कमाल नहीं दिखा सके जैसा स्पेन के खिलाफ हैट्रिक के समय उन्होंने किया था। रोनाल्डो ने इस मैच में दूसरा पीला कार्ड भी देखा। अंतिम क्षणों में तो पुर्तगाल का गोलकीपर भी अतिरिक्त खिलाड़ी के रूप में मैदान में आ गया था लेकिन पुर्तगाल बराबरी हासिल नहीं कर सका और उसकी विश्व कप से विदाई हो गई।
कवानी के गोल की मदद से उरुग्वे ने शुरुआत में ही बढ़त बना ली थी। सुआरेज ने बाएं छोर से बेहतरीन क्रास फेंका था और कवानी ने हेडर मारकर मौका भुना लिया था। हालांकि पहले हाफ में पुर्तगाल ने अच्छी शुरुआत की थी और छोटे-छोटे पासों से खेल रही थी मगर एक गोल से पिछड़ने के बाद पुर्तगाल के ऊपर दबाव आ गया था। गेंद पर ज्यादातर समय कब्जा रखने के बावजूद उसको स्कोरिंग के ज्यादा मौके नहीं मिले थे। कवानी के उरुग्वे की ओर से 45 गोल हो गए हैं। इस विश्व कप में उनके तीन और कुल पांच गोल हो गए हैं। मध्यांतर के समय उरुग्वे 1-0 से आगे थी।
दूसरे हाफ में पेपे ने हेडर से पुर्तगाल को बराबरी दिला दी। इस विश्व कप में यह उरुग्वे पर यह पहला गोल रहा। कवानी ने 62वें मिनट में अपना दूसरा गोल कर फिर उरुग्वे को बढ़त दिला दी। पुर्तगाल को 70वें मिनट में फिर बराबरी का मौका मिला लेकिन बर्नाडो सिल्वा खाली पड़े गोल में निशाना चूक गए।
उरुग्वे के आगे आ गए गोलची के हाथ से गेंद छिटक गई लेकिन सिल्वा का निशाना गोलपोस्ट के ऊपर से निकल गया। इतिहास में केवल एक बार पुर्तगाल की टीम विश्व कप के नॉकआउट मैच में पिछड़ने के बाद वापसी की थी। 1966 में उसने कोरिया के खिलाफ 0-3 से पिछड़ने के बाद 5-3 से जीत हासिल की थी।
मैच हारकर भी दिल जीता रोनाल्डो
बेशक मैच में पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो टीम को नहीं जिता पाए लेकिन उन्होंने खेल भावना की बेहतरीन मिसाल कर दर्शकों का दिल जरूर जीत लिया। मैच के 72वें मिनट में उरुग्वे की ओर से दो गोल करने वाले कवानी की मांसपेशियों में खिंचाव आ गया और उनका पांव रखना भी मुश्किल हो रहा था। ऐसे में रोनाल्डो ने उनका हाथ अपने कंधे पर रखते हुए सहारा देकर मैदान से बाहर निकलने में मदद की।
गोल लाइन
उरुग्वे 2
एडिनसन कवानी 7 और 62 मिनट
पुर्तगाल 1
पेपे 55वां मिनट
मैच के लाइव अपडेट्स पढ़िए यहां:
फुल टाइम: उरुग्वे 2-1 पुर्तगाल
उरुग्वे- एडिसन कवानी, 7' और 62'
पुर्तगाल- पेपे 55'
90 मिनट: पुर्तगाल के स्टार स्ट्राइकर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने किक जमाकर गोल करने का प्रयास किया। गेंद गोलपोस्ट से काफी दूर गई। उरुग्वे को जीत दर्ज करने के लिए चार मिनट और पुर्तगाल को रोकना पड़ेगा।
87 मिनट: क्या क्रिस्टियानो रोनाल्डो का मौजूदा विश्व कप में यह आखिरी मैच साबित होगा? लियोनेल मेसी और क्रिस्टियानो रोनाल्डो का सफर कुछ घंटो के भीतर ही समाप्त होगा? कुछ ही समय बचा है और नतीजा सबके सामने आने वाला है।
79 मिनट: पुर्तगाल को मैच में 9वां कॉर्नर मिला। क्या वह कोई कमाल कर पाएगी? क्या पुर्तगाल स्कोर 2-2 से बराबर करने में सफल होगी। मन में उठे इन सवालों पर पानी फिर गया क्योंकि कॉर्नर पर पुर्तगाल की टीम कोई फायदा नहीं उठा सकी।
72 मिनट: उरुग्वे की चिंता बढ़ी। मैच में दो गोल दागने वाले एडिसन कवानी चोटिल हुए। कुछ देर तक उरुग्वे की टीम 10 खिलाड़ियों के साथ खेली और फिर कवानी की जगह दूसरे खिलाड़ी को मौका दिया गया।
70 मिनट: पुर्तगाल के हाथ में आया मौका गंवाया। गरेरो ने चिप क्रॉस पर फर्नांडो मुसलेरा ने हाथ से गेंद मारी। बर्नाडो सिल्वा ने उरुग्वे के गोलकीपर और डिफेंडर से गेंद छीनी और फिर जोरदार किक जमाई, लेकिन बॉल गोलपोस्ट के ऊपर से चली गई। पुर्तगाल को गोल करने का इससे बेहतर मौका नहीं मिल सकता था। यह सवाल लाजिमी है कि सिल्वा ने गोल करने में चूक की है या फिर पुर्तगाल के क्वार्टरफाइनल में नहीं जाने के संकेत दिए?
65 मिनट: पुर्तगाल ने भी अपनी टीम में पहला बदलाव किया। एड्रियन सिल्वा ने रिकार्डो करेस्मा के लिए जगह बनाई।
63 मिनट: उरुग्वे ने बढ़त लेने के बावजूद अपनी टीम में बदलाव किया। रॉड्रिगो बेंटनकर की जगह किस्टियन रॉड्रिग्ज को मौका दिया गया।
62 मिनट: एडिसन कवानी का शानदार गोल। इस खिलाड़ी की जितनी तारीफ की जाए उतनी कम। अपनी टीम के खिलाड़ी द्वारा मिले स्क्वायर पास पर कवानी ने पहले शॉट में गेंद को जाली के अंदर भेदा। पुर्तगाल के गोलकीपर ने अपने दाएं ओर गोता जरूर लगाया, लेकिन गेंद को रोकने में कामयाब नहीं हुए। उरुग्वे ने 2-1 की बढ़त बनाई।
मजेदार फैक्ट: पुर्तगाल के पेपे ने उरुग्वे के 597 मिनट तक गोल नहीं खाने के रिकॉर्ड को तोड़ा। इससे पहले 2017 में ऑस्ट्रिया ने उरुग्वे के खिलाफ आखिरी गोल दागा था।
55 मिनट: डिफेंडर पेपे ने हेडर के जरिए गोल करके पुर्तगाल को 1-1 से बराबर कर दिया। उरुग्वे ने मौजूदा विश्व कप में कोई गोल नहीं झेला था, लेकिन पुर्तगाल ने इस मिथक को आज तोड़ा और गोल करके स्कोर बराबर किया।
50 मिनट : बर्नाडो सिल्वा ने कॉर्नर किक लिया, लेकिन उनके किक में दम नहीं था। लुईस सुआरेज ने डी के बाहर से पैर अड़ाया और पुर्तगाल के गोल करने के मकसद पर पानी फेरा।
हाफ टाइम - उरुग्वे 1-0 पुर्तगाल, एडिसन कवानी ने 7वें मिनट में दागा गोल
45+2 मिनट : क्रिस्टियानो रोनाल्डो की टीम कॉर्नर का फायदा नहीं उठा सकी। इस बीच उरुग्वे के स्टार स्ट्राइकर लुईस सुआरेज ने सिर में चोट लगने का इशारा किया, लेकिन रेफरी ने इसे खारिज किया और गेम जारी रखा। वहीं कवानी भी गोल करने का मौका गंवा बैठे।
40 मिनट : रोनाल्डो निराश हुए। उरुग्वे के डिफेंडर के पैर से गेंद लगकर आउट लाइन पर गई और रेफरी ने इसे गोलकिक करार दिया। रोनाल्डो ने रेफरी के सामने नाराजगी जताई, लेकिन पुर्तगाल को इसका फायदा नहीं मिला।
34 मिनट : उरुग्वे ने एक और गोल करने की आस जगाई। एडिसन कवानी ने क्रॉस पास हासिल किया और हेडर खेला, लेकिन गेंद पर उनका नियंत्रण पर्याप्त नहीं रहा और बॉल टप्पा खाकर आउटलाइन के बाहर चली गई।
मजेदार फैक्ट: 1966 से सिर्फ ग्रीजगोर्ज लाटो और आंद्रेज जारमाच (पौलेंड के लिए पांच गोल) तथा माइकल बलक और मिरोस्लाव क्लोज (जर्मनी के लिए पांच गोल) ने मिलकर विश्व कप में अधिक गोल जमाए हैं। एडिसन कवानी और लुईस सुआरेज ने मिलकर उरुग्वे के लिए चार गोल किए हैं। बेहतरीन तालमेल की मिसाल।
31 मिनट: क्रिस्टियानो रोनाल्डो का फ्री किक बर्बाद गया। करीब 22 यार्ड की दूरी से रोनाल्डो ने किक जमाई, लेकिन गेंद उरुग्वे के डिफेंडर से टकराकर गोलपोस्ट के ऊपर से निकल गई। रोनाल्डो काफी निराश भी दिखे।
29 मिनट : रोनाल्डो को फिलहाल बहुत परेशान किया जा रहा है। जब भी उन्हें बॉल मिलती है तो डिएगो गॉडिन उनके सामने आ जाते हैं और रोनाल्डो का गेंद से कब्जा छूट जाता है। उरुग्वे की अजीब तरकीब अभी काफी कारगर साबित होती दिख रही है।
26 मिनट : पुर्तगाल को फ्री किक मिला। मगर खिलाड़ी ने गोलपोस्ट से काफी बाहर की तरफ शॉट खेला। यह गेंद फोंटे की तरफ स्विंग होती हुई जरूर आई, लेकिन कोई अपनी जगह से हिलता उससे पहले ही बॉल दूर चली गई। पुर्तगाल ने बराबरी करने का एक और मौका गंवाया।
मजेदार फैक्ट : पुर्तगाल ने पिछले 9 विश्व कप के मुकाबले गंवाएं हैं, जिसमें उसने पहले गोल झेला हो।
22 मिनट : लुईस सुआरेज विश्व कप में अपना 8वां गोल करने के बेहद करीब पहुंचे। सुआरेज ने मैदान से सटी फ्री किक जमाई, लेकिन रुई पैटिशियो ने हाथ अड़ाकर उन्हें गोल करने से रोक दिया।
19 मिनट : पुर्तगाल की टीम इस समय संघर्ष करती दिख रही है। वह उरुग्वे के डिफेंडर्स को भेदने में कामयाब नहीं हो रही। गोंसालो गुएडेस ने अच्छा क्रॉस दिया, लेकिन जोस गिमिनेज उनका साथ नहीं दे पाए और यही वजह है कि अब तक पुर्तगाल की टीम एक गोल से पिछड़ी हुई है।
मजेदार फैक्ट : एडिसन कवानी ने उरुग्वे के लिए अब तक 44 गोल किए हैं, जिसमें से 12 में उनकी सहायता लुईस सुआरेज ने की है। इसका मतलब कवानी के 27 प्रतिशत गोल करने में पार्टनर के रूप में सुआरेज की बड़ी भूमिका हैं।
18 मिनट: रोनाल्डो को उरुग्वे के डिफेंडर्स ने घेर रखा है। उन्हें गोल के लिए जगह बनाने का मौका नहीं मिल रहा है। हालांकि, रोनाल्डो भी हिम्मत नहीं हार रहे और गोल करने के लगातार प्रयास कर रहे हैं।
12 मिनट : पुर्तगाल ने वापसी करने की कोशिश की, लेकिन राफेल गरेरो का क्रॉस गोलपोस्ट से बहुत दूर रहा, जिस पर जोस फोंटे कुछ नहीं कर सके।
7 मिनट: गोल!!!, उरुग्वे 1-0 पुर्तगाल
लुईस सुआरेज और एडिसन कवानी की जोड़ी ने कमाल किया। सुआरेज ने पुर्तगाल के डिफेंडरों को भेदा और क्रॉस पास हवा में दिया। गोलपोस्ट की तरफ बढ़ रहे कवानी हवा में उछले और शानदार हेडर जमाकर गेंद को जाली के अंदर भेद दिया। उरुग्वे ने बहुत ही जल्द बढ़त बनाई।
5 मिनट: क्रिस्टियानो रोनाल्डो का जलवा जल्दी देखने को मिला। विश्व के सर्वश्रेष्ठ स्ट्राइकर्स में से एक रोनाल्डो ने शानदार मूव बनाया और पांच सेकंड से भी कम समय लेकर उरुग्वे के गोलपोस्ट की तरफ किक जमाई। हालांकि, उरुग्वे के गोलकीपर फर्नांडो मुसलेरा ने बचाव किया।
2 मिनट: पुर्तगाल की टीम सफेद ड्रेस में है और टीम ने शानदार शुरुआत की। मारियो ने अच्छा क्रॉस किया, लेकिन बर्नाडो सिल्वा का प्रयास दमदार नहीं रहा। पुर्तगाल का पहला प्रयास खराब।
मजेदार फैक्टः यहा रोनाल्डो का वर्ल्ड कप/यूरोपियन चैंपियनशिप्स में 38वां मैच है। किसी और खिलाड़ी ने इन दो प्रतिस्पर्धाओं में कुल मिलाकर इससे अधिक मैच नहीं खेले हैं। सिर्फ जर्मनी के बास्टियन श्वांस्टाइगर ने 38 मैच खेले हैं।
मजेदार फैक्टः रोनाल्डो ने वर्ल्ड कप के नॉकआउट चरण में अब तक 424 मिनट खेला है, लेकिन उन्होंने इस दौरान एक भी गोल या असिस्ट नहीं किया है। यह पुर्तगाल के लिए चिंता का सबब बन सकता है।
दोनों टीमें इस प्रकार हैं:
पुर्तगाल - रुई पैटिशियो, रिकार्डो परेरा, पेपे, फोंटे, गरेरो, बर्नाडो सिल्वा, विलियम कारवाल्हो, एड्रियन सिल्वा, जोआओ मारियो, गोंसालो गुएडेस, रोनाल्डो।
उरुग्वे - मुसलेरा, सेसरेस, गिमिनेज, गॉडिन, लैक्साल्ट, नांडेज, टोरिरा, वेसिनो, बेंटनकर, लुईस सुआरेज और एडिसन कवानी।