NGAvISL: नाइजीरिया ने आइसलैंड को 2-0 से हराया, अहमद मूसा रहे जीत के हीरो
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
फीफा वर्ल्ड कप 2018 में शुक्रवार को खेले गए 25वें मुकाबले में नाइजीरिया ने आइसलैंड को 2-0 से हराया। ग्रुप डी के तहत खेले गए इस मुकाबले में नाइजीरिया के स्टार खिलाड़ी अहमद मूसा ने 49वें और 75वें मिनट में शानदार दो गोल करते हुए अपनी टीम को बेहतरीन जीत दिलाई। हालांकि, इस पूरे मुकाबले में आइसलैंड ने गोल करने के कई शानदार मौके गंवाए।
पहले हाफ में दोनों ही टीमों ने शानदार खेल दिखाया। अपने पाले में ज्यादा समय तक गेंद रखने वाली नाइजीरिया पहले हाफ में एक बार भी आइसलैंड के गोल पर हमला नहीं कर सकी। वहीं, दूसरी तरफ आइसलैंड ने 5 बार नाइजीरिया के गोल पोस्ट पर हमला किया। इस तरह पहले हाफ का खेल 0-0 की बराबरी पर समाप्त हुआ।
दूसरे हाफ में दोनों ही टीमों की नजरें गोल पर थी। दूसरे हाफ का खेल शुरू होते ही नाइजीरिया की टीम ने अपनी रणनीति में बदलाव करते हुए आक्रामक रुख अपनाया, जिसका फायदा उसे जल्द ही मिल गया। अहमद मूसा ने 49वें मिनट में शानदार गोल कर अपनी टीम को 1-0 से बढ़त दिला दी। विक्टर मोसिस ने आइसलैंड के डिफेंस को छकाते हुए मूसा को शानदार पास दिया और उन्होंने गेंद को सीधे गोल पोस्ट में पहुंचा दिया। यहां से आइसलैंड पर दबाव साफ नजर आ रही थी।
इसके बाद 74वें मिनट में मूसा एक बार फिर गोल करने के बेहद करीब पहुंचे थे, लेकिन गेंद गोलपोस्ट के ऊपरी हिस्से में लगकर वापस लौट गई और वह नाकाम रहे। वहीं, 75वें मिनट में एक हार फिर मूसा ने आइसलैंड के डिफेंस को छकाते हुए गोल के काफी करीब पहुंच कर आसानी से दूसरा गोल दागकर अपनी टीम को 2-0 की शानदार बढ़त दिलाई। अपने इस दो गोल के साथ ही मूसा विश्व कप में दो गोल करने वाले दूसरे अफ्रीकी खिलाड़ी बन गए हैं। 1990 में रोजर मिला ने विश्व कप में दो गोल किए थे।
बता दें कि गुरुवार को ग्रुप डी के मुकाबले में क्रोएशिया के खिलाफ अर्जेंटीना की करारी हार के बाद आइसलैंड और नाइजीरिया के मैच पर पूरी दुनिया की नजरें टिकी थीं। ऐसे में नाइजीरिया की जीत के बाद अर्जेंटीना के दूसरे दौर में पहुंचने की संभावनाएं बरकरार हैं।