सुआरेज बार्सिलोना के तीसरे सबसे सफल फुटबॉलर, एस्पेनयॉल की हार से खिताब की उम्मीद बरकरार
बार्सिलोना ने शहर के अपने प्रतिद्वंद्वी एस्पेनयॉल को 1-0 से हराकर स्पेनिश लीग फुटबॉल टूर्नामेंट ला लिगा में खिताब की अपनी उम्मीदें बरकरार रखी।इस हार से एस्पेनयॉल का लगभग पिछले तीन दशक में पहली बार दूसरी डिवीजन में खिसकना तय हो गया। बार्सिलोना शीर्ष पर चल रहे रीयाल मैड्रिड से केवल एक अंक पीछे रह गया है, लेकिन उसने अपने इस चिर प्रतिद्वंद्वी से एक मैच अधिक खेला है। रीयाल मैड्रिड के 34 मैचों में 77 जबकि बार्सिलोना के 35 मैचों में 76 अंक हैं। एस्पेनयॉल लगातार 26 सत्र तक शीर्ष डिवीजन में खेलने के बाद पहली बार दूसरी डिवीजन में खिसका है। वह 35 मैचों में 24 अंक के साथ तालिका में 20वें और आखिरी स्थान पर है। रीयाल मैड्रिड शुक्रवार को अलावेस के खिलाफ जीत दर्ज करके बार्सिलोना पर फिर से अपनी बढ़त चार अंकों की कर सकता है।
बार्सिलोना के तीसरे सबसे सफल फुटबॉलर सुआरेज
लुई सुआरेज ने दूसरे हाफ के शुरू में गोल किया जो आखिर में निर्णायक साबित हुआ। सुआरेज ने बार्सिलोना की तरफ से अपना 195वां गोल किया और लैडिस्लाओ कुबाला को पीछे छोड़ा। वह अब बार्सिलोना के लिए सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ियों में लियोनेल मेसी (630) और सीजर रोड्रिग्ज (232) के बाद तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं।
विल्लारीयाल की चैंपियंस लीग की उम्मीदें बरकरार
अन्य मैचों में विल्लारीयाल ने गेटाफे पर 3-1 की जीत से चैंपियन्स लीग के लिये क्वालीफाई करने की अपनी उम्मीदों को बरकरार रखा। वह तीसरे स्थान पर काबिज सेविला से तीन अंक पीछे है। विल्लारीयाल की तरफ से सैंटी काजोर्ला ने 66वें और 86वें मिनट में पेनल्टी पर गोल किये। इस बीच रीयाल बेटिस ने ओसासुना पर 3-0 की आसान जीत से पहली डिवीजन में बने रहना सुनिश्चित किया।
पेलेग्रिनी की स्पेन में वापसी, रीयाल बेटिस के कोच होंगे
मैनुएल पेलेग्रिनी दो साल के अनुबंध पर अगले सत्र से रीयाल बेटिस को कोचिंग देने के लिए राजी हो गए हैं। स्पेन के क्लब ने गुरुवार को यह जानकारी दी। चिली के 66 साल के मैनेजर पेलेग्रिनी के मार्गदर्शन में मैनचेस्टर सिटी ने 2014 में इंग्लिश प्रीमियर लीग खिताब जीता था। सत्र के बाद पिछले महीने कोच जोआन ‘रूबी’ फेरर को बर्खास्त कर दिया था और टीम अभी अंतरिम कोच एलेक्सिस ट्रुजिलो के मार्गदर्शन में खेल रही है। टीम ला लीगा में 14वें स्थान पर चल रही है जबकि चार दौर का खेल बाकी है। पेलेग्रिनी इससे पहले विलारीयाल, रीयाल मैड्रिड, मलागा और वेस्टहैम जैसी बड़ी टीमों को भी कोचिंग दे चुके हैं