मेडिकल परीक्षकों ने की दिग्गज बास्केटबॉल खिलाड़ी कोबे ब्रायंट के शरीर की पहचान
अधिकारियों ने मंगलवार को कहा कि मेडिकल परीक्षकों ने एनबीए के दिग्गज बास्केटबॉल खिलाड़ी कोबे ब्रायंट के शरीर की पहचान कर ली है। ब्रायंट के अवशेषों के साथ-साथ परीक्षकों ने विमान में सवार तीन अन्य लोगों की भी पहचान की है।
इन सबकी पहचान विमान क्रैश के दो दिन बाद हुई जब हेलिकॉप्टर लॉस एंजिल्स के उत्तर-पश्चिम में एक बीहड़ में दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें कोबे की बेटी गियाना मारिया (13) समेत कुल नौ लोगों की मौत हो गई।
लॉस एंजिल्स काउंटी के कोरोनर कार्यालय ने अपने एक बयान में कहा कि पायलट आरा जोबायन, बेसबॉल कोच जॉन अल्टोबेली और सारा चेस्टर के शवों की भी पहचान कर ली गई है। शेष पांच शवों की अभी तक आधिकारिक तौर पर पहचान नहीं हो पाई है।
गौरतलब है कि हेलिकॉप्टर दुर्घटना में कोबे की बेटी गियाना मारिया (13) समेत कुल नौ लोगों की मौत हो गई थी। हादसे के बाद दुनियाभर के खेल प्रसंशकों ने उनकी मौत पर शोक जताया और उन्हें श्रद्धांजलि दी थी।
इसके बाद फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन और राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड दुर्घटना की जांच में लग गया था। इसके बाद इस जांच में फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टीगेशन (एफबीआई) ने भी सहयोग करना शुरू कर दिया है।