ISL: छेत्री के डबल से बेंगलुरू एफसी की जीत, लक्ष्य 2023 AFC कप के लिए क्वालिफाई करना
बेंगलुरू एफसी ने शुक्रवार को यहां कप्तान सुनील छेत्री के दो गोल की बदौलत इंडियन सुपर लीग फुटबाल मुकाबले में एफसी गोवा पर 2-1 से जीत हासिल की। पहले हाफ में दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकी। लेकिन बेंगलुरू ने छेत्री की बदौलत बढ़त बनाई जिन्होंने 59वें मिनट में गोल किया।
गोवा की टीम ने हुगो बोमौस के 61वें मिनट में किये गए गोल से 1-1 की बराबरी हासिल की। लेकिन छेत्री ने 83वें मिनट में विजयी गोल दागा। बेंगलुरू की गोवा के खिलाफ आईएसएल के सात मैचों में यह पांचवीं जीत है। बेंगलुरू के इस तरह 11 मैचों में 19 अंक हो गये हैं और वह गोवा एफसी से दो अंक पीछे दूसरे स्थान पर पहुंच गयी है। एफसी गोवा तालिका में शीर्ष पर बनी हुई है।
लक्ष्य 2023 एएफसी एशियन कप के लिए क्वालिफाई करना
अनुभवी और तेज तर्रार स्ट्राइकर सुनील छेत्री 2020 में बड़े लक्ष्य तय नहीं करना चाहते हैं। वह कहते हैं मुझे मालूम है कि मैं अब ज्यादा मैच नहीं खेलूंगा। पर अभी हड़बड़ी में कोई फैसला नहीं लूंगा। मैं फिलहाल एक समय में सिर्फ एक मैच की बाबत सोचता हूं। हमें ज्यादा से ज्यादा मैच जीतने की जरूरत है। हमारा लक्ष्य चीन में 2023 में होने वाले एएफसी एशियन कप के लिए क्वालिफाई करना है। इसको लेकर कतई समझौता नहीं कर सकते। मुझे क्वालिफाई करने को लेकर कोई अशंका नहीं है। भारत के पांच मैचों से तीन अंक हैं और उसे अगला मैच 26 मार्च को कतर से घर में खेलना है। छेत्री (72 गोल, 115 मैच) सक्रिय खिलाड़ियों में सर्वाधिक गोल करने के मामले में पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो (99 गोल,164 मैच) के बाद दूसरे नंबर पर हैं।