फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Sports ›   Football ›   germany vs mexico fifa world cup 2018 match 10 live updates

GERvMEX: 31 साल बाद टूटा जर्मनी का रिकॉर्ड, लोनाजो के गोल से मैक्सिको ने जीती बाजी

Sun, 17 Jun 2018 10:40 PM IST
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला Updated Sun, 17 Jun 2018 10:40 PM IST
विज्ञापन
germany vs mexico fifa world cup 2018 match 10 live updates
मैक्सिको

मैक्सिको ने रविवार को फीफा विश्व कप 2018 के 10वें मैच में गत चैंपियन जर्मनी को 1-0 से मात देकर अपने अभियान की जोरदार शुरुआत की। मैक्सिको की टीम पिछले छह विश्व कप से अपना पहला मैच कभी नहीं हारी और उसने जर्मनी के खिलाफ इसे कायम रखा। मैक्सिको का प्रदर्शन पिछले 6 विश्व कप में पांच जीत और एक ड्रॉ का रहा। वहीं जर्मनी की टीम को 31 साल के बाद विश्व कप के पहले मैच में जोरदार झटका लगा है।

विज्ञापन


गत चैंपियन जर्मनी ने पिछले सात विश्व कप में अपना पहला मैच नहीं गंवाया था। मगर आज उसके 31 साल का रिकॉर्ड टूट गया और आठवें विश्व कप में उसे मैक्सिको के हाथों 0-1 की शिकस्त झेलनी पड़ी। मैक्सिको के लिए हिर्विंग लोनाजो हीरो रहे, जिन्होंने 35वें मिनट में गोल करके टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। यही मैच का निर्णायक स्कोर भी रहा।
विज्ञापन


मैक्सिको और जर्मनी के बीच मुकाबला शुरुआत से ही बेहद रोमांचक हुआ। दोनों ही टीमों ने अपने खेल की शैली इस प्रकार दिखाई कि फैंस को पलक झपकाने का मौका नहीं दिया। पहले हाफ में मैक्सिको और जर्मनी ने गोल करने के कई मौके बनाए। मगर दोनों ही टीमों के गोलकीपर का प्रदर्शन सराहनीय रहा, जिन्होंने कई मौकों पर बेहतरीन बचाव किया।
विज्ञापन
विज्ञापन


मैच में गेंद पर बेशक जर्मनी का कब्जा रहा, लेकिन मैक्सिको ने काउंटर अटैक जबरदस्त किया। इसी का फायदा टीम को 35वें मिनट में मिला जब लोनाजो ने गोल दागा। चिचेरिटो ने हमल्स से हाफ में गेंद छीनी और फिर मैक्सिको ने गेंद पर कब्जा कर लिया। चिचेरिटो ने एक डिफेंडर को छकाया और बाएं और लोनाजो को पास दे दिया। लोनाजो ने दाएं पैर से न्यूअर को छकाते हुए गेंद जाली में भेद दी। मैक्सिको की 1-0 की बढ़त हुई।

मैच में जर्मनी ने गोल करने के कुल 25 प्रयास किए, जिसमें से निशाने पर 9 ही गए। मजेदार बात यह रही कि मैक्सिको के गोलकीपर ओछोआ ने इन सभी मर्तबा अच्छे बचाव किए। वहीं जर्मनी के 9 निशाने गोलपोस्ट से दूर या ऊपर से निकले। सात बार मैक्सिकन डिफेंडर्स उन्हें ब्लॉक करने में कामयाब रहे। ओवरऑल जर्मनी का 60 प्रतिशत गेंद पर कब्जा रहा। 

वहीं मैक्सिको के गोल करने के अलावा गेंद पर कब्जा ज्यादा नहीं रहा। उसने गोल करने के कुल 12 प्रयास किए, जिसमें से सिर्फ 6 निशाने पर गए। जर्मन गोलकीपर न्यूअर ने उनके पांच प्रयास विफल किए। 

बाकी का लाइव कवरेज आप नीचे स्लाइड में पढ़ सकते हैंः

लाइव कमेंट्री:

germany vs mexico fifa world cup 2018 match 10 live updates
लोनाजो
फुल टाइम- मैक्सिको 1-0 जर्मनी

गोल - हिर्विंग लोनाजो (35वां मिनट)

जर्मनी ने पिछले सात विश्व कप में अपना पहला मैच नहीं गंवाया था। मगर आज उसके 31 साल का रिकॉर्ड टूट गया और आठवें विश्व कप में उसे मैक्सिको के हाथों 0-1 की शिकस्त झेलनी पड़ी।


90+3ः मैक्सिको ने अपना अजय अभियान जारी रखा। मैक्सिको पिछले पांच विश्व कप से अपने पहले मैच में नहीं हारा है। उसने चार बार जीत दर्ज की जबकि एक बार मैच ड्रॉ कराया। अब यह रिकॉर्ड सुधर गया है और छह विश्व कप से वह अपने पहले मैच में नहीं हारा। इसमें 5 जीत जबकि एक ड्रॉ मुकाबला शामिल है। 

89 मिनटः गोमेज गोल करने से चूके। जर्मनी ने वापसी का मौका गंवाया।

85 मिनटः गत चैंपियन के पास मैच बचाने का समय बहुत कम बचा है। मुलर ने फाउल किया। क्रूस ने अच्छी किक जमाई, लेकिन ओछोआ ने बचाव किया।

83 मिनटः जर्मनी ने फिर किया बदलाव, वेर्नर की जगह जूलियन ब्रेड्ट को दिया मौका। 

82 मिनटः स्थानापन्न मैक्सिकन खिलाड़ी जिमिनेज ने गोल करने का मौका गंवाया। उन्होंने दो जर्मन डिफेंडरों को छकाया, लेकिन उनका पास अच्छा नहीं रहा और गेंद गोलपोस्ट के ऊपर से चली गई।

80 मिनटः जर्मनी ने फिर बदलाव किया और प्लेटेनहार्ड्ट की जगह मारियो गोमेज को मौका दिया।

78 मिनटः जर्मनी ने अपने आक्रमण तेज किए। पहले ड्रेक्सलर और फिर मिलर ने प्रहार किए, लेकिन दोनों ही बार गोल नहीं हुए। वहीं लायुन ने भी काउंटर अटैक किया। मगर मैक्सिको को सफलता नहीं दिला सके। हमल्स ने भी दबाव में जोरदार शॉट लगाया, लेकिन वह गोल करने में कामयाब नहीं हुए।

75 मिनटः राफा मार्केज ने रचा इतिहास। गुआरडेडो से आर्मबैंड लिया। राफा दूसरे मैक्सिकन खिलाड़ी जबकि विश्व के तीसरे खिलाड़ी बने, जिन्होंने पांच वर्ल्ड कप में शिरकत की। यही नहीं, राफा पहले कप्तान हैं, जिन्होंने मैक्सिको का पांच वर्ल्ड कप में नेतृत्व किया।

72 मिनटः लुजिन्हकी में चल रहा है जोरदार ड्रामा। कभी गेंद इस पाले में तो कभी उधर। हमल्स गोल करने से चूके तो हर्नांडेज ने टैकल संभाला और न्यूअर को छकाने का इंतजाम किया। तभी हर्नांडेज को जर्मन डिफेंडर ने गिराया, लेकिन रेफरी ने पेनल्टी नहीं दी। फिर रियूस ने वॉली खेली, लेकिन बॉल गोपोस्ट के ऊपर से चली गई। इस मैच में बहुत कुछ हो रहा है।

65 मिनटः जर्मनी के प्रयास एक के बाद एक नाकाम होते जा रहे हैं। किमिच ने अभी एक शानदार बाइसिकल किक जमाई, लेकिन बॉल गोलपोस्ट के ऊपर से गई। मैक्सिको ने भी फिर अपनी टीम में पहला बदलाव किया और गोल करने वाले हिर्विंग लोनाजो की जगह रॉल जिमिनेज को मौका दिया गया।

जर्मनी ने टीम में किया बदलाव, सैमी खेदिरा की जगह मार्को रियूस को दिया मौका

58 मिनटः ड्रेक्सलर के साथ दौड़ लगाते हुए वेर्नर फिसले और उन्होंने फाउल की मांग की। मगर अयाला से टकराकर गिरने के बाद रेफरी ने उनकी मांग नहीं मानी। इसके बाद ओछोआ ने कॉर्नर से आई गेंद पर अच्छा बचाव करके मैक्सिको के फैंस को खुश कर दिया।

52 मिनटः मैक्सिको ने दिखाया जोर। जर्मनी को फिर परेशान करते हुए उसके पाले में घुसे और शानदार अटैकिंग गेम दिखाया। हालांकि, गोल करने में उन्हें सफलता नहीं मिली।

48 मिनटः जर्मनी ने दूसरे हाफ में अपने प्रहार में तेजी अपनाई। उसने गोल करने की जल्दी जरूर दिखाई, लेकिन मैक्सिको के डिफेंडर्स भी बहुत चुस्त नजर आ रहे हैं। वह जर्मन टीम को गोल करने का कोई मौका नहीं दे रहे हैं। थॉमस मुलर ने जरूर एक मूव बनाया, लेकिन गेंद गोलपोस्ट के ऊपर से चली गई।

अब दूसरा हाफ शुरू हो चुका है। यह देखना रोचक होगा  कि जर्मनी की टीम इस मैच को जीतने में कामयाब होगी? विश्व कप में जर्मनी का इतिहास शानदार रहा है। पिछले सात विश्व कप में उसने पहला मैच हर बार जीता।

मजेदार फैक्टः जर्मनी ने आखिरी बार विश्व कप में किसी टीम के खिलाफ पहला गोल खाकर मैच जीता, वह कोई और नहीं बल्कि मैक्सिको ही थी। 1998 में ऐसा हुआ था। क्या आज इतिहास दोहराएगा?

हाफ टाइम- मैक्सिको 1-0 जर्मनी
गोल- हिर्विंग लोनाजो (35 मिनट)

45 मिनटः
कार्लोस वेला ने किया कमाल। आर्सेनल के पूर्व खिलाड़ी ने जर्मनी मिडफील्ड के पीछे से गेंद लपकी और फिर उन्हें कोई पकड़ नहीं पाया। इसी के साथ रेफरी ने व्हिसल बजाकर हाफ टाइम की घोषणा की।

40 मिनटः जर्मनी बराबरी करने के करीब पहुंची। मैक्सिको की तरफ से गोल करने वाले लोनाजो हीरो से जीरो बनने वाले थे। फॉरवर्ड ने 25 यार्ड की दूरी पर फाउल किया और टोनी क्रूस ने गोल की तरफ अच्छा किक जमाया। हालांकि, मैक्सिको के गोलकीपर ओछोआ ने शानदार बचाव करते हुए हाथ से गेंद को गोलपोस्ट के दूर भेज दिया। फिर मोरेनो को समय खराब करने के लिए रेफरी ने पीला कार्ड दिखाया।

35 मिनटः गोल!!! मैक्सिको का जर्मनी पर पूरी तरह दबाव बनाना काम आया। चिचेरिटो ने हमल्स से हाफ में गेंद छीनी और फिर मैक्सिको ने गेंद पर कब्जा कर लिया। चिचेरिटो ने एक डिफेंडर को छकाया और बाएं और लोनाजो को पास दे दिया। लोनाजो ने दाएं पैर से न्यूअर को छकाते हुए गेंद जाली में भेद दी। मैक्सिको की 1-0 की बढ़त हुई।

28 मिनटः मैक्सिको की स्पीड देखकर जर्मनी टीम को हो रही है परेशानी। लोजानो ने बाएं ओर से गोलपोस्ट तक गेंद पहुंचाई और लायुन ने शॉट जमाया। मगर यह शॉट गोलपोस्ट के ऊपर से गया। कुछ ही मिनट के बाद मैक्सिको को फिर मौका मिला और वेला ने बाएं ओर से हर्नांडेज को गेंद बनाकर दी। हालांकि, हर्नांडेज का निचला क्रॉस शॉट खेला, जिसे जर्मन डिफेंडर बोएटेंग ने रोक दिया।

24 मिनटः जर्मनी के क्रूस के पास गोल करने का मौका आया, लेकिन ओछोआ ने उनके प्रयासों को नाकाम करते हुए अच्छा बचाव किया। जल्द ही मैक्सिको के हर्नांडेज के पास गोल करने का मौका आया, लेकिन स्ट्राइकर को जर्मनी के बोएटेंग ने रोक दिया।

20 मिनटः जर्मनी के पास गोल करने का सुनहरा मौका आया। मगर वेर्नर ने इसे गंवा दिया। राइट विंगर ने अच्छा क्रॉस करके वेर्नर को गेंद पहुंचाई, जिस पर उन्होंने गोलकीपर की दिशा में मैदान से सटी हुई किक जमाई। मैक्सिको के गोलकीपर ओछोआ के सामने इस किक को रोकना जरा भी कठिन नहीं था। उन्होंने इसे आसानी से लपका और मैक्सिको पर से दबाव हटाया।

16 मिनटः फैंस को पलक झपकाने का मौका नहीं मिल रहा है। दोनों ही टीमें जल्दी-जल्दी गोलपोस्ट के नजदीक पहुंचकर मैच का रोमांच बढ़ा रहीं हैं। हेक्टर मोरेनो ने 10 यार्ड की दूरी से फ्री किक जमाई, लेकिन जर्मन गोलकीपर ने बेहतरीन सुरक्षा की। कुछ ही पल में जर्मनी के पास बढ़त हासिल करने का मौका आया जब मैक्सिको के डिफेंडर सालसेडो आत्मघाती गोल करने से बच गए। वह जर्मनी के किमिच को रोकने के प्रयास में अपना ही गोल कर देते, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

13 मिनटः हेक्टर हरेरा ने जर्मन गोलकीपर मैनुएल न्यूअर की परीक्षा ली और शानदार किक जमाई। मगर न्यूअर ने अपनी गोलकीपिंग का कमाल दिखाया और अच्छा बचाव करके फैंस का दिल जीता।

9 मिनटः मैट्स हमल्स ने मैक्सिको के प्रहार को रोकने के लिए फाउल किया। इससे मैक्सिको को फ्री किक मिली। 25 यार्ड की दूरी से मिगुएल लायुन ने अच्छी किक जमाई, लेकिन जर्मन गोलकीपर न्यूअर ने शानदार बचाव किया।

6 मिनटः जर्मनी और मैक्सिको के बीच मुकाबले की जोरदार शुरुआत हुई है। दोनों ही टीमें पहला गोल करने के लिए अपनी पूरी फुर्ति दिखा रहीं हैं। जर्मनी के ड्रेक्सलर ने मौका बनाने की कोशिश की, लेकिन मैक्सिकन डिफेंडर ने उन्हें रोकने में कामयाबी हासिल की। मगर गेंद आगे जा रही थी, जिस पर जर्मनी के हमल्स ने किक जमाई। मैक्सिको के गोलकीपर ओछोआ ने गेंद को लपकने में कोई गड़बड़ी नहीं की।

3 मिनटः जर्मनी ने भी अपने प्रहार में तेजी की और दाएं विंगर ने फॉरवर्ड जोशुआ किमिच को मौका बनाकर दिया। किमिच ने नेट के पास से क्रॉस किक जमाई, गोलकीपर ओछोआ ने पूरा जोर लगाया, लेकिन गेंद उनसे दूर रही। हालांकि, गेंद गोलपोस्ट से भी दूर रही और कोई फैंस को जल्दी गोल देखने को नहीं मिला।

1 मिनटः मैक्सिको को पहले ही मिनट में कॉर्नर किक मिला। जर्मनी के गोलकीपर मैनुएल न्यूअर ने खिलाड़ियों के बीच जाकर गेंद को अच्छे से लपका।



दोनों टीमें इस प्रकार हैंः

जर्मनी - मैनुएल न्यूअर (कप्तान), मार्विन प्लेटेनहार्ड्ट, मैट्स हमल्स, सैमी खेदिरा, जूलियन ड्रेक्सलर, टोनी क्रूस, टिमो वेर्नर, मेसुत ओजिल, थॉमस मुलर, जेरोम बोएटेंग, जोशुआ किमिच।

मैक्सिको- गुलिरमो ओछोआ, ह्यूगो अयाला, कार्लोस सालसेडो, मिगुएल लायुन, कार्लोस वेला, जेवियर हर्नांडेज, हेक्टर मोरेनो, हेक्टर हरेरा, आंद्रेस गुआरडेडो (कप्तान), हिर्विंग लोजानो, जीसस गैलार्डो।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all Sports news in Hindi related to live update of Sports News, live scores and more cricket news etc. Stay updated with us for all breaking news from Sports and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed