FIFA World Cup: खिताब नहीं जीत सका अर्जेंटीना, हार के बाद ब्यूनस आयर्स में बवाल? समर्थकों और पुलिस के बीच झड़प
फीफा विश्व कप 2026 के फाइनल में स्पेन से हार के बाद भी अर्जेंटीना के प्रशंसकों का जोश कम नहीं हुआ। हजारों फैंस ब्यूनस आयर्स के ओबेलिस्को पहुंचे और मेसी व टीम के समर्थन में जुटे रहे। हालांकि, इसी दौरान कुछ जगहों पर झड़प की घटनाएं भी सामने आईं।
विस्तार
फीफा विश्व कप 2026 के फाइनल में स्पेन से हार के बावजूद अर्जेंटीना के प्रशंसकों का अपनी टीम और लियोनेल मेसी के प्रति प्यार कम नहीं हुआ। हजारों समर्थक ब्यूनस आयर्स के ओबेलिस्को पहुंचे और टीम का हौसला बढ़ाया। हालांकि, इसी दौरान कुछ जगहों पर झड़प की घटनाएं भी सामने आईं, जिसके बाद पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।
स्पेन से हार के बाद ब्यूनस आयर्स में क्या हुआ?
स्पेन के खिलाफ फाइनल में 1-0 की हार के बाद ब्यूनस आयर्स स्थित ओबेलिस्को के आसपास बड़ी संख्या में लोग जुटे। शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ जगहों पर झड़प की स्थिति बनने पर पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर किया। 19 जुलाई की रात हुई इस घटना में कम से कम चार लोगों को हिरासत में लिया गया।
हार के बावजूद फैंस ने क्या कहा?
फाइनल में फेरान टोरेस के अतिरिक्त समय में किए गए गोल से अर्जेंटीना का विश्व कप जीतने का सपना टूट गया। इसके बावजूद प्रशंसकों ने टीम का हौसला बनाए रखा। 20 वर्षीय जूलियन एस्कालांटे ने कहा कि हमने इंग्लैंड को हराया था और वही सबसे बड़ी बात है। टीम ने अपना सब कुछ झोंक दिया। हम फाइनल तक पहुंचे, अतिरिक्त समय तक मुकाबला खेला। यह हमारी जुझारू मानसिकता दिखाता है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें अपने देश पर गर्व है और लियोनेल मेसी ने अर्जेंटीना की राष्ट्रीय टीम से दुनिया के महानतम खिलाड़ी के रूप में विदाई ली। 28 वर्षीय सिंटिया मार्टिनेज अपने चार साल के बेटे के साथ ओबेलिस्को पहुंचीं। उन्होंने कहा कि हार के बावजूद वह जश्न मनाने आई हैं, क्योंकि टीम फाइनल तक पहुंची और उन्हें उस पर गर्व है।
Tras la derrota de Argentina ante España, la policía intervino para dispersar disturbios en las inmediaciones del Obelisco, en Buenos Aires. Reportes preliminares indican enfrentamientos y al menos cuatro personas detenidas la noche de este 19 de julio.
— REFORMA (@Reforma) July 20, 2026
📹 AFP pic.twitter.com/nRnRByqA0K
ओबेलिस्को पर उमड़ी भीड़
फाइनल के बाद हजारों लोग ओबेलिस्को पहुंचे। 67 मीटर ऊंचे इस स्मारक को अर्जेंटीना की टीम और उसके समर्थकों की तस्वीरों से रोशन किया गया। आसपास आतिशबाजी भी हुई और कई लोग टीम के समर्थन में जुटे रहे। ब्राजील की मेडिकल छात्रा एलेन विसेंटे, जो अर्जेंटीना की जर्सी पहनकर पहुंची थीं, ने कहा कि वह अर्जेंटीना के लोगों का सम्मान करती हैं और उन्हें लगता है कि टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। वहीं, 18 वर्षीय एमिलियानो रोमेरो ने ओबेलिस्को की रेलिंग पर अर्जेंटीना का बैनर लगाते हुए लिखा "धन्यवाद! आपने पूरे देश को खुश किया। प्यार का बदला प्यार से मिलता है।" 22 वर्षीय सोफिया गोमेज ने कहा कि फुटबॉल में जीत और हार दोनों होती हैं, लेकिन मेसी के आखिरी मैच में हर कोई चाहता था कि अर्जेंटीना ही चैंपियन बने।