बार्सिलोना को जीत दिलाने मेसी को उतरना ही पड़ा मैदान पर
फ्रांस के 21 साल के फॉरवर्ड ओसामाने डेम्बेले आलोचकों के निशाने पर थे। रविवार को ला लीगा में बार्सिलोना की लेगनेस पर 3-1 की जीत में उन्होंने उपयोगी योगदान दिया। हालांकि अंक तालिका में शीर्ष पर चल रही बार्सिलोना को अंत में मेसी को मैदान पर उतारना ही पड़ा। डेम्बेले (32) के अलावा बार्सिलोना के लिए सुआरेज (71) और लियोनल मेसी (90+2) ने गोल किए। सुआरेज का गोल भी मेसी की ही मदद से हुआ था। लेगनेस का एकमात्र गोल मार्टिन ब्रेथवेट ने 57वें मिनट में किया था।
कोच एर्नेस्टो वेलवर्डे ने शुरुआत में मेसी को बेंच पर ही रखा था। वेम्बले ने बेहतरीन कौशल दिखाकर बार्सिलोना को 1-0 से आगे कर दिया लेकिन 69 मिनट में टखने की चोट के कारण वेम्बले को बाहर जाना पड़ा। इस बीच लेगनेस ने मार्टिन के जरिए स्कोर बराबर कर दिया। सितंबर में बार्सिलोना को घर पर हराने वाली लेगनेस के खिलाफ कोच एर्नेस्टो को मेसी को उतारने पर विवश होना पड़ा। मैदान पर उतरने के सात मिनट के अंदर मेसी ने अपनी उपस्थिति को सार्थक कर दिया।
अर्जेंटीनी स्टार के पास पर लुईस सुआरेज गोल करने में सफल रहे। उसके बाद इंजरी टाइम में मेसी ने गोल कर टीम की जीत सुनिश्चित कर दी। हालांकि सुआरेज के गोल को लेकर लेगनेस ने विरोध किया था। उसका कहना था कि लेगनेस के गोलकीपर पिचू के खिलाफ फाउल किया गया था लेकिन वीडियो रेफरल में इसे सही पाया गया। बार्सिलोना दूसरे नंबर पर मौजूद एटलेटिको मैड्रिड से पांच अंक की बढ़त बनाए हुए है।
फ्रांस फॉरवर्ड डेम्बले ने किया प्रभावित
बार्सिलोना ने ब्राजीली स्टार नेमार के पेरिस सेंट जर्मेन में जाने के बाद 2017 में क्लब में शामिल किया था। इसके बाद पिछले साल फिलिप कूटिन्हो को भी लाया गया। पहले साल तो उन्हें महंगा सौदा माना गया था लेकिन इस मैच में डेम्बले ने मेसी की अनुपस्थिति में अपनी सही क्षमता दिखा दी। अपने कौशल से उन्होंने कई बार प्रशंसकों को रोमांचित किया।
उनके टखने की चोट की गंभीरता की जांच करने के लिए टेस्ट होंगे। बार्सिलोना में अपने भविष्य को लेकर भी यह मैच उनके लिए चोट लगने के बावजूद अच्छा रहा। वैसे भी मेसी जून में 32 साल के होने जा रहे हैं और बार्सिलोना की निगाह भविष्य के सितारों पर है।
डेम्बले की चोट की स्थिति के बारे में टेस्ट के बाद ही पता चल पाएगा। उम्मीद है कि यह ज्यादा गंभीर नहीं होगी। पहले हाफ में उन्होंने काफी प्रभावित किया। लेगनेस का पूरा डिफेंस डेम्बले को ही रोकने पर लगा हुआ था।- एर्नेस्टो