बार्सिलोना ने अपने स्टार कप्तान आंद्रे इनिस्ता को जीत के साथ किया विदा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बार्सिलोना ने अपने कप्तान आंद्रे इनिस्ता को जीत के साथ विदा किया। पहले ही रिकॉर्ड 25वीं बार ला लीगा खिताब पर कब्जा कर चुके बार्सिलोना ने सत्र के अपने आखिरी मैच में रियल सोसिदाद को 1-0 से पराजित किया।
टीम के लिए एकमात्र गोल फिलिप कोंटिन्हो ने 57वें मिनट में किया। बार्सिलोना ने 38 मैचों में से 28 जीते, नौ ड्रॉ खेले और एक मैच हारा। वह 93 अंकों के साथ शीर्ष पर रहा।
शानदार रहा 22 साल का सफर : आंखों में आंसुओं के बीच 34 वर्षीय इनिस्ता ने कहा कि आज का दिन काफी मुश्किल है, लेकिन यहां गुजारे 22 साल मेरे लिए काफी शानदार रहे। दुनिया के सर्वश्रेष्ठ क्लब बार्सिलोना का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए गर्व और खुशी की बात है।
A legend departs and his legacy begins#infinit8iniesta pic.twitter.com/AEpefaJQVv
— FC Barcelona 🏆🏆 (@FCBarcelona) May 20, 2018
उन्होंने आगे कहा कि टीम के सभी साथियों और कोचिंग स्टाफ का शुक्रिया। आप सभी बहुत याद आओगे। मुझे दिए गए प्यार के लिए प्रशंसकों का भी धन्यवाद। मैं 12 साल के एक बच्चे के रूप में यहां आया था और आदमी बनकर जा रहा हूं। मैं हमेशा आपको अपने दिल में रखूंगा। इनिस्ता का कप्तान का आर्मबैंड उताकर लियोनल मेसी को सौंपा। पूरी टीम इनिस्ता के नाम की जर्सी पहनकर उतरी थी।
अब विश्व में दिखाएंगे दम : इनिस्ता अब 14 जून से रूस में होने वाले विश्व कप में अपना जादू दिखाएंगे। यह स्पेन के लिए उनका आखिरी विश्व कप होगा। उन्होंने 2010 के फाइनल में गोल दागकर स्पेन को विश्व चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। इसके अलावा 2008 और 2012 में यूरोपियन चैंपियनशिप जीतने वाली स्पेनिश टीम का भी हिस्सा रहे हैं।
नंबर गेम:
-22 मेजर खिताब (9 ला लीगा, 4 चैंपियंस लीग, 3 क्लब वर्ल्ड कप, 6 कोपा डेले रे) इनिस्ता ने बार्सिलोना में 22 साल के अपने करियर में जीते
-674 वां मैच था यह बार्सिलोना के लिए उनका। उन्होंने इन मैचों में 57 गोल किए हैं। सर्वाधिम मैच खेलने के मामले में जावी (767) ही उनसे आगे हैं
-124 मैचों इनिस्ता ने राष्ट्रीय टीम स्पेन की ओर से खेले हैं जिसमें 13 गोल किए हैं
टोरेस ने एटलेटिको को कहा अलविदा
एटलेटिको मैड्रिड के कप्तान फर्नांडो टोरेस ने टीम के सत्र के आखिरी और क्लब के लिए अपने करियर के अंतिम ला लीगा मैच में दो गोल दागे जिसकी बदौलत टीम ने ईबर के साथ 2-2 से ड्रॉ खेला। टोरेस ने एटलेटिको के लिए 404 मैच खेले और 129 गोल दागे। उन्होंने क्लब की ओर से एकमात्र खिताब इसी सत्र में यूरोपा लीग के रूप में जीता।