भारत के सामने यूएई की कठिन चुनौती, एएफसी एशियन कप में दोनों टीमें होंगी आमने-सामने
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
थाईलैंड पर जीत से उत्साहित भारतीय फुटबॉल टीम एएफसी एशियन कप में गुरुवार को मेजबान संयुक्त अरब अमीरात (यूईए) के खिलाफ भी अपना विजय अभियान जारी रखना चाहेगी। हालांकि सुनील छेत्री एंड कंपनी को यूएई के खिलाफ कड़ी परीक्षा से गुजरना होगा। उसे हराने के लिए उसे अपना सर्वश्रेष्ठ खेल दिखाना होगा। भारत ने चार दिन पहले थाईलैंड को 4-1 से हराकर सनसनी फैला दी थी।
टीम ने 55 साल बाद जीत के साथ आगाज किया था। यूएई को परास्त करना उससे भी बड़ी उपलब्धि होगी। यूएई अभी विश्व रैंकिंग में 79वें, जबकि भारत 97वें स्थान पर है। कोच स्टीफन कोंस्टेनटाइन इससे खुश होंगे कि उनके खिलाड़ियों ने थाईलैंड के खिलाफ दूसरे हाफ में बेहतरीन खेल दिखाया। पहला हाफ 1-1 से ड्रॉ रहने के बाद भरत ने दूसरे हाफ में तीन गोल दागकर मैच को अपने लिए यादगार बना दिया। टीम तीन अंकों के साथ अपने ग्रुप ए में शीर्ष पर है।
अग्रिम पंक्ति ने दिखाया दम
भारत ने अग्रिम पंक्ति के खिलाड़ियों के शानदार खेल की बदौलत थाईलैंड के खिलाफ जीत दर्ज की थी। छेत्री ने दो, जबकि जेजे लालपेखलुवा और अनिरुद्ध थापा ने एक-एक गोल दागा। आशिक कुरुनियन इस मैच में कोई गोल नहीं कर सके लेकिन उन्होंने अपने शानदार खेल से सबका ध्यान खींचा। छेत्री और एफसी पुणे सिटी के विंगर कुरुनियन को गेंद जब भी मिली, उन्होंने गोलपोस्ट का रुख किया। कुरुनियन से यूएई के खिलाफ भी इसी तरह के चमकदार खेल की उम्मीद है। यूएई ग्रुप में सबसे ऊंची रैंकिंग वाली टीम है। यह भारत के लिए एक चुनौती और चिंता की बात है।
मध्यपंक्ति को रहना होगा चौकस
एक मजबूत टीम के खिलाफ मध्यपंक्ति में थापा और प्रणॉय हल्धर को अच्छा खेल दिखाना होगा। भारत को रक्षापंक्ति में भी काफी सावधान रहना होगा क्योंकि 2015 में एशिया का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने गए अहमद खलील और अली मबखाउत जैसे खिलाड़ी उनके लिए मुश्किल खड़ी कर सकते हैं। ये खिलाड़ी गोल करने में माहिर हैं। मबखाउत को यूएई के लिए सबसे अधिक गोल करने वाला खिलाड़ी बनने के लिए सात गोल की जरूरत है। ऐसे में संदेश झिंगन और अनस इदाथोदिका को बैकलाइन में काफी सतर्क रहना होगा।
आठ साल बाद
आठ साल भारत की टक्कर यूएई से होगी। इससे पहले दोनों 2011 में फीफा विश्व कप क्वालिफायर में भिड़े थे। इन दो मुकाबलों में से एक ड्रॉ रहा था एक में भारत को हार मिली थी।
भारतीय कोच स्टीफन कोंस्टेनटाइन ने कहा, 'हमारी टीम काफी युवा है और इस कारण वह काफी रोमांचित है। मेजबान टीम के साथ होने वाला मैच काफी अलग होगा क्योंकि वह काफी मजबूत है। मेरे खिलाड़ियों के लिए यूएई उनकी राह में खड़ी सिर्फ दूसरी टीम है।'
यूएई के कोच जाचेरोनी ने कहा, 'हमारे खिलाड़ी पहले मैच में अपनी संघर्षशक्ति नहीं दिखा सके थे। हम भारत के खिलाफ यह गलती नहीं करेंगे। हम बदली हुई मानसिकता के साथ मैदान पर उतरेंगे।'