फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Spirituality ›   Religion ›   Our elders entrusted with lake we are handing over to our generation a samadhi

'पुरखों ने हमें सरोवर सौंपा था, हम तुम्हारी पीढ़ी को समाधि सौंप रहे हैं'

Sat, 26 May 2018 09:22 AM IST
डॉ. विवेक चौरसिया
डॉ. विवेक चौरसिया Updated Sat, 26 May 2018 09:22 AM IST
विज्ञापन
Our elders entrusted with lake we are handing over to our generation a samadhi
water
पुरखों ने हमें सरोवर सौंपा था, हम तुम्हारी पीढ़ी को समाधि सौंप रहे हैं। कभी मन करे तो यहां आकर एक फूल फेंक जाना। यह ताल-महल है, कभी इसमें जल का राजा रहता था!
विज्ञापन


पुरखों से सुना है कि रुद्रसागर में कभी जल रहता था। ताल एक महल था और जल उसका राजा होता था। लहरें उस राजा की रानियां थीं। जल-जीव, नौकर-चाकर, पेड़-पहरेदार और पंछी चारण-भाट! जल राजा महाकाल का भक्त था। महाकाल का भक्त होने से दान में दाताओं का दाता और अपेक्षा के नाम पर आशुतोष। महाकाल की तरह ही प्रजापालक था और अच्छे गृहस्थ की भांति कर्तव्य परायण। वह संतों-सा निःस्वार्थ, निःस्पृह और निर्मल था तो देवताओं-सा दिव्य!
विज्ञापन

 

उसके विस्तृत राजप्रासाद में सदा सबका स्वागत था। घर मंगल कामनाओं से इतना मालामाल था कि खुशियों के नित नए कमल मुस्काते थे। जमाने भले करवटें बदलते रहे, पर जल-जहांपनाह का जलवा कायम रहा। पीढ़ियां गवाह हैं। पूछ लीजिए, आज भी पचास प्रमाण बता दंेगी। जब तपस्वी गृहणियां पर्वों पर पकवान बनाने के लिए रुद्रसरोवर से घड़े भरकर ले आती थीं! अस्सी के सिंहस्थ से पहले तक सागर का साम्राज्य आबाद था और जल जिंदाबाद के जयकारों से तीर्थ गूंजता रहता था।

पहली बार तब जल को देस बेगाना लगा जब साल अस्सी के सिंहस्थ की कवायद में सरकारी अमला मानो कुर्की के इरादे से पहुंचा। समय ही नहीं, लोग भी बदल गए थे। वे जल के रक्षक नहीं, उसकी जमीन के भक्षक थे। वे पुराणों की जगह फाइलें लिए आए थे। बीच सागर में नाला खींच गए। वह सागर में जल-राज के पतन की पहली पापपूर्ण पहल थी। उस रात राजा इतना रोया कि घर आंसुओं से भर गया। उपहास और उपेक्षा ने उसमें ऐसी उदासी भरी कि सबका भर्ता भर्तृहरि बन निकल पड़ा।

रुद्रसरोवर का जल जोगी हो गया! बरसों बाद तक उसके आंसुओं की नमी से टूटे घरौंदे के कीचड़ में यादों के कमल खिलते रहे। अपने बालपन की अच्छे से याद है, जब भारती भवन से भुजंगासन में झुकी सड़क से उतरते हुए बड़े गणपति तक आते ही माता-पिता मुझे किनारे से बीच में ले लेते थे कि कहीं गिर न जाऊंं! हरसिद्धि की राह में ठिठकते और मुझे कहते, 'देख! कमल का फूल।'

मेरे पिता ने उसमें जलज देखे थे, मेरे नसीब में पंकज आए। जैसे-जैसे मैं बढ़ता गया, सरोवर में जल के आंसू भी सूखते गए। जल को जलाकर जमीन जीतने वालों ने मेरी आंखों के सामने कीचड़ को पाटकर किनारों की बंदरबाट कर ली। मैं देखता रह गया! कुछ न कर सका। सर्व साधारण सागर को बाहुबलियों की भुजाओं में समाते बेबस ताकते रहे!
विज्ञापन

बरसात में जब कभी जोगी-जल चातुर्मास के लिए तीर्थ आया और उसने अपने पुराने घर की ड्योढ़ी पर दीप धरे, तो सहज ही रह-रहकर रुद्रसागर रोशन होता रहा। जल ज्योति से जगमग! लेकिन पिशाचों का पेट अभी भरा न था। कभी संरक्षण करने के नाम पर तो कभी सौंदर्यीकरण के बहाने हर बार सिंहस्थ में वे आते रहे। 

अब विकास के नाम पर सरकारी शिलालेख और कब्जाधारियों के मालिकाना हक की तख्तियां ही बची हैं। पुरखों ने हमें सरोवर सौंपा था, हम तुम्हारी पीढ़ी को समाधि सौंप रहे हैं। कभी मन करे तो यहां आकर एक फूल फेंक जाना। यह ताल-महल है, कभी इसमें जल का राजा रहता था!
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें आस्था समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। आस्था जगत की अन्य खबरें जैसे पॉज़िटिव लाइफ़ फैक्ट्स,स्वास्थ्य संबंधी सभी धर्म और त्योहार आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed