10 किलो चांदी की परत से चमकेंगी ज्वालामुखी मंदिर की दीवारें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शक्तिपीठ ज्वालामुखी मंदिर के गर्भ गृह को और दर्शनीय बनाया जाएगा। इसके लिए अहमदाबाद के एक व्यापारी श्रद्धालु मनोहर अग्रवाल ने अपनी कुलदेवी मां ज्वालाजी को 10 किलो चांदी भेंट की है। इस चांदी से मंदिर के मुख्य द्वार, निकासी द्वार और वीआईपी द्वार की दीवारों पर फ्रेम बनाकर चांदी की परत चढ़ाई जा रही है।
इस काम में लगे कारीगरों को डेढ़ लाख रुपये अग्रवाल परिवार की ओर से ही दिए जाएंगे। 10 किलो चांदी की कीमत चार लाख रुपये बताई जा रही है। इसके साथ ही मुख्य ज्योति के सोने के आले के साथ चांदी का दानपात्र भी लगाया जा रहा है। जिस पर अहमदाबाद के कारीगर नक्काशी कर रहे हैं।
दानपात्र के लिए पहले सागवान की लकड़ी का फ्रेम बनाया गया, उसके बाद उस पर चांदी की परत लगाकर उसके अंदर पीतल का दानपात्र फिट किया जा रहा है। पुजारी परीक्षित शर्मा ने बताया कि अग्रवाल परिवार ने कुल देवी को यह भेंट समर्पित की है। श्रद्धालु मनोहर अग्रवाल ने बताया कि उनके परिवार और रिश्तेदारों ने सहयोग कर इस कार्य को पूर्ण करने में मदद की है।
इससे पहले मंदिर ट्रस्ट की बैठक में यह प्रस्ताव रखा गया था, फिर प्रशासन की अनुमति के बाद यह चांदी की परत चढ़ाने का काम शुरू हुआ है। मंदिर अधिकारी जगदीश शर्मा का कहना है कि मुख्य द्वारों और मुख्य दानपात्र पर फ्रेम बनाकर चांदी की परत चढ़ाने का काम किया जा रहा है।